भास्कर न्यूज | डुमरांव
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव स्थित बैंक ऑफ इंडिया की सेवा शाखा में गुरुवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही आसपास के लोगों में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस की सक्रियता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना के सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान गांव के हरेंद्र और उपेंद्र मोहतो ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीणों के सहयोग से आग को फैलने से रोक लिया गया।
हालांकि, आग पर नियंत्रण पाने तक बैंक के कई कम्प्यूटर, एसी, फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो चुके थे। राहत की बात यह रही कि बैंक में रखी नकदी पूरी तरह सुरक्षित है। शाखा प्रबंधक तरुण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि प्रिंटर के आसपास शॉर्ट सर्किट हुआ होगा, जिससे आग भड़की।
बैंकों में नकदी और दस्तावेज की सुरक्षा हेतु स्ट्रॉन्ग रूम, डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी निगरानी, फायर अलार्म और मानक विद्युत वायरिंग अनिवार्य है। सुरक्षा गार्ड, नियमित ऑडिट और अग्निशमन व्यवस्था जरूरी होती है। इन मानकों की निगरानी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाती है।
शाखा प्रबंधक ने यह भी बताया कि महज एक सप्ताह पूर्व ही बैंक की सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट किया गया था। फायर सेफ्टी, बिजली वायरिंग समेत अन्य मानकों की जांच सुरक्षा अधिकारी द्वारा की गई थी। बुधवार को पूरे दिन बैंक में जेनरेटर के सहारे कार्य हुआ था, जिससे विद्युत प्रणाली पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है। इस आगजनी में बैंक के सीसीटीवी कैमरों का वायर भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके कारण कैमरे फिलहाल बंद हैं। इससे घटना के सटीक कारणों की तकनीकी जांच में भी बाधा आ सकती है। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि बैंक परिसर की सुरक्षा के लिए चौकीदार तैनात है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.