तमिल गीतकार वैरामुथु को ज्ञानपीठ पुरस्कार मिलने पर क्यों हो रहा है विवाद – BBC

तमिल गीतकार और कवि वैरामुथु को साहित्य के क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा साहित्यिक सम्मान 'ज्ञानपीठ पुरस्कार' मिला है. हालांकि, गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने इसकी आलोचना की है.
सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा
इमेज स्रोत, Facebook/VairamuthuOffl
तमिल गीतकार और कवि वैरामुथु को साहित्य के क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा साहित्यिक सम्मान 'ज्ञानपीठ पुरस्कार' मिला है. हालांकि, गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने इसकी आलोचना की है.
चिन्मयी श्रीपदा ने सुपरस्टार कमल हासन और रजनीकांत की भी कड़ी आलोचना की है, क्योंकि उन्होंने वैरामुथु को बधाई दी थी.
चिन्मयी श्रीपदा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "फिल्म इंडस्ट्री में सबसे ताक़तवर जगहों पर बैठे लोग अक्सर महिलाओं की आवाज़ नहीं सुनते, ख़ासकर उन महिलाओं की जो यौन शोषण का शिकार हुई हैं. यह और भी ज़्यादा तब होता है जब वे राजनीति में क़दम रखते हैं. वोट देने वाली महिलाओं को यह याद दिलाना ज़रूरी है कि पुरुष हमारे साथ खड़े होने वाले नहीं हैं."
दरअसल, साल 2018 में चिन्मयी ने सार्वजनिक रूप से वैरामुथु पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था. तब से वो लगातार वैरामुथु के ख़िलाफ़ बोल रही हैं.
दूसरी ओर, वैरामुथु को ज्ञानपीठ पुरस्कार मिलने पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और कई बड़े फ़िल्म कलाकारों ने सोशल मीडिया पर बधाई दी.
वैरामुथु तीसरे तमिल लेखक हैं जिन्हें यह पुरस्कार मिला है. वैरामुथु ने एक्स पर लिखा, "ज्ञानपीठ पुरस्कार पाकर मैं बहुत खुश हूं. इसे भारतीय साहित्य का 'नोबेल पुरस्कार' माना जाता है. मैं यह सम्मान अपनी धरती और उसके लोगों को समर्पित करता हूं."
इमेज स्रोत, Burak Kara/Getty Images
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने दावा किया है कि नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई 'पूरी तरह स्वस्थ' हैं.
अब्बास अराग़ची ने मीडिया ग्रुप अलअरबी अलजदीद को दिए इंटरव्यू में कहा, "मोजतबा ख़ामेनेई 'पूरी तरह स्वस्थ' हैं और 'हालात पर पूरा नियंत्रण' रख रहे हैं."
अराग़ची ने युद्ध को ख़त्म करने के संदर्भ में कहा, "हम उस क्षेत्रीय पहल का स्वागत करते हैं, जो युद्ध को न्यायपूर्ण तरीक़े से ख़त्म करे. हालांकि, अभी तक युद्ध ख़त्म करने के लिए कोई ख़ास पहल सामने नहीं आई है."
अब्बास अराग़ची ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ का ज़िक्र करते हुए कहा, "यह रास्ता सबके लिए खुला है, लेकिन अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए नहीं."
गौरतलब है कि 8 मार्च को मोजतबा ख़ामेनेई को सुप्रीम लीडर के पद पर नियुक्त किया गया था. इसके बाद से सार्वजनिक रूप से उनकी मौजूदगी नज़र नहीं आई.
उनका पहला सार्वजनिक संदेश 12 मार्च को सरकारी मीडिया पर दिखाया गया, जिसे एक प्रस्तोता ने पढ़कर सुनाया था.
इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुजारियों और मुअज्ज़िनों के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी का एलान किया है. पश्चिम बंगाल में चुनाव की तारीख़ों से ठीक पहले ममता बनर्जी ने यह घोषणा की है.
ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, "मुझे खुशी है कि हमारे पुजारियों और मुअज्ज़िनों को दिए जाने वाले मासिक मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी की जा रही है. अब उन्हें हर महीने 2,000 रुपये मिलेंगे. साथ ही, पुजारियों और मुअज्ज़िनों ने जो नए आवेदन पूरे नियमों के साथ जमा किए थे, उन्हें भी राज्य सरकार ने मंज़ूरी दे दी है."
उन्होंने आगे लिखा, "हमें गर्व है कि हम ऐसा माहौल बना रहे हैं जहां हर समुदाय और हर परंपरा को महत्व और मज़बूती मिलती है. हमारी कोशिश यही है कि हमारे आध्यात्मिक धरोहर के रखवाले वह सम्मान और सहारा पाएं जिसके वे हक़दार हैं."
गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग रविवार को पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुदुच्चेरी में विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का एलान करेगा.
इमेज स्रोत, Atul Kumar Yadav/ The India Today Group via Getty Images
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम के लिए 'भारत रत्न' की मांग की है.
कांशीराम की जयंती के मौके़ पर राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में जानकारी दी कि कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखा है.
राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "भारत सरकार से सामाजिक न्याय के महान योद्धा और बहुजन चेतना के मार्गदर्शक मान्यवर कांशीराम जी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग करता हूं."
उन्होंने लिखा, "यह सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान कांशीराम जी के साथ उस पूरे आंदोलन को श्रद्धांजलि होगी जिसने करोड़ों बहुजनों को हक़, हिस्सेदारी और आत्मसम्मान की राह दिखाई. इस मांग को लेकर प्रधानमंत्री को मेरा पत्र."
राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री को लिखा पत्र भी सार्वजनिक किया है.
इमेज स्रोत, Sean Gallup/Getty Images
दुनिया भर में तेल की क़ीमतें लगातार बढ़ रही हैं. पाकिस्तान में पेट्रोल की क़ीमत 49.63 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की क़ीमत 75.05 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर बढ़नी थी. लेकिन सरकार तेल कंपनियों को 23 अरब रुपये देगी, ताकि वे क़ीमत में बढ़ोतरी न करें.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय के पेट्रोलियम डिवीज़न ने कहा है कि वैश्विक बाज़ार में क़ीमतें बढ़ने के बावजूद प्रधानमंत्री ने डीज़ल और पेट्रोल की क़ीमतें वही रखने की मंज़ूरी दी है.
पेट्रोलियम डिवीज़न के मुताबिक़, "घरेलू और वैश्विक बाज़ार की क़ीमतों के बीच जितना फ़र्क़ है, वह सरकार तेल कंपनियों को देगी."
नोटिफ़िकेशन में कहा गया है कि 14 मार्च से 20 मार्च 2026 तक के समय में तेल कंपनियों का प्राइस डिफ़रेंशियल क्लेम लगभग 23 अरब रुपये होगा, जिसे ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (ओआरजीए) देगी.
वित्त मंत्रालय ने कैबिनेट से 'प्रधानमंत्री बचत फ़ंड' बनाने और आर्थिक समन्वय समिति से 27.1 अरब रुपये इस फ़ंड में डालने की मंज़ूरी ली है. इसमें से 23 अरब रुपये ओआरजीए को दिए जाएंगे ताकि भुगतान किया जा सके.
इमेज स्रोत, Ravi Kumar/Hindustan Times via Getty
सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन यानी सीबीएसई ने मध्य-पूर्व के सात देशों में 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी हैं. यह फ़ैसला क्षेत्र में जारी संघर्ष की वजह से बनी स्थिति को देखते हुए लिया गया है.
सीबीएसई ने बताया कि संघर्ष से प्रभावित देशों के स्कूलों और संबंधित अधिकारियों से सुझाव और अनुरोध मिले थे.
इसके आधार पर 12वीं कक्षा की बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित करने की संभावना की दोबारा समीक्षा की गई और इसके आधार पर फ़ैसला लिया गया है.
सर्कुलर में कहा गया, "बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, क़तर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 16 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 के बीच निर्धारित 12वीं बोर्ड की सभी परीक्षाएं रद्द की जाती हैं."
इससे पहले सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षाएं टाले जाने से जुड़े अब तक पांच सर्कुलर जारी किए थे.
बोर्ड ने कहा है कि इन पांचों सर्कुलर के ज़रिए स्थगित की गई परीक्षाएं भी अब रद्द मानी जाएंगी.
इसके अलावा सीबीएसई ने यह भी कहा है कि जिन देशों में 12वीं की बोर्ड परिक्षाएं रद्द हुई हैं, उन देशों में परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया के बारे में बाद में अलग से सूचना दी जाएगी.
इमेज स्रोत, X/CBSE
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
एलपीजी संकट दूर करने के लिए केरोसीन बंटवाएगी सरकार, लेकिन डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क कहां है?
होर्मुज़ स्ट्रेट क्या ईरान जंग में ट्रंप के 'गले की फांस' बनता जा रहा है?
यूएई में बढ़े ईरानी हमले, वहां रहने वाले भारतीयों ने क्या बताया
गुजरात: महज चार साल में हिंदू स्टडीज का कोर्स 'बंद होने के कगार' पर क्यों पहुंचा
स्वर्ण मंदिर: गुरु अमर दास से लेकर 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' तक, जिसने देखे इतिहास के कई मुश्किल दौर- विवेचना
इमेज स्रोत, Getty Images
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसने रातभर अपने क्षेत्र के ऊपर ईरान के 26 ड्रोन मार गिराए. इनमें से ज़्यादातर राजधानी रियाद और देश के पूर्वी इलाक़ों में इंटरसेप्ट किए गए.
रविवार सुबह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने बताया कि उसका एयर डिफ़ेंस सिस्टम ईरान की ओर से आने वाली मिसाइलों और ड्रोन हमलों का जवाब दे रहा है.
दुबई के मीडिया कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मरीना और अल सुफ़ूह इलाक़ों में सुनी गई आवाज़ें सफल इंटरसेप्शन की थीं.
इससे पहले शनिवार को ड्रोन हमले के बाद यूएई के पूर्वी तट पर स्थित फ़ुजैरा पोर्ट पर आग लग गई थी. फ़ुजैरा एक बड़ा तेल निर्यात टर्मिनल है.
वहीं, बहरीन ने कहा कि उसके क्षेत्र में सायरन बज रहे हैं और लोगों को नज़दीकी शेल्टरों में जाने के लिए कहा गया है.
कुवैत ने रविवार को कहा कि उसके नेशनल गार्ड ने पिछले 24 घंटों में ईरान के पांच ड्रोन मार गिराए हैं.
इससे पहले शनिवार देर रात क़तर ने एक अपडेट जारी कर बताया कि उसने पूरे दिन में हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया. क़तर की ओर से रात में किसी नए हमले की सूचना नहीं दी गई है.
इमेज स्रोत, ANI
निर्वाचन आयोग रविवार को पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का एलान करेगा.
इसके लिए शाम चार बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित की गई है.
इन राज्यों में निर्वाचन आयोग की ओर से वोटर लिस्ट की स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न यानी एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.
पश्चिम बंगाल में एसआईआर की प्रक्रिया विवादित रही है. इसको लेकर निर्वाचन आयोग और राज्य सरकार के आमने-सामने रहे हैं.
एसआईआर से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में भी विचाराधीन है.
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट के ज़रिए उम्मीद जताई कि चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन होर्मुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा के लिए अपने युद्धपोत भेजेंगे.
उनकी इस अपील पर कुछ देशों ने प्रतिक्रिया दी है.
ब्रिटेन: ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "जैसा कि हम पहले भी कह चुके हैं, हम क्षेत्र में शिपिंग की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने सहयोगियों और साझेदारों के साथ कई विकल्पों पर चर्चा कर रहे हैं."
चीन: वॉशिंगटन स्थित चीनी दूतावास के एक प्रवक्ता ने सीएनएन से कहा कि चीन तुरंत युद्ध समाप्त करने की अपील करता है.
प्रवक्ता ने यह नहीं बताया कि चीन ट्रंप के अनुरोध को स्वीकार करेगा या नहीं, लेकिन उन्होंने कहा कि स्थिर और बिना किसी बाधा की ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करना सभी पक्षों की ज़िम्मेदारी है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि चीन संबंधित पक्षों के साथ संवाद को मज़बूत करता रहेगा.
जापान: अमेरिका को अपना सबसे क़रीबी सहयोगी मानने वाले जापान ने अब तक ट्रंप की अपील पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. हालांकि अधिकारियों ने रविवार को जापानी मीडिया संस्थान एनएचके से कहा कि यह मुद्दा प्रधानमंत्री सनेई तकाइची के अमेरिका दौरे के एजेंडे में शामिल हो सकता है, जो बुधवार से शुरू हो रहा है.
विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने एनएचके से कहा कि जापान केवल ट्रंप के कहने पर तुरंत नौसैनिक जहाज़ नहीं भेजेगा. अधिकारी ने कहा, "जापान अपनी प्रतिक्रिया ख़ुद तय करता है और स्वतंत्र निर्णय लेना बुनियादी चीज़ है."
फ़्रांस: फ़्रांसीसी सरकार ने भी तुरंत कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.
हालांकि शनिवार को, ट्रंप के पोस्ट के कुछ घंटों बाद विदेश मंत्रालय के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने उन ख़बरों से इनकार किया जिनमें कहा गया था कि फ़्रांस अपने युद्धपोत होर्मुज़ स्ट्रेट भेज रहा है.
पोस्ट में कहा गया, "नहीं, विमानवाहक पोत और उसका समूह पूर्वी भूमध्य सागर में ही रहेगा. स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है. यह रुख़ रक्षात्मक है."
दक्षिण कोरिया: ट्रंप की अपील पर दक्षिण कोरिया की ओर से भी अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
इमेज स्रोत, EPA
ईरान की महिला फ़ुटबॉल टीम की तीन और खिलाड़ियों ने अपने देश वापस लौटने का फ़ैसला किया है. इन खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया में रहने के लिए मानवीय वीज़ा दिया गया था.
ईरानी प्रवासी समुदाय के मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इन तीनों की पहचान ज़हरा सुल्तान मश्केहकर, मोना हमूदी और ज़हरा सरबली के रूप में की है.
ईरानी टीम दो मार्च को दक्षिण कोरिया के ख़िलाफ़ एशियन कप के अपने पहले मैच में देश के राष्ट्रगान के दौरान चुप रही थी. इसके बाद ईरान में उन्हें "युद्ध के गद्दार" कहा जाने लगा.
इस फ़ैसले की पुष्टि करते हुए ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव क़दम उठाया कि इन महिलाओं को देश में सुरक्षित भविष्य का अवसर मिल सके.
इससे पहले ईरान के खेल मंत्रालय ने भी एक बयान में इस ख़बर की पुष्टि की थी. यह ख़बर सबसे पहले इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर से जुड़ी तसनीम न्यूज़ एजेंसी ने प्रकाशित की थी.
इमेज स्रोत, Prakash Singh/Bloomberg via Getty
ईरान पर इसराइल और अमेरिका के हमले बाद जारी सैन्य संघर्ष के कारण भारतीय एयरलाइंस कंपनियों ने अपने संचालन में बदलाव किया है. कंपनियों ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है.
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा "संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एयरपोर्ट अधिकारियों के ताज़ा निर्देशों को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को 15 मार्च 2026 के लिए अपने अस्थायी संचालन में कटौती करने के लिए बाध्य होना पड़ा है."
वहीं, इंडिगो ने भी यूएई में उड़ानों में कटौती और समय में बदलाव की जानकारी दी है.
इंडिगो ने बताया, "मध्य पूर्व में बदलती स्थिति के कारण दुबई में उड़ान संचालन पर और प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिससे उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है. दुबई से आने-जाने वाले यात्रियों से अनुरोध है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति ज़रूर जांच लें."
इमेज स्रोत, various sources / AFP via Getty
ईरान की ओर से मध्य-पूर्व में अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए जाने के बाद अमेरिका ने अपने नागरिकों से क्षेत्र के 14 देशों को छोड़ने की अपील की है.
इससे पहले बग़दाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल गिरने की घटना के बाद शनिवार को अमेरिका ने अपने नागरिकों को इराक़ छोड़ने को कहा था.
चेतावनी में अमेरिकी दूतावास ने कहा कि नागरिक "तुरंत इराक छोड़ दें".
दूतावास ने लिखा, "जो अमेरिकी नागरिक इराक़ में रहने का फ़ैसला कर रहे हैं, उन्हें ईरान समर्थित आतंकवादी मिलिशिया समूहों से पैदा हो रहे गंभीर ख़तरे को देखते हुए अपने फ़ैसले पर दोबारा विचार करने को कहा जाता है."
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक.अमेरिका ने शनिवार को कहा कि उसने ओमान से नॉन-इमरजेंसी सरकारी कर्मचारियों और सरकारी कर्मचारियों के परिजनों को निकलने का आदेश दिया है.
इमेज स्रोत, Munir UZ ZAMAN / AFP via Getty
पाकिस्तान के बल्लेबाज़ सलमान अली आग़ा को आईसीसी ने आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई है.
आग़ा पर यह कार्रवाई शुक्रवार को ढाका में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान हुए एक मामले को लेकर की गई है.
मैच में सलमान आग़ा को बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज़ ने रन आउट किया था, जिसको लेकर काफ़ी विवाद हुआ. आग़ा ने इसे 'खेल भावना के ख़िलाफ़' बताया था.
आग़ा को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ़ के लिए आईसीसी के आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है. यह अनुच्छेद "अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट सामग्री या कपड़ों, मैदान सामग्री या अन्य वस्तुओं के साथ दुर्व्यवहार" से जुड़ा है.
दरअसल, आउट दिए जाने के बाद पैवेलियन लौटते वक़्त आग़ा ने अपने ग्लव्स और हेलमेट सीमा रेखा के पास फेंक दिए थे. मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में सलमान आग़ा ने माना कि उन्होंने गुस्से में ऐसा किया था.
इस मामले में आईसीसी ने आग़ा के 'डिसिप्लिनरी रिकॉर्ड' में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा है.
संबंधित कहानी: बांग्लादेश-पाकिस्तान मैच में 'हाई वोल्टेज ड्रामा', सलमान आग़ा को रन आउट देने पर क्यों हुआ विवाद
इमेज स्रोत, Henry Nicholls / AFP via Getty
स्विट्ज़रलैंड ने अपने हवाई क्षेत्र से अमेरिकी सेना के गुज़रने के दो अनुरोधों को ख़ारिज कर दिया है. स्विस सरकार ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है. स्विट्ज़रलैंड ने ये फ़ैसला ईरान युद्ध को लेकर किया है.
स्विस सरकार ने अपने फ़ैसले के पीछे देश के 'निष्पक्षता क़ानून' का हवाला दिया है.
बयान में कहा गया है कि यह क़ानून "संघर्ष में शामिल पक्षों को ओवरफ़्लाइट्स (हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल) की अनुमति देने से रोकता है जो उस संघर्ष से जुड़े सैन्य उद्देश्य को पूरा करते हों".
हालांकि स्विस सरकार ने यह भी कहा कि उसने तीन अन्य उड़ानों को अनुमति दी थी. इनमें एक उड़ान रखरखाव के लिए थी और दो परिवहन से जुड़ी थीं.
इमेज स्रोत, X/ForeignOfficePk
पाकिस्तान और अफ़ग़ान तालिबान के बीच जारी सैन्य संघर्ष को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय के बयान पर अब पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल की टिप्पणियों को 'बेतुका, बेबुनियाद और ढोंग' बताया है.
उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान के भीतर 'आतंकवादी ठिकानों' पर पाकिस्तान के हमले को 'वैध' बताया.
ताहिर अंद्राबी ने एक बयान में कहा, "अफ़ग़ान ज़मीन से संचालित होने वाले आतंकवादी संगठनों फ़ितना-अल-ख़्वारिज़ और फ़ितना-अल-हिंदुस्तान को भारत के समर्थन और आर्थिक संरक्षण के लिए जाना जाता है. इसलिए अफ़ग़ानिस्तान में अपने आतंकवादी नेटवर्क के नष्ट होने पर भारत की निराशा पूरी तरह समझी जा सकती है."
पाकिस्तान ने कश्मीर मामले का ज़िक्र करते हुए भारत पर मानवाधिकारों और अंतरराष्ट्रीय क़ानून के उल्लंघन का भी आरोप लगाया.
शनिवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान जारी कर 'अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों की निंदा' की थी.
बयान में कहा गया, "यह पाकिस्तान की ओर से एक और हमला है, जो एक संप्रभु अफ़ग़ानिस्तान के विचार के ख़िलाफ़ है. भारत दोहराता है कि अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का पूरी तरह से सम्मान होना चाहिए."
संबंधित कहानी: पाकिस्तान और अफ़ग़ान तालिबान के बीच जारी सैन्य संघर्ष पर आया भारत का बयान
इमेज स्रोत, SAUL LOEB / AFP via Getty
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को एनबीसी न्यूज़ को दिए एक टेलीफ़ोन इंटरव्यू में कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन वह अभी ऐसा करने के इच्छुक नहीं हैं क्योंकि "अभी शर्तें अच्छी नहीं हैं".
हालाँकि उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि वे शर्तें क्या होंगी. ट्रंप ने कहा कि संभावित समझौते का एक हिस्सा यह होगा कि ईरान परमाणु महत्वाकांक्षाएं छोड़ने का वादा करे.
ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई के बारे में भी सवाल उठाए. मोजतबा ख़ामेनेई, ईरान के मारे गए सुप्रीम लीडर नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के बेटे हैं.
ट्रंप ने कहा, "मुझे नहीं पता कि वह ज़िंदा भी हैं या नहीं. अब तक कोई उन्हें (दुनिया को) दिखा नहीं पाया है." अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह बात इसलिए कही क्योंकि ख़ामेनेई ने गुरुवार को कैमरे पर बोलने की बजाय लिखित बयान के ज़रिए अपना पहला बयान जारी किया था.
ट्रंप ने आगे कहा, "मैं सुन रहा हूँ कि वह ज़िंदा नहीं हैं, और अगर वह ज़िंदा हैं तो उन्हें अपने देश के लिए बहुत समझदारी भरा क़दम उठाना चाहिए, और वह है सरेंडर करना."
इसके बाद ट्रंप ने उनकी मौत की ख़बर को "अफ़वाह" बताया.
ट्रंप ने यह भी कहा कि कई देशों ने होर्मुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा में मदद करने की प्रतिबद्धता जताई है, हालांकि उन्होंने उन देशों के नाम बताने से इनकार कर दिया.
ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ने ईरान के तेल निर्यात के लिए अहम केंद्र खार्ग द्वीप को "पूरी तरह तबाह" कर दिया है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा, "हम मज़े के लिए इसे कुछ और बार निशाना बना सकते हैं".
उन्होंने तेल की बढ़ती क़ीमतों को लेकर जताई जा रही चिंताओं को भी ख़ारिज किया. उन्होंने कहा, "दुनिया में बहुत ज़्यादा तेल और गैस है. बहुत कुछ मौजूद है, लेकिन आप जानते हैं कि अभी यह थोड़ा अटका हुआ है. बहुत ज़ल्द यह रुकावट दूर हो जाएगी."
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
दो जहाज़ कौन से हैं जो होर्मुज़ स्ट्रेट पार कर भारत आ रहे हैं, एलपीजी-पीएनजी कनेक्शन पर सरकार की अहम घोषणा
'पहले धौंस दिखाई अब भीख मांग रहा': रूस से भारत के तेल ख़रीदने को लेकर ईरान का अमेरिका पर बयान
बेंगलुरु में रहने वालीं बालेन शाह की बहन नेपाल के भावी पीएम के बारे में क्या सोचती हैं?
गैस सिलेंडर न होने पर उससे निपटने के 12 तरीक़े जो आपके आ सकते हैं काम
हरीश राणा के मामले में सुप्रीम कोर्ट का फ़ैसला किस तरह से ऐत‍िहास‍िक है
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News