Feedback
चीन में एक शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. वजह है इस शादी का अनोखा तरीका, जिसने लोगों को हैरान कर दिया. आमतौर पर शादी में दूल्हा सजाई गई कार या घोड़ी पर बारात लेकर जाता है, लेकिन यहां एक दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने सेप्टिक टैंक ट्रकों के काफिले के साथ पहुंचा. यह मामला चीन के अनहुई प्रांत के सुइक्सी काउंटी का है, जहां पान हाओनान नाम के युवक ने अपनी शादी को खास बनाने के लिए यह अलग तरीका अपनाया. शादी 28 मार्च को हुई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. लाखों लोगों ने इसे देखा और अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी.
पढ़ाई के बाद पिता के काम को बढ़ा रहे
पान हाओनान का परिवार लंबे समय से सीवेज यानी गंदे पानी की सफाई और उसे ढोने का काम करता है. उनके पिता पिछले 20 साल से इस काम में लगे हुए हैं. पढ़ाई पूरी करने के बाद पान ने भी कुछ समय तक अपना अलग काम करने की कोशिश की, लेकिन उसमें सफलता नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने अपने पिता का कारोबार संभालने का फैसला किया. आज पान अपने पिता के साथ मिलकर इस काम को आगे बढ़ा रहे हैं. वह खुद सेप्टिक टैंक ट्रक चलाते हैं और कई कर्मचारियों की टीम को भी संभालते हैं. उनका कहना है कि भले ही यह काम देखने में गंदा लगता हो, लेकिन इससे कमाई ईमानदारी की होती है.
शादी में कुल 9 सेप्टिक टैंक ट्रकों का इस्तेमाल
शादी के दिन पान ने अपनी दुल्हन को लेने के लिए कुल 9 सेप्टिक टैंक ट्रकों का इस्तेमाल किया. इन ट्रकों को पहले अच्छी तरह साफ किया गया और फिर उन्हें लाल रंग के फूलों और सजावट से तैयार किया गया, ताकि वे शादी के माहौल के हिसाब से सुंदर लगें. पान की दुल्हन ली याकिंग ने भी इस अनोखे आइडिया को खुशी-खुशी स्वीकार किया. उन्होंने बताया कि जब पान ने उन्हें यह सुझाव दिया, तो उन्हें यह काफी अलग और दिलचस्प लगा. उन्होंने कहा कि उनके लिए यह ज्यादा मायने रखता है कि उनका जीवनसाथी मेहनती और ईमानदार है. ली ने यह भी कहा कि उन्हें पान का काम बिल्कुल भी गलत या अलग नहीं लगता. उनके अनुसार, हर काम की अपनी अहमियत होती है और मेहनत से कमाया गया पैसा सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होता है.
हालांकि, शुरुआत में पान के माता-पिता इस आइडिया से खुश नहीं थे. उन्हें लगा कि शादी जैसे खास मौके पर ऐसा करना ठीक नहीं है. लेकिन जब दुल्हन ने इस पर सहमति जताई, तो उन्होंने भी आखिरकार इसे मान लिया. शादी के दौरान ट्रकों पर बैनर भी लगाए गए थे, जिनमें दूल्हे को शुभकामनाएं दी गई थी. कुछ ट्रक पान के अपने थे, जबकि बाकी उन्होंने अपने दोस्तों और साथियों से उधार लिए थे. इस अनोखी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आई. कुछ लोगों ने पान की ईमानदारी और अपने काम पर गर्व करने की भावना की तारीफ की. उनका कहना है कि हर काम सम्मान के लायक होता है और पान ने यह दिखाया है.
काम पर गर्व, छिपाना नहीं चाहते
वहीं, कुछ लोग इस तरीके से सहमत नहीं दिखे. उनका मानना है कि शादी एक गंभीर और पारंपरिक मौका होता है, और इसे इस तरह से अलग बनाना सिर्फ ध्यान खींचने की कोशिश है. पान का कहना है कि उन्हें अपने काम पर गर्व है और वह इसे छिपाना नहीं चाहते. उन्होंने कहा कि यह काम समाज के लिए जरूरी है और इससे उन्हें अच्छी कमाई भी होती है. कुल मिलाकर, यह शादी इसलिए खास बन गई क्योंकि इसमें एक अलग सोच देखने को मिली. इसने यह संदेश दिया कि किसी भी काम को छोटा नहीं समझना चाहिए और अपनी मेहनत पर गर्व करना चाहिए.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू