Israel vs Iran War Live: इजरायल और अमेरिका द्वारा तेहरान में किए हमले के बाद ईरान ने पलटवार किया है। ईरान की ओर से लेबनान से हिजबुल्लाह और यमन के हूती विद्रोहियों ने भी मिसाइलें दागनी शुरू कर दी है।
हमले में मारे गए ईरान के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ और डिफेंस मिनिस्टर (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इजरायल और अमेरिका द्वारा शनिवार को ईरान पर किए हमले के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है। जवाबी कार्रवाई के दौरान ईरान ने इजरायल, सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, कुबैत समेत कई देशों पर मिसाइलें दाग दी। जिसके चलते तनाव और अधिक बढ़ गया है।
बढ़ते तनाव के बीच ईरान की सरकारी मीडिया ने सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह खामनेई की मौत की पुष्टि कर दी है। इसके साथ ही ईरान में 40 दिन के शोक की घोषणा कर दी है। खामनेई की मौत के तुरंत बाद ईरान ने 14 अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल ड्रोन से हमला किया है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव से जुड़ी हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए हमारे लाइव ब्लॉक के साथ….
ईरान का कहना है कि इराक और खाड़ी में अमेरिकी बेस को उसने निशाना बनाया है। वहीं, ईरान में लोगों ने खामेनेई की हत्या का बदला लेने की मांग की है।
केरल में मिडिल ईस्ट से जाने वाली 26 फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं। त्रिवेंद्रम इंटरनेशनल एयरपोर्ट खाली पड़ा हुआ है।
अमेरिका और इजरायल की ईरान पर एयरस्ट्राइक में ईरान के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ और डिफेंस मिनिस्टर की मौत हो गई है। इसके अलावा तेहरान में धमाकों की आवाज सुनी गई।
ईरान इंटरनेशनल मीडिया ने IRCG के हवाले से बताया कि ईरान ने US मिलिट्री बेस और इजराइली ठिकानों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। जिसके बाद ट्रंप ने ईरान को फिर चेतावनी देते हुए कहा कि ‘आपने हमारी रेड लाइन पार कर ली है’।
ईरान द्वारा अमेरिका को दी गई धमकी के बाद ट्रंप ने का, “ईरान ने अभी कहा है कि वे आज बहुत ज़ोरदार हमला करेंगे, इतना जोरदार जितना उन्होंने पहले कभी नहीं किया। लेकिन, बेहतर होगा कि वे ऐसा न करें, क्योंकि अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम उन पर ऐसी चोट करेंगे, जो पहले कभी नहीं देखा गया। “
ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत का बदला लेने की कसम खाई है। खामेनेई की मौत के कुछ घंटों बाद ही ईरान ने इजरायल और मध्य पूर्व में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला शुरू कर दिया है। साथ ही ईरान ने कहा कि अमेरिका के सरेंडर करने तक अब लड़ाई जारी रहेगी।
ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनई की मौत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है। ट्रंप ने कहा कि अब ईरान के साथ बातचीत आसान हो जाएगी।
खामेनेई की मौत के बाद, ईरान ने US और इजराइल के खिलाफ ‘सबसे भयानक हमले’ की कसम खा ली है।
ईरान के पैरामिलिट्री रिवोल्यूशनरी गार्ड ने सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद रविवार को अपने अब तक के सबसे जबरदस्त हमले शुरू करने की धमकी दी है। ईरानी सेना ने कहा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की सेना के इतिहास का सबसे जबरदस्त हमला कुछ ही देर में शुरू होगा, जिसमें (इजराइल) और अमेरिकी आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।”
संयुक्त राष्ट्र (UN) में अमेरिका ने बड़ा दावा किया है। अमेरिकी एम्बेसडर माइक वाल्ट्ज ने कहा है कहा कि ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की सीधे और प्रॉक्सी के जरिए हत्या करने की कोशिश की और खुद को पीड़ित बताते हुए अपने कामों को छिपाने की कोशिश की।
खामनेई की मौत के बाद UNSC में US ने का दावा किया है कि ईरान ने ट्रंप को मारने की कोशिश की।
ईरान के सर्वोच्च लीडर खामनेई की मौत के बाद ईरान ने अमेरिका को बड़ी चेतवानी दी है। ईरान ने कहा कि अमेरिका के सरेंडर करने तक लड़ाई जारी रहेगी।
ईरान के सरकारी मीडिया ने पुष्टि की है कि एक भीषण हवाई हमले में रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के प्रमुख की मौत हो गई है।
ईरान ने अपने नए कमांडर-इन-चीफ की घोषणा कर दी है। ईरान के कमांडर-इन-चीफ की कमान ब्रिगेडियर जनरल अहमद वाहिदी ने संभाली है।
चीन के दूत फू कोंग ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की इमरजेंसी बैठक में कहा कि अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर हमलों से उनका देश गहरी चिंता में है। चीन के दूत फू कोंग ने नागरिकों की मौत की रिपोर्टों पर चिंता जाहिर की है। फू कोंग ने कहा, “सशस्त्र संघर्ष में नागरिकों की सुरक्षा के लिए हमेशा सीमा रेखा का उल्लंघन नहीं होना चाहिए और अंधाधुंध बल का प्रयोग अस्वीकार्य है।”
ईरानी सरकारी मीडिया ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई की अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों में मौत हो गई है। इस घटना के बाद ईरान सरकार ने देश में 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक और सात दिनों के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।
अमेरिका-इजरायल के हमलों में मारे गए खामेनेई के बेटी-दामाद
ईरान के सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, खामेनेई के परिवार के सदस्य हमलों में मारे गए। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, अयातुल्ला अली खामेनेई की बेटी, दामाद और पोते की अमेरिका-इजरायल के हमलों में मौत हो गई। वहीं, खामेनेई की मौत की तेहरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अंतर्राष्ट्रीय यातायात के लिहाज से दुनिया के सबसे व्यस्त दुबई हवाई अड्डे को शनिवार को ईरानी मिसाइल हमलों की लहरों के बाद एक “घटना” में नुकसान पहुंचा और चार कर्मचारी घायल हो गए।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कुछ देर पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपातकालीन बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वे इजरायली मीडिया की उन खबरों की पुष्टि करने की स्थिति में नहीं हैं जिनमें ईरान के सर्वोच्च नेता की हत्या का जिक्र है। गुटेरेस ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात का गहरा अफसोस है कि ईरान के मुद्दे पर कूटनीति का अवसर गंवा दिया गया।
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि ट्रंप ने सऊदी अरब, कतर, UAE के नेताओं और नाटो सेक्रेटरी जनरल मार्क रूट से बात की है।
ईरान के लड़कियों के प्राथमिक विद्यालय पर इजरायली हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 108 हो गई है। मिजान समाचार एजेंसी ने मीनाब अभियोजक कार्यालय के हवाले से बताया है कि ईरान के मीनाब स्थित शजारेह तैय्येबेह लड़कियों के प्राथमिक विद्यालय में मरने वालों की संख्या बढ़कर 108 हो गई है।
अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान के कुछ घंटों बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला की मौत हो गई है।
दो दिन में ईरान संघर्ष को खत्म कर सकता हूं ट्रंप
ट्रंप ने मार-ए-लागो से एक्सियोस को बताया कि ईरान संघर्ष को वह दो दिन में खत्म कर सकते हैं या लंबा खींच सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि परमाणु कार्यक्रम जारी रखने पर ईरान को भारी कीमत चुकानी होगी। जिनेवा वार्ता विफल होने पर ट्रंप ने कहा कि ईरानी समझौता नहीं करना चाहते।
पहले ही खाली करा लिया गया था बुर्ज खलीफा
ईरान की जवाबी कार्रवाई को ध्यान में रखते हुए पहले ही दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा को खाली करा लिया गया था। UAE के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अबू धाबी के एक रिहायशी इलाके में मिसाइल का मलबा गिरने से एशियाई नागरिक की मौत हो गई।
दुबई के आइलैंड पाम जुमेराह इलाके में धमाका सुनाई दिया है। दुबई मीडिया ऑफिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि 4 लोग घायल हुए हैं और आग पर काबू पा लिया गया है। इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को तुरंत तैनात किया गया।
इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हमले के पलटवार के तौर पर ईरान ने खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी बेसों को निशाना बनाया है। स्थिति यहां तक पहुंच कि एक खतरनाक शाहेद ड्रोन दुबई के बीचों-बीच गिरा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बुर्ज खलीफा के पास धमाका हुआ और फिर धुआं उठता देखा गया।
भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने के लिए कहा
भारतीय विदेश मंत्रालय ने ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों पर गहरी चिंता जताई है। एक ऑफिशियल बयान में भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने तनाव को और बढ़ने से रोकने और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
MEA ने इस बात पर जोर दिया कि तनाव कम करने और अंदरूनी मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत और डिप्लोमेसी को आगे बढ़ाया जाना चाहिए, साथ ही यह भी कहा कि सभी देशों की सॉवरेनिटी और टेरिटोरियल इंटीग्रिटी का सम्मान किया जाना चाहिए।
ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद मिडिल ईस्ट में भारी तनाव है। इस दौरान मिडिल ईस्ट में रहने वाले करीब 80 लाख भारतीय प्रभावित होंगे।
क्या खामेनेई जिंदा हैं?
समाचार एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्री ने NBC न्यूज को बताया कि ‘जहां तक मुझे पता है, देश के सुप्रीम लीडर और प्रेसिडेंट जिंदा हैं।
ईरान के रक्षा मंत्री की मौत का दावा
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने तीन सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरान के रक्षा मंत्री, गार्ड्स कमांडर इजरायली हमलों में मारे गए। इजरायल के मिलिट्री ऑपरेशन से जुड़े दो सूत्रों और एक क्षेत्रीय सूत्र ने बताया कि माना जा रहा है कि ईरान के रक्षा मंत्री आमिर नसीरजादेह और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कमांडर मोहम्मद पाकपूर इजरायली हमलों में मारे गए हैं।
दुबई एयरपोर्ट पर भारी भीड़ जमा
मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव के बीच दुबई एयरपोर्ट ने सभी उड़ानें रोक दी हैं, जिससे हजारों यात्री फंस गए हैं। एयरपोर्ट पर भारी भीड़ जमा हो गई है।
ईरान में 24 की मौत
ईरान के एक गवर्नर ने कहा कि दक्षिणी ईरान के मिनाब में एक स्कूल पर इजरायली हमले में कम से कम 24 लोग मारे गए हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट और सरकारी मीडिया के मुताबिक, लड़कियों के प्राइमरी स्कूल में मरने वालों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है।
ईरान का जवाबी हमला
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि उसने ईरानी मिसाइलों से इजरायली और US बेस पर हमला किया है, और उसका जवाबी ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक उसका दुश्मन पूरी तरह से हार नहीं जाता। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने कहा कि इस इलाके में सभी US बेस, रिसोर्स और इंटरेस्ट को सही टारगेट माना जाता है।
कतर एयरवेज ने रोकी अपनी फ्लाइट्स
कतर एयरवेज की फ्लाइट्स कुछ समय के लिए रोक दी गई हैं, क्योंकि कतर का एयरस्पेस बंद है। कतर एयरवेज ग्रुप ने कन्फर्म किया है कि कतर का एयरस्पेस बंद होने की वजह से दोहा आने-जाने वाली उसकी फ्लाइट्स कुछ समय के लिए रोक दी गई हैं।
एयरलाइन प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए सरकारी स्टेकहोल्डर्स और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है और एयरस्पेस के फिर से खुलने पर ऑपरेशन फिर से शुरू कर देगी। जब नॉर्मल ऑपरेशन फिर से शुरू होंगे, तो हमें अपने फ्लाइट शेड्यूल में देरी होने की उम्मीद है।
UAE ने एयरस्पेस किया बंद
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी (GCAA) ने UAE के एयरस्पेस को कुछ समय के लिए बंद करने का एलान किया है। यह एक खास एहतियाती कदम है, जिसका मकसद तेजी से बदल रहे इलाके के सुरक्षा हालात के बीच फ्लाइट्स और एयरक्रू की सुरक्षा पक्की करना और UAE के इलाके की सुरक्षा करना है।
ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने X पर एक पोस्ट में कहा, “घर के अंदर सुरक्षित जगह पर रहें, सभी तरह की यात्रा से बचें और लोकल अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।”
अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमले के बाद इजरायली अधिकारी ने कहा कि हमने अपने हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन को निशाना बनाया, लेकिन हमलों के नतीजे साफ नहीं हैं।
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी में ईरान से दागी गई कई मिसाइल के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। अबू धाबी में हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
एअर इंडिया से एक्स पोस्ट में कहा कि मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में उत्पन्न हो रही स्थिति को देखते हुए, एअर इंडिया ने मीडिल ईस्ट जाने वाली सभी उड़ानों को निलंबित कर दिया है। एअर इडिंया ने एक्स पर लिखा, ‘मध्य पूर्व के सभी गंतव्यों के लिए सभी उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं, हम अपने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं>
US और इजराइल के ईरान पर हमले के बाद ग्लोबल एयरलाइंस ने शनिवार को मिडिल ईस्ट में फ्लाइट्स रोक दीं। ईरान ने मिसाइलों की बौछार से जवाबी कार्रवाई की।
ईरान ने मिडिल ईस्ट के कई देशों पर हमला किया है। ईरान ने अबू धाबी, UAE, मनामा, बहरीन, कुवैत, कतर, जॉर्डन पर हमला किया है। बहरीन का कहना है कि US नेवी के 5वें फ्लीट के हेडक्वार्टर को निशाना बनाया गया।
हशीद प्रवक्ता ने रॉयटर्स को बताया कि बगदाद के दक्षिण में इराकी हशीद शाबी PMF हेडक्वार्टर पर हवाई हमलों में एक की मौत हो गई है, जबिक तीन लोग घायल हैं।
ईरान ने अपने ऊपर हुए हमलों का पलटवार करते हुए कतर, बहरीन और कुवैत जैसे देशों पर हमला किया है। ईरान इन देशों में हमले कर अमेरिका के बेस को निशाना बना रहा है।
अल जजीरा के मुताबिक, ईरानी राजधानी तेहरान पर इजरायल-अमेरिका ने जिन जगहों को टारगेट किया, उसमें- इंटेलिजेंस मिनिस्ट्री, डिफेंस मिनिस्ट्री, ईरान का एटॉमिक एनर्जी ऑर्गनाइजेशन और परचिन मिलिट्री कॉम्प्लेक्स शामिल हैं।
इजरायल-अमेरिका द्वारा किए गए तेहरान पर हमले के बाद ईरान ने भी जंग का ऐलान कर दिया है। ईरानी पार्लियामेंट के नेशनल सिक्योरिटी कमीशन के हेड इब्राहिम अजीजी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘हमने आपको (इजरायल और अमेरिका) चेतावनी दी थी लेकिन आपने उसे नहीं माना। अब आप एक ऐसे रास्ते पर चल पड़े हैं, जिसका अंत अब आपके कंट्रोल में नहीं है।’