Feedback
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ने कहा है कि उसके आपातकालीन भंडार से तेल जल्द ही वैश्विक बाजारों में पहुंचना शुरू हो जाएगा. रायटर्स के मुताबिक सदस्य देशों ने बाजार में आपूर्ति बढ़ाने के लिए बड़ी मात्रा में तेल उपलब्ध कराने का फैसला किया है.
IEA के अनुसार प्रस्तावित रिलीज में लगभग 72 प्रतिशत हिस्सा कच्चे तेल का होगा, जबकि 28 प्रतिशत हिस्सा तेल उत्पादों का रहेगा. एजेंसी ने बताया कि सरकारों ने उद्योगों के अनिवार्य भंडार से 116.6 मिलियन बैरल तेल उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई है.
इसके अलावा सरकारों के अपने भंडार से 271.7 मिलियन बैरल तेल बाजार में लाने का फैसला किया गया है. IEA के मुताबिक अमेरिका महाद्वीप के सदस्य देश कुल 172.2 मिलियन बैरल तेल उपलब्ध कराएंगे.
एजेंसी ने बताया कि एशिया-ओशिनिया क्षेत्र के देशों के भंडार से तेल तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि यूरोप और अमेरिका के भंडार से तेल मार्च के अंत तक बाजार में पहुंचना शुरू होगा. आईईए का कहना है कि इस कदम से वैश्विक तेल बाजार में आपूर्ति को स्थिर करने में मदद मिलेगी.
भारत आ रहा कच्चे तेल का टैंकर
संयुक्त अरब अमीरात के फुजैरा बंदरगाह से भारतीय ध्वज वाला एक कच्चे तेल का टैंकर सुरक्षित रूप से भारत के लिए रवाना हो गया है. सरकार ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि तेल टर्मिनल पर हमले की घटना के बावजूद जहाज ने बिना किसी परेशानी के तेल की लोडिंग पूरी की और अपनी यात्रा शुरू कर दी. साथ ही सरकार ने कहा कि पश्चिम एशिया में बन रहे हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और ईंधन की आपूर्ति तथा समुद्री मार्गों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
सरकार के अनुसार ‘जग लाडकी’ नाम का यह टैंकर करीब 80,800 टन मुर्बन कच्चा तेल लेकर फुजैरा से भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर रवाना हुआ. जहाज फिलहाल भारत की ओर बढ़ रहा है और उसमें मौजूद सभी भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं. युद्ध प्रभावित इलाके से सुरक्षित निकलने वाला यह चौथा भारतीय ध्वज वाला जहाज बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक 14 मार्च 2026 को जब ‘जग लाडकी’ फुजैरा के सिंगल प्वाइंट मूरिंग पर कच्चे तेल की लोडिंग कर रहा था, उसी दौरान फुजैरा तेल टर्मिनल पर हमला हुआ था. हालांकि इस घटना के बावजूद जहाज ने अपनी प्रक्रिया पूरी की और सुरक्षित रूप से वहां से निकलकर भारत की ओर रवाना हो गया.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू