अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने 'भारत-पाकिस्तान के युद्ध को रुकवाया.'
सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा
अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
– क्या ईरान पर जल्द हमला कर देंगे ट्रंप, ईरान भी कर रहा है सैन्य अभ्यास
– एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ़्तार, क्या बोले उनके भाई किंग चार्ल्स– बांग्लादेश: बीएनपी के ही लोग ख़लीलुर रहमान को विदेश मंत्री बनाए जाने पर क्यों हैं हैरान
– भारत-अमेरिका ट्रेड डील से डरे कश्मीर के किसान, सेब और ड्राई फ्रूट उद्योग के 'तबाह' होने का डर
इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने 'भारत-पाकिस्तान के युद्ध को रुकवाया.'
ट्रंप का दावा है कि उन्होंने दोनों देशों से कहा था कि ऐसे लड़ाई करोगे तो मैं दोनों पर 200 प्रतिशत टैक्स लगा दूंगा. जब पैसों की बात आई तो दोनों रुक गए.
डोनाल्ड ट्रंप ने 'बोर्ड ऑफ पीस' की बैठक की मेज़बानी करते हुए 'भारत-पाकिस्तान' के बीच बीते साल हुए युद्ध का ज़िक्र किया. ट्रंप ने कहा, "पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने हमारे चीफ ऑफ स्टाफ के सामने कहा था कि भारत-पाकिस्तान का युद्ध रुकवाकर राष्ट्रपति ट्रंप ने 2.5 करोड़ लोगों की जान बचाई."
ट्रंप ने कहा, "मैंने दोनों (भारत के पीएम नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़) को फोन किया, मुझे दोनों के बारे में थोड़ा पता था. प्रधानमंत्री मोदी को मैं अच्छी तरह जानता था. मैंने उन्हें फोन किया और कहा, अगर तुम लोग यह मामला नहीं सुलझाते तो मैं दोनों से कोई ट्रेड डील नहीं करूंगा. मैंने कहा, दोनों देश लड़ेंगे तो मैं दोनों पर 200 प्रतिशत टैक्स लगा दूंगा."
"दोनों लड़ना चाहते थे. लेकिन जब पैसों की बात आई, तो पैसों जैसा कुछ नहीं होता. जब बहुत पैसा खोने की नौबत आई, तो उन्होंने कहा, हम लड़ना नहीं चाहते."
इमेज स्रोत, MUKESH GUPTA/AFP via Getty Images
भारतीय सेना ने गुरुवार को लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) के पास घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर व्हाइट नाइट कोर ने अपने आधिकारिक हैंडल पर इसकी जानकारी साझा की.
व्हाइट नाइट कोर ने लिखा, "ख़ुफ़िया जानकारी और लगातार निगरानी के आधार पर 19 फ़रवरी की सुबह सुंदरबनी के नाथुआ टिब्बा इलाक़े में चरमपंथियों की संदिग्ध हलचल देखी गई."
"सतर्क व्हाइट नाइट कोर के जवानों ने तुरंत फ़ायरिंग कर घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी."
व्हाइट नाइट कोर ने बताया, "जवानों को इलाक़े में बेहतर तरीक़े से तैनात और तैयार किया गया है ताकि ज़मीन और आसमान से पूरी निगरानी रखी जा सके. पूरे सेक्टर में ऊंचे स्तर की सुरक्षा और सर्विलांस जारी है."
इससे पहले राजौरी के नौशेरा सेक्टर में सुरक्षा बलों ने एक शख़्स को गिरफ़्तार किया. तलाशी अभियान के दौरान उसके पास कुछ हथियार भी मिले थे.
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तारिक़ रहमान को बांग्लादेश का प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है.
उन्होंने एक पत्र लिखकर पीएम के तौर पर तारिक़ रहमान की सफलता की कामना की है.
उन्होंने पत्र में लिखा, ''अमेरिका आपसी सम्मान और साझा हितों के आधार पर बांग्लादेश के साथ काम करने में दिलचस्पी रखता है.''
डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और बांग्लादेश के बीच ट्रेड डील से दोनों देशों के किसानों और श्रमिकों को फ़ायदा होगा.
इमेज स्रोत, THE WHITE HOUSE
अमेरिकी राष्ट्रपति ने रक्षा सहयोग के बारे में कहा, ''मुझे उम्मीद है कि आप रक्षा अनुबंधों को जल्दी से पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाएंगे, जिससे आपकी सेना अमेरिका में बने अति आधुनिक सैन्य उपकरणों का इस्तेमाल कर सकेगी.''
बांग्लादेश में 13वें राष्ट्रीय संसद चुनाव में दो-तिहाई सीटें जीतने के बाद बीएनपी ने मंगलवार को सरकार बनाई है.
बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने तारिक़ रहमान को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई.
आम चुनाव में 299 सीटों में से बीएनपी ने अकेले 209 और उसके गठबंधन ने कुल 212 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है.
इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में ' बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाने' का सवाल भी उठाया गया.
फ़्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा, ''फ़्रांस में हम बच्चों और 15 साल के किशोर-किशोरियों के लिए सोशल मीडिया नेटवर्क पर रोक लगाने की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं.
मैक्रों ने कहा, "इस सफ़र में कई यूरोपीय देश हमारे साथ हैं, जैसे ग्रीस और स्पेन."
इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी की तरफ़ देखते हुए कहा, "मुझे पता है प्रधानमंत्री जी, आप भी इस समूह में शामिल होंगे. यह बहुत अच्छी ख़बर है कि भारत भी बच्चों और किशोरों की सुरक्षा के लिए इस तरह की पहल का हिस्सा होगा."
मैक्रों ने मंच से कहा, "हमारे जी-7 के कामों में से एक अहम काम बच्चों को एआई और डिजिटल मीडिया के ग़लत इस्तेमाल से बचाना होगा.कोई वजह नहीं है कि हमारे बच्चे ऑनलाइन उन चीज़ों से गुज़रें जो असल दुनिया में क़ानूनी रूप से वर्जित हैं."
उन्होंने अपील की, "हमारे प्लेटफ़ॉर्म, सरकारें और नियम बनाने वाले मिलकर इंटरनेट और सोशल मीडिया को सुरक्षित जगह बनाएं."
मैक्रों के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि क्या भारत में भी बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन हो सकता है.
इमेज स्रोत, Iranian Army/Handout/Anadolu via Getty Images
रूस और ईरान ने गुरुवार को ओमान सागर और उत्तरी हिंद महासागर में संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया. संयुक्त अभ्यास के प्रवक्ता रियर एडमिरल हसन मग़सूदलू ने बताया कि इस अभ्यास का मक़सद सुरक्षा बढ़ाना और समुद्री सहयोग को मज़बूत करना था.
यह अभ्यास ऐसे वक़्त पर हुआ है, जब ईरान को निरंतर अमेरिका से हमले की धमकियां मिल रही हैं. अमेरिका ने ईरान के पास युद्धपोत भी तैनात किए हैं. हालांकि, दोनों देशों की 'अप्रत्यक्ष' वार्ता भी जारी है.
रूस ने गुरुवार को कहा कि ईरान के आसपास तनाव पहले से कहीं ज़्यादा बढ़ गया है, क्योंकि अमेरिका ने अपने सैन्य संसाधन मिडिल ईस्ट में भेजे हैं. रूस ने ईरान और बाक़ी पक्षों से संयम और सावधानी बरतने की अपील की.
उल्लेखनीय है कि रूस का ईरान के साथ रणनीतिक साझेदारी का समझौता है, लेकिन इसमें आपसी रक्षा का प्रावधान नहीं है.
रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस हफ़्ते एक रूसी नौसैनिक जहाज़ ने ईरानी नौसेना के साथ गल्फ़ ऑफ़ ओमान में युद्धाभ्यास किया.
इमेज स्रोत, Ludovic MARIN / AFP via Getty Images
दिल्ली में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन को एक 'असहज' पल से गुज़रना पड़ा.
वे प्रतिद्वंदी कंपनी एन्थ्रॉपिक के सीईओ डारियो अमोडेई के साथ मंच साझा कर रहे थे. अचानक से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां मौजूद टेक दिग्गजों के हाथ ऊपर उठाए, इस दौरान ऑल्टमैन डारियो के साथ हाथ उठाने में असहज नज़र आए.
पीटीआई के मुताबिक़ ऑल्टमैन ने कहा, "मैं थोड़ा उलझन में था और समझ नहीं पा रहा था कि मुझे क्या करना चाहिए."
"जैसे प्रधानमंत्री मोदी ने मेरा हाथ पकड़कर ऊपर कर दिया, मुझे समझ नहीं आया कि हमें क्या करना था. मुझे लगा यह कोई ओपन क्लॉक जैसा इशारा है."
ऑल्टमैन और अमोडेई थोड़ी देर के लिए उलझन में दिखे कि हाथ मिलाएं, बाज़ू पकड़ें, हवा में हाथ उठाएं या बस खड़े रहें. जब बाकी सबने हाथ पकड़कर ऊपर उठाए, तो उन दोनों ने भी ऐसा ही किया. लेकिन दोनों के हाथ आपस में मिले नहीं, बस मुट्ठी बांधे रहे.
डारियो अमोडेई और उनकी बहन डेनिएला पहले ओपनएआई में ही थे, लेकिन 2020 में उन्होंने कंपनी छोड़ दी. ऑल्टमैन और बोर्ड के साथ इनका मतभेद था. इसके बाद भाई-बहन ने एन्थ्रॉपिक शुरू किया. तब से इनका मुक़ाबला ओपनएआई से है.
इमेज स्रोत, The Kerala Story
साल 2023 में सुदीप्तो सेन की निर्देशित फ़िल्म 'द केरला स्टोरी' रिलीज़ हुई थी, जिस पर काफ़ी विवाद हुआ था. अब इसके सीक्वल की ख़बरों पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने चिंता जताई है.
सीएम पिनाराई विजयन ने एक्स पर लिखा, "नफ़रत फैलाने वाली फ़िल्म 'द केरला स्टोरी' के सीक्वल की रिलीज़ से जुड़ी ख़बरों को बहुत गंभीरता से देखना चाहिए."
"पहले पार्ट में ही सांप्रदायिक एजेंडा और झूठ साफ़ दिख चुका है. केरल फिर से इस कोशिश को ठुकराएगा, जो हमारी धर्मनिरपेक्ष पहचान को बदनाम करने की कोशिश है."
सीएम विजयन ने लिखा, "यह हैरानी की बात है कि झूठी कहानियां, जो समाज में फूट डालने के लिए बनाई जाती हैं, उन्हें आसानी से मंज़ूरी मिल जाती है, जबकि कला की सच्ची और आलोचनात्मक अभिव्यक्ति को दबा दिया जाता है."
उन्होंने कहा, "हमें एकजुट होकर इन कोशिशों का विरोध करना होगा, जो हमारी शांति और मेल-जोल वाली धरती को आतंक की जगह दिखाना चाहते हैं. सच हमेशा जीतता है."
इमेज स्रोत, x/INCIndia
राजस्थान की कोटा पुलिस ने उस शख़्स को पकड़ लिया है, जिसने राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी दी थी. कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने कहा कि शख़्स के ख़िलाफ़ ज़रूरी कार्रवाई करेंगे.
एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया, "अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि शख़्स किसी संगठन से जुड़ा है. लेकिन इस पर हम जांच करेंगे."
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस शख़्स के ख़िलाफ़ पहले भी आपराधिक प्रवृत्ति के 4 मुक़दमे दर्ज हैं. इसने जो भी कृत्य किए हैं, उनमें विधिवत धाराओं के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
दरअसल, हिरासत में लिए गए शख़्स ने पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें वह कह रहा है, "कांग्रेस के जिन 25 सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से गाली-गलौज की है, उन्होंने दोबारा ऐसी घटना की तो उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ करेंगे."
शख़्स ने राहुल गांधी को मारने की धमकी भी दी थी.
कांग्रेस ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "आख़िर इस गुंडे की इतनी हिम्मत कैसे हुई कि उसने ओम बिरला का नाम लेते हुए धमकी भरा वीडियो बनाया?"
"इस मामले में सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए और इस बात की जांच की जाए कि किसके कहने पर यह धमकी दी गई."
इमेज स्रोत, x/INCIndia
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार उनके द्वारा बनाए गए आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) वीडियो डिलीट करवा रही हैं. कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यह आईटी रूल्स 2021 का घोर दुरुपयोग है.
दरअसल, कांग्रेस ने सोशल प्लेटफ़ॉर्म्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बनाए हुए एआई वीडियो पोस्ट किए थे. इनके ज़रिये कांग्रेस ने पीएम मोदी को नरवणे की क़िताब से जुड़े विवाद, भारत-अमेरिका ट्रेड डील और एपस्टीन फ़ाइल्स से जुड़े मुद्दों पर घेरा था.
सुप्रिया श्रीनेत ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "पिछले कुछ दिनों से एआई को लेकर बड़ी चर्चा हो रही है. आपके सामने कुछ तथ्य रख देती हूं, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा."
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 6 हफ़्तों में कांग्रेस के एआई से बने 9 वीडियो डिलीट करवाए गए हैं.
"मैं स्पष्ट कर दूं कि ये सभी वीडियो क़ानून के तहत बने थे, जिनमें एआई डिस्क्लेमर थे. जो दिखाता है कि हमने किसी को भ्रमित करने की कोशिश नहीं की. लेकिन बीजेपी और ख़ुद प्रधानमंत्री मोदी सच से इतना डरते हैं कि वो सच के 'नाट्य रूपांतरण' से भी ख़ौफ़ खाते हैं."
श्रीनेत ने आरोप लगाया कि वीडियो को डिलीट करने का आदेश बीजेपी शासित राज्यों की पुलिस से आ रहा है, जिनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार जैसे राज्य शामिल हैं. ये भी हो सकता है कि एआई वीडियो को डिलीट करवाने का आदेश सीधे आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव के मंत्रालय से आया है.
उन्होंने कहा, "इनमें से अधिकांश वीडियो डिलीट और ब्लॉक करने के आदेश आईटी एक्ट, 2000 की धारा 69(A) और धारा 79(3)(B) का हवाला देते हैं. वीडियो को डिलीट करवाना आईटी रूल्स 2021 का घोर दुरुपयोग है, जो राजनीतिक विरोधियों के ख़िलाफ़ इस्तेमाल किया जा रहा है."
इमेज स्रोत, ANI
फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान कहा कि दुनिया में बढ़ते तनाव के बीच सभी डिजिटल क्षमताओं को समावेशी दृष्टिकोण की ओर केंद्रित करने की ज़रूरत है.
उन्होंने कहा कि इससे भारत और अफ़्रीकी महाद्वीप में सभी मज़बूत बन सकेंगे. राष्ट्रपति मैक्रों ने सभी से एकजुट होने की भी अपील की.
मैक्रों ने कहा, "हम सब मिलकर बांटने के बजाय जोड़ने पर, नष्ट करने के बजाय बनाने पर और छीनने के बजाय साझा करने पर ध्यान केंद्रित करें."
उन्होंने कहा, "फ़्रांस अपनी जी-7 अध्यक्षता का इस्तेमाल इस विज़न को आगे बढ़ाने के लिए करना चाहता है. मुझे पता है मिस्टर प्राइम मिनिस्टर, भारत भी आपकी ब्रिक्स अध्यक्षता के ज़रिए ऐसा ही करेगा."
मैक्रों ने कहा, "कोई भी देश सिर्फ़ ऐसा बाज़ार बनने के लिए बाध्य नहीं है, जहां विदेशी कंपनियां अपने मॉडल बेचें और नागरिकों का डेटा डाउनलोड करें."
इमेज स्रोत, Rescue 1122
कराची के सोल्ज़र बाज़ार इलाक़े में गैस लीक से धमाका हो गया जिससे एक रिहायशी इमारत का हिस्सा गिर गया. इस हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, 1122 (इमरजेंसी सर्विस) के प्रवक्ता हसन हबीब ने बताया कि गुल राना कॉलोनी में सुबह क़रीब 3:45 बजे गैस लीक की वजह से धमाका हुआ.
इससे इमारत का एक हिस्सा गिर गया. मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं.
सोल्ज़र बाज़ार पुलिस के अनुसार, यह हादसा एक निजी स्कूल के पास बनी रिहायशी इमारत में हुआ. जानकारी मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. गली संकरी थी, इसलिए रेस्क्यू टीम को घटनास्थल पर पहुंचने में काफ़ी मुश्किल हुई.
सिंध के मुख्यमंत्री के प्रवक्ता अब्दुल राशिद चन्ना ने बयान जारी कर बताया कि मुख्यमंत्री ने सोल्ज़र बाज़ार में गैस लीक से हुए धमाके पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने संबंधित एजेंसियों को तुरंत मलबे में दबे लोगों को निकालने का निर्देश दिया है.
इमेज स्रोत, Pankaj Nangia/Getty Images
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का 37वां मुकाबला वेस्ट इंडीज़ और इटली के बीच हुआ, जो कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया. इस मुकाबले में वेस्ट इंडीज़ ने इटली को 42 रन से मैच हराया.
इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया. वेस्ट इंडीज़ ने बल्लेबाज़ी करते हुए 6 विकेट गंवाकर 165 रन बनाए. सर्वाधिक स्कोर कप्तान शाई होप का रहा, उन्होंने 46 गेंदों में 75 रन बनाए. उनके बाद शेरफ़ेन रदरफ़ोर्ड और रोस्टन चेज़ का स्कोर रहा, दोनों ने 24-24 रन की पारी खेली.
इटली को मैच जीतने के लिए 166 रन का लक्ष्य हासिल करना था, लेकिन टीम 123 रन ही बना पाई. 18 ओवर में टीम ऑल आउट हो गई. सबसे अधिक स्कोर बेन मैनेंटी का रहा, उन्होंने 26 रन बनाए.
इटली की शुरुआत अच्छी नहीं रही. 12 रन के स्कोर पर जस्टिन मोस्का के रूप में पहला विकेट गिर गया था. जस्टिन सिर्फ 2 रन बना पाए, उन्हें वेस्ट इंडीज़ के मैथ्यू फ़ॉर्ड ने बोल्ड किया.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
– इसराइल के पूर्व प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को लेकर किस 'ख़तरे' का दिया संकेत?
– बांग्लादेश: तारिक़ रहमान का स्वागत लेकिन मोहम्मद यूनुस से क्यों रही भारत की इतनी तल्ख़ी
– 'चिकन नेक' और असम में ज़मीन के नीचे सुरंग क्यों बना रहा है भारत?
– भारतीय टीम के लिए सुपर-8 से पहले चिंता का सबब बने ये सवाल
– आरा से लखनऊ तक अंग्रेज़ों को चुनौती देने वाले कुँवर सिंह की कहानी
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामकृष्ण परमहंस को 'स्वामी' कहा तो पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रास नहीं आया और उन्होंने इसका तीख़ा विरोध किया.
पीएम मोदी ने गुरुवार सुबह रामकृष्ण परमहंस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट की थी. इस पोस्ट में उन्होंने रामकृष्ण परमहंस को 'स्वामी' कहकर संबोधित किया.
इस पर ममता बनर्जी ने कहा, "एक बार फिर हमारे प्रधानमंत्री ने बंगाल की महान हस्तियों के प्रति अपनी सांस्कृतिक असंवेदनशीलता को आक्रामक ढंग से पेश किया है. आज युगावतार रामकृष्ण परमहंसदेव की जन्मतिथि है."
"इस अवसर पर महान संत का सम्मान करने की कोशिश में हमारे प्रधानमंत्री ने उनके नाम के साथ एक अभूतपूर्व और अनुचित उपसर्ग 'स्वामी' जोड़ दिया."
ममता बनर्जी का कहना है कि 'स्वामी' शब्द रामकृष्ण परमहंस के शिष्यों के लिए इस्तेमाल किया जाता है, न कि उनके लिए.
उन्होंने कहा, "रामकृष्ण को ठाकुर, यानी भगवान के रूप में श्रद्धा के साथ माना जाता था. उनके निधन के बाद उनके संन्यासी शिष्यों ने रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन की स्थापना की और भारतीय परंपरा के अनुसार उन संन्यासियों को 'स्वामी' कहा गया. लेकिन वह ठाकुर के रूप में ही संबोधित किए जाते रहे."
ममता बनर्जी से पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वह बंगाल के महान व्यक्तित्वों के लिए 'नए उपसर्ग और प्रत्यय खोजने से परहेज करें'.
इमेज स्रोत, Jung Yeon-Je – Pool/Getty
दक्षिण कोरिया की एक अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति यून सुक योल को राजद्रोह की साज़िश रचने का दोषी पाया है. अदालत ने उन्हें उम्र क़ैद की सज़ा सुनाई है.
65 वर्षीय यून पर दिसंबर 2024 में सैन्य शासन लागू करने की उनकी असफल कोशिश को लेकर मुक़दमा चल रहा था.
यून का सैन्य शासन लगाने का आदेश दक्षिण कोरिया में महज़ छह घंटे तक ही लागू रहा. लेकिन इससे सरकारी कार्यप्रणाली ठप हो गई और उनकी पार्टी अगला चुनाव हार गई.
इससे दक्षिण कोरिया में ध्रुवीकरण भी हुआ, और इसका असर अदालत के बाहर भी दिखा, जब उनके समर्थकों की भीड़ अदालत के बाहर इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन कर रही है.
यून पहले ही मार्शल लॉ के असफल आदेश से जुड़े एक अन्य मामले में सज़ा काट रहे हैं. उन्हें अभी दो और मुक़दमों का सामना करना है.
इमेज स्रोत, Brandon Bell/Getty
अमेरिका की एक अदालत ने यूनाइटेड हेल्थ ग्रुप की सहायक कंपनी ऑप्टम के पूर्व सीनियर डायरेक्टर करण गुप्ता को धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग की साज़िश के मामले में दोषी पाया है.
इस मामले की सुनवाई मिनियापोलिस के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में हुई.
अमेरिकी जांच एजेंसी एफ़बीआई ने एक्स पर बताया कि करण गुप्ता ने एक 'अयोग्य दोस्त' को एक ऐसी नौकरी पर रखा, जहां उसने कोई काम नहीं किया.
एफ़बीआई के मुताबिक़, इस व्यक्ति ने अपनी तनख़्वाह का आधा हिस्सा कमिशन के तौर पर गुप्ता को दिया. इस दौरान 12 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी हुई.
ऑप्टम कंपनी को इस धोखाधड़ी के बारे में तब पता चला, जब नवंबर 2019 में कंपनी ने एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में गुप्ता को बर्खास्त कर दिया था.
ऑप्टम ने गुप्ता को साल 2015 में नौकरी पर रखा था.
इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस ने 'सनातन संस्था' नाम के संगठन के एक कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से वित्तीय सहायता दिए जाने का आरोप लगाया है. पार्टी ने इस संगठन को 'सांप्रदायिक' कहा है.
कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने इस संगठन के उस कार्यक्रम के लिए '63 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी, जिसमें अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ हिंसा भड़काने और देश के संविधान को ख़त्म करने' की बात कही गई.
कांग्रेस ने यह भी कहा है कि इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, श्रीपद नायक, संजय सेठ और दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा जैसे नेता शामिल हुए.
इन आरोपों पर बीजेपी की ओर से फ़िलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
यह मामला दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव' से जुड़ा है.
बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान पार्टी प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने दावा किया, "'सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव' में मुसलमानों के जबरन सामूहिक धर्मांतरण, उन्हें देश से भगाने, संविधान को बदलने और भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग की गई."
रागिनी नायक ने कहा कि 'सनातन संस्था' वही संगठन है, जिसकी जांच कर्नाटक पुलिस गौरी लंकेश और एम.एम. कलबुर्गी की हत्या के मामलों में कर रही है.
उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को सरकारी फंडिंग दिए जाने पर रोक और जांच की मांग की. इसके साथ ही उन्होंने एक ऐसे क़ानून की मांग की जिससे नफ़रती भाषणों पर रोक लगे.
इमेज स्रोत, ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एआई इंपैक्ट समिट में एमएएनएवी (मानव विज़न) पेश किया. उन्होंने इसका मतलब भी बताया है.
पीएम मोदी ने एम का मतलब 'मोरल एंड एथिकल सिस्टम्स' बताया. उन्होंने कहा कि एआई एथिकल गाइडेंस पर आधारित होना चाहिए. उन्होंने ए का मतलब 'अकाउंटेबल गवर्नेंस' यानी पारदर्शी नियम और सशक्त निगरानी बताया.
'मानव विज़न' का मतलब बताते हुए उन्होंने आगे कहा, "एन- नेशनल सॉवरिनिटी यानी जिसका डेटा उसका अधिकार. ए- एक्सेसिबल एंड इनक्लूज़िव यानी एआई मोनोपॉली नहीं मल्टीप्लायर बने. वी- वैलिड एंड लेजिटिमेट यानी एआई लॉफ़ुल और वैरेफ़ाईबल हो."
प्रधानमंत्री ने कहा, "भारत का ये मानव विज़न 21वीं सदी की एआई आधारित दुनिया में मानवता के कल्याण की अहम कड़ी बनेगा."
पीएम मोदी ने कहा कि एआई मानव क्षमता को बढ़ा रही है. उन्होंने इसे 'ट्रांसफॉर्मेटिव पावर' बताया.
उन्होंने कहा, "एआई मशीनों को इंटेलिजेंट बना रही है और मानव क्षमता को कई गुना बढ़ा रही है. अंतर सिर्फ़ एक है- इस बार स्पीड भी अभूतपूर्व है और स्केल भी अप्रत्याशित है."
"पहले टेक्नोलॉजी का इंपैक्ट दिखने में दशकों लगते थे. आज मशीन लर्निंग से, लर्निंग मशीन तक का सफर तेज़ भी है, गहरा भी है और व्यापक भी है."
प्रधानमंत्री ने कहा, "आज, असली प्रश्न यह नहीं कि भविष्य में एआई क्या कर सकती है, प्रश्न यह है कि वर्तमान में हम एआई के साथ क्या करते हैं."
उन्होंने कहा, "ऐसे प्रश्न मानवता के सामने पहले भी आए हैं. सबसे सशक्त उदाहरण है- न्यूक्लियर पावर. हमने उसका विनाश भी देखा है और उसका योगदान भी देखा है. एआई भी एक ट्रांसफॉर्मेटिव पावर है."
इमेज स्रोत, Ludovic MARIN / AFP via Getty
भारत मंडपम में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट को संबोधित करते हुए फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत के यूपीआई (यूनिफ़ाइड पेमेंट इंटरफ़ेस) सिस्टम की तारीफ़ की है.
मैक्रों ने भारत के हेल्थ इन्फ़्रास्ट्रक्चर की भी तारीफ़ की है.
उन्होंने कहा, "भारत ने वह बनाया है जो दुनिया के किसी और देश ने नहीं बनाया. 1.4 अरब लोगों के लिए एक डिजिटल पहचान. एक पेमेंट सिस्टम, जिसके ज़रिए अब हर महीने 20 अरब ट्रांजेक्शन्स होते हैं. एक हेल्थ इन्फ़्रास्ट्रक्चर, जिसके ज़रिए 50 करोड़ डिजिटल हेल्थ आईडी जारी हुईं."
मैक्रों ने कहा, "हम स्पष्ट रूप से एक बड़े और तेज़ बदलाव की शुरुआत में हैं."
उन्होंने कहा कि 10 साल पहले मुंबई का एक स्ट्रीट वेंडर बैंक खाता नहीं खोल सकता था. लेकिन आज वही वेंडर अपने फ़ोन पर पेमेंट एक्सेप्ट करता है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.