Feedback
ओडिशा सरकार ने भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने पर राज्य प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी को निलंबित कर दिया है. आधिकारिक बयान के अनुसार संबंधित अधिकारी तहसीलदार के पद पर तैनात थे. यह कार्रवाई जिला कलेक्टर द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर की गई है.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक सरकार की ओर से कहा गया है कि शुरुआती जांच में गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबन करने का आदेश जारी कर दिया है. राजस्व-आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने साफ कहा कि विभाग में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा, ‘भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.’
सरकार ने दी अधिकारियो को चेतावनी
मंत्री के बयान को राज्य सरकार के सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है. पिछले सप्ताह विभाग का प्रभार संभालने के बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को पत्र लिखकर चेताया था कि भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी.
उन्होंने अपने पत्र में दो टूक कहा था कि विभाग ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कदम उठाए जाएंगे. सरकार की इस ताजा कार्रवाई को उसी चेतावनी का हिस्सा माना जा रहा है. फिलहाल निलंबित अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू