छोटे बेटे पर सवार था खून, कुल्हाड़ी से मां-बाप, बहन-दादी की हत्या; भाई को किया मरणासन्न – Hindustan Hindi News

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में संपत्ति के लालच और आपसी रंजिश ने एक हंसते-खेलते परिवार को बर्बाद कर दिया। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर रूदल (मजरे रामनगर) गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही जड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी। महज चंद बीघे जमीन और पैसों के विवाद में आरोपी ने अपने माता-पिता, बहन और दादी को मौत के घाट उतार दिया। इस खूनी खेल में बड़ा भाई भी गंभीर रूप से घायल है, जबकि घर का 10 साल का बच्चा छिपकर इस मंजर को देखता रहा और उसकी जान बच गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी निरंकार वर्मा (40) का अपने बड़े भाई गुरुदेव (43) और पिता बदलू राम (60) से लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद की जड़ 15 साल पहले बेची गई 12 बिस्वा जमीन थी। पिता ने उस जमीन को बेचकर गांव में ही दूसरी जमीन खरीदी थी, लेकिन निरंकार को उसका हिस्सा नहीं मिला था। रविवार रात इसी बात को लेकर घर में फिर से महाभारत शुरू हुई। पिता ने जब पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो निरंकार के सिर पर खून सवार हो गया।
निरंकार ने पास रखी कुल्हाड़ी उठाई और सबसे पहले अपने पिता बदलू राम के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। पिता को बचाने दौड़ी मां संजू देवी (56), बहन पार्वती (42) और दादी शीतला देवी (80) पर भी उसने रहम नहीं किया। चीख-पुकार सुनकर जब बड़ा भाई गुरुदेव बीच-बचाव करने पहुंचा, तो निरंकार ने उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया। घर के आंगन में चारों तरफ लाशें और खून बिखरा पड़ा था। इस खौफनाक वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से निरंकार ने ईंट से अपने ही सिर पर प्रहार कर खुदकुशी की कोशिश की।
इस पूरे नरसंहार का सबसे विचलित करने वाला पहलू यह रहा कि परिवार का 10 साल का बच्चा कमरे के एक कोने में छिपकर अपने चाचा को अपनों का ही कत्ल करते देख रहा था। दहशत के मारे उसकी आवाज नहीं निकली, जिसके चलते वह कातिल की नजरों से बच गया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मासूम को अपनी सुरक्षा में लिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बदलू राम, संजू देवी, पार्वती और शीतला देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई गुरुदेव का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, वहीं मुख्य आरोपी निरंकार को नाजुक हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके से खून से लथपथ कुल्हाड़ी और वह ईंट बरामद कर ली है जिससे आरोपी ने खुद को घायल किया था।
योगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं। 
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News