Top News Today: भारत सरकार ने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचकर शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। दूसरी ओर, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने बड़ा ऐलान किया है। IRGC ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य अब केवल संयुक्त राज्य अमेरिका, इजरायल, यूरोप और उनके पश्चिमी सहयोगियों के जहाजों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। ईरान ने चेतावनी दी है कि ऐसे किसी भी जहाज पर हमला किया जा सकता है जो इस जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश करेगा। पढ़ें आज की बड़ी खबरें…
भारत सरकार ने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार को नई दिल्ली में ईरानी दूतावास पहुंचकर शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना जताई। उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे, जिसमें सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। पढ़ें पूरी खबर…
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ी घोषणा की है। ईरान ने स्पष्ट किया है कि यह महत्वपूर्ण जलमार्ग अब संयुक्त राज्य अमेरिका, इजरायल, यूरोप और उनके पश्चिमी सहयोगियों के जहाजों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यह ऐलान गुरुवार को ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के जरिए किया गया। आईआरजीसी ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका, इजरायल, यूरोप या उनके समर्थक देशों का कोई भी जहाज इस जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश करता है, तो उस पर हमला किया जाएगा और जहाज को नष्ट कर दिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर…
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों ने वैश्विक स्तर पर हलचल मचा दी है, वहीं भारत की घरेलू राजनीति में भी यह मुद्दा गरमाया हुआ है। हिंद महासागर में ईरानी युद्धपोत आईआरआईएस डेना को अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा डुबोए जाने की घटना पर भारत सरकार की चुप्पी को लेकर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हिंद महासागर में हुई इस गंभीर घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की खामोशी साफ दर्शाती है कि देश के रणनीतिक और राष्ट्रीय हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। खरगे ने इसे न केवल भारत के राष्ट्रीय सिद्धांतों का अपमान बताया, बल्कि उस स्वतंत्र विदेश नीति का भी अपमान करार दिया, जिसे विभिन्न सरकारों ने कड़ी मेहनत से विकसित किया है। पढ़ें पूरी खबर…
भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने गुरुवार को थिम्पू में भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से मुलाकात की। इस दौरान सीजेआई ने भूटान में न्यायिक प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण और विकास के लिए तकनीकी सहायता तथा सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान का विस्तृत समर्थन देने की पेशकश की। सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि प्रधान न्यायाधीश ने भूटान की न्याय व्यवस्था को डिजिटल बनाने और मजबूत करने में व्यापक सहयोग का आश्वासन दिया। पढ़ें पूरी खबर…
ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही जंग तेज होती जा रही है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि रूस अब खुलकर ईरान का साथ नहीं दे रहा है। जेलेंस्की ने तंज कसते हुए कहा कि रूस खुद ही बुरी तरह उलझा और कमजोर हो चुका है, तो वह दोस्त ईरान की मदद कैसे करेगा? उन्होंने दावा किया कि यूक्रेन के साथ चार साल से चल रहे युद्ध में रूसी सेना न केवल थक चुकी है, बल्कि हताश भी है। इसलिए रूस चाहकर भी ईरान को कोई ठोस सहायता नहीं दे पा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play