अलीगढ़ जनपद के थाना अतरौली क्षेत्र के ग्राम खानपुर से रविवार, 22 मार्च 2026 को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, पारिवारिक विवाद में एक युवक ने अपनी चचेरी बहन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जान से मारने की कोशिश की. इस घटना में 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. युवती की हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में ले लिया है.
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला अलीगढ़ के गांव खानपुर से सामने आया है. पीड़ित पक्ष के मुखिया जयवीर सिंह ने बताया कि शनिवार की शाम उनके अपने भतीजे नीरू के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हल्की झड़प भी हुई. हालांकि, गांव के लोगों ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था. हालांकि, रविवार सुबह एक बार फिर विवाद ने उग्र रूप ले लिया.
बताया जा रहा है कि जयवीर सिंह सुबह अपने घर से डेरी दूध देने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में भतीजे नीरू से पुरानी रंजिश को लेकर फिर से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. इसी दौरान जयवीर सिंह की 18 वर्षीय बेटी रश्मि, जो सुबह घर में पूजा-पाठ करने के बाद गांव की पथवारी पर जा रही थी, वहां पहुंच गई.
आरोप है कि इसी बीच गुस्से में आकर आरोपी नीरू ने युवती को निशाना बनाते हुए उस पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया और आग लगा दी. अचानक हुए इस हमले से युवती आग की लपटों में घिर गई और बुरी तरह झुलस गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन और ग्रामीण तुरंत युवती को बचाने के लिए दौड़े और किसी तरह आग बुझाई. इसके बाद गंभीर हालत में उसे तत्काल अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है.
चिकित्सकों के अनुसार, युवती को गंभीर बर्न इंजरी आई है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया. क्षेत्राधिकारी अतरौली राजीव द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
क्षेत्राधिकारी राजीव द्विवेदी ने बताया कि थाना अतरौली क्षेत्र के ग्राम खानपुर से एक युवती को आग लगाने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो भाइयों के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते एक भाई के बेटे ने अपनी चचेरी बहन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं. उन्होंने बताया कि घायल युवती को तुरंत अस्पताल भेजा गया है और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने कहा कि गांव में स्थिति पूरी तरह शांत है और पुलिस की निगरानी लगातार बनी हुई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो.
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.