खजुराहो में 31 दिसंबर की रात संस्कृति, उत्सव और सुरक्षा का अनूठा संगम देखने को मिला। आदिवर्त संग्रहालय के स्थापना दिवस के अवसर पर रामलीला मंचन का आयोजन किया गया, जबकि दूसरी ओर नए साल का जश्न भी मनाया गया।
आदिवर्त संग्रहालय में आयोजित रामलीला मंचन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आकर्षित किया। मंच पर लंका चढ़ाई से लेकर श्रीराम राज्याभिषेक तक के प्रसंगों का बेहतरीन प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए खजुराहो निवासी और युवा बड़ी संख्या में पहुंचे।
इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में बुंदेलखंड की लोकसंस्कृति की झलक भी देखने को मिली। पद्मश्री स्वर्गीय रामसहाय पांडेय के पुत्र संतोष पांडेय ने राई नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि मालवा जनपद से आए कलाकारों ने मटकी नृत्य पेश कर दर्शकों का मन मोह लिया।
डीजे की धुनों पर थिरक कर सैलानियों ने किया नए साल का स्वागत
देश-विदेश से आए सैलानियों ने डीजे की धुनों पर थिरकते हुए नए साल का स्वागत किया। होटलों और रिसॉर्ट्स में थीम बेस्ड पार्टियों का आयोजन किया गया, जहां कपल्स और युवाओं ने खूब आनंद लिया।
इस दौरान, छतरपुर पुलिस नव वर्ष के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट रही। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने स्वयं पर्यटन स्थल खजुराहो में नव वर्ष 2026 की ड्यूटी और सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया।
उन्होंने होटलों, कार्यक्रम स्थलों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही पेट्रोलिंग वाहनों, चीता मोबाइल और निर्भया मोबाइल की गतिविधियों की भी जांच की।
ड्रोन-सीसीटीवी से निगरानी, विजिबल पेट्रोलिंग और शराब जांच के निर्देश
एसपी जैन ने अधिकारियों को ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से प्रभावी निगरानी रखने, पुलिस कर्मियों को विजिबल पेट्रोलिंग करने और ब्रेथ एनालाइजर से नियमित रूप से अल्कोहल जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने तेज आवाज में डीजे, आतिशबाजी और अवैध गतिविधियों पर भी सख्त नियंत्रण रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले, एसडीओपी खजुराहो मनमोहन सिंह बघेल और थाना प्रभारी प्रशांत सेन सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.