आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: आज जुलाई महीने की शुरुआत के साथ दिल्ली समेत पूरे देश में कई तरह के नियमों में बदलाव किया गया है। रेल किराए में बढ़ोतरी से लेकर एलपीजी की कीमतों में बदलाव तक सीधे आम आदमी की जेब पर असर डालने वाले हैं। वहीं वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के आदेश के अनुरूप एक जुलाई यानी आज से पूरी दिल्ली के पेट्रोल पंप अब परिचालन मियाद पूरी कर चुके (ईओएल) वाहनों को ईंधन नहीं देंगे। इस नियम को सख्ती से लागू करने के लिए परिवहन विभाग ने दिल्ली पुलिस और यातायात कर्मियों के साथ मिलकर विस्तृत रणनीति बनाई है।
Weather Forecast News LIVE
इसके अलावा आज से वोटर वेरिफिकेशन प्रोसेस को लेकर पश्चिम बंगाल में टीएमसी का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मुलाकात करने वाला है। इसके अलावा आज ही गुजरात की वसावदर सीट से विधानसभा उपचुनाव जीते गोपाल इटालिया सेआम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल मुलाकात करने वाले हैं।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: देश-विदेश की अन्य सभी जरूरी खबरों के अपडेट्स के लिए जुड़े रहें जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…
भुवनेश्वर नगर निगम (BMC) के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू पर हमले पर भुवनेश्वर से भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा कि भुवनेश्वर नगर निगम में जो घटना हुई है, वह निंदनीय है। पुलिस कार्रवाई कर रही है। मैं अनुरोध करती हूं कि सीएम और पुलिस ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें, ताकि इस तरह के अपराधों की पुनरावृत्ति न हो। मुझे बताया गया है कि वे बीजेपी पार्टी के कार्यकर्ता हैं,और मैं उनमें से कुछ को जानती भी हूं। BJP की विचारधारा और उसकी नीतियां हमें ऐसा काम करना नहीं सिखाती हैं। जो लोग BJP की विचारधारा और नीतियों से प्यार करते हैं, वे कभी ऐसा काम नहीं करेंगे। वे BJP के सदस्य नहीं हो सकते। मैं इस कृत्य की निंदा करती हूं। मुझे लगता है कि कानून अपना काम करेगा।
आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि मुझे बस एक ही आपत्ति है। केंद्र सरकार के अधिकारी राज्यों को पत्र लिखकर कह रहे हैं कि वे पूरे एक साल तक आपातकाल के खिलाफ कार्यक्रम आयोजित करें। ऐसा कभी नहीं हुआ कि केंद्र सरकार ने अपने राजनीतिक एजेंडे को सरकार का एजेंडा बना लिया हो। ऐसा नहीं होना चाहिए।
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सिगाची इंडस्ट्रीज के दवा उत्पादन संयंत्र में हुए धमाके में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब तक 37 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में 35 अन्य लोग घायल हैं और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर संयुक्त राज्य अमेरिका के दौरे पर हैं और वह राजधानी वाशिंगटन डीसी पहुंच गए हैं। विदेश मंत्री क्वाड समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए तीन दिन की अमेरिका यात्रा पर हैं।