करनाल में ई-दिशा की बैठक में शामिल होने पहुंचे पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए देशवासियों को रामनवमी और दुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय मंत्री दिल्ली से ट्रेन में सवार होकर करनाल पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आएं। साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच देश की तैयारियों पर भरोसा जताया।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने खुद के ट्रेन से करनाल पहुंचने को सामान्य बताते हुए कहा कि दिल्ली से पानीपत और करनाल तक का सफर रेल मार्ग से आसान और आरामदायक रहता है। उन्होंने संकेत दिए कि क्षेत्र में जरूरत के अनुसार ट्रेनों के ठहराव और सुविधाओं को आगे भी बढ़ाया जाएगा, ताकि यात्रियों को और बेहतर सुविधा मिल सके।
वैश्विक हालात का असर, लेकिन भारत पूरी तरह तैयार
पेट्रोलियम और गैस आपूर्ति को लेकर उठे सवालों पर मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह केवल भारत की समस्या नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनी स्थिति का असर है। कुछ देशों के बीच चल रहे संघर्षों के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसके बावजूद भारत ने पहले से तैयारी कर रखी है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन और रणनीति मौजूद है।
लोगों से संयम बनाए रखने की अपील
लंबी लाइनों और लोगों में चिंता के माहौल पर उन्होंने साफ कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। देश के पास पर्याप्त भंडार और विकल्प उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। वर्तमान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आने वाले समय में भी किसी प्रकार की कमी की आशंका नहीं है।
आत्मनिर्भर भारत पर दिया जोर
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि देश अब अपने संसाधनों पर भरोसा करना सीख रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार अपनी जगह है, लेकिन भारत हर परिस्थिति में खुद को मजबूत और सक्षम बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.