Feedback
मिडिल ईस्ट में मचे घमासान का असर अब कश्मीर की गलियों और जम्मू के बाजारों में भी दिखने लगा है. पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही भारी भीड़ और सोशल मीडिया पर फैल रही किल्लत की खबरों को देखते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने साफ लफ्जों में जनता से अपील की है कि घबराने की कोई बात नहीं है, राज्य में तेल और राशन का पूरा स्टॉक मौजूद है. उमर ने दो-टूक कहा कि अगर लोग इसी तरह पेट्रोल पंपों के बाहर कैंप लगाकर खड़े रहे और भीड़ कम नहीं हुई, तो वे अगले कुछ दिनों के लिए पंपों को पूरी तरह बंद करने का सख्त फैसला ले सकते हैं.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए उमर अब्दुल्ला थोड़े परेशान भी दिखे. उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार भरोसा दे रही है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) की कोई कमी नहीं है, फिर भी लोग अफवाहों के चक्कर में आकर जरूरत से ज्यादा सामान खरीद रहे हैं. अब्दुल्ला ने बड़े ही अच्छे ढंग से समझाया कि ये भीड़ ही असली समस्या खड़ी कर रही है. उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा, ‘बड़ी अजीब बात है कि जब सरकार कुछ कहती है तो कोई नहीं सुनता, लेकिन लोग सोशल मीडिया की अफवाहों पर तुरंत यकीन कर लेते हैं.’
कल प्रधानमंत्री के साथ बड़ी बैठक
उमर अब्दुल्ला ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक्शन में हैं. शुक्रवार शाम 6:30 बजे पीएम मोदी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक ऑनलाइन मीटिंग करने वाले हैं. उन्होंने कहा, ‘इस मीटिंग में ईरान और उसके आसपास के हालात पर चर्चा होगी. हम ये सुनिश्चित करेंगे कि अगर पश्चिम एशिया में जंग लंबी खिंचती है, तो भी हमारे पास जरूरी सामानों की सप्लाई न रुके.’ सरकार ने पहले ही स्थिति का रिव्यू कर लिया है और फिलहाल किसी भी तरह की राशनिंग या पाबंदी की जरूरत नहीं है.
सिर्फ घरेलू सप्लाई ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर भी उमर ने अपनी राय रखी. जब उनसे पाकिस्तान द्वारा ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बिचौलिया बनने की कोशिशों पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही सधा हुआ जवाब दिया. उमर ने कहा कि अगर पाकिस्तान इस युद्ध को रुकवाने में कोई भूमिका निभाता है, तो किसी को भी इस पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए. अगर उनके बातचीत करने से जंग रुकती है और क्षेत्र में शांति आती है, तो यह पूरी दुनिया के हित में है. फिलहाल, उनका पूरा ध्यान इस बात पर है कि जम्मू-कश्मीर की जनता को अफवाहों से बचाकर जरूरी सुविधाएं मिलती रहें.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू