नवगछिया में रिंग बांध का 70% हिस्सा गंगा में बहा: बेगूसराय में स्कूल डूबा,भागलपुर शहर में घुसा पानी; उफान प… – Dainik Bhaskar

गंगा समेत बिहार की 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इससे भागलपुर, बेगूसराय समेत राज्य के 7 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए। भागलपुर शहर में बाढ़ का पानी घुस गया है।
पुलिस जिला नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड स्थित रिंग बांध का 70% हिस्सा पानी के दबाव से बह गया। 15 करोड़ की लागत से रिंग बांध का निर्माण हुआ था। घटना की जानकारी के बाद मौके पर प्रशासन के आला अधिकारी पहुंच गए।
वहीं पटना के 7 प्रखंडों की 24 पंचायतें बाढ़ से घिरी हैं। अथमलगोला, बाढ़, दानापुर, दनियावां, मनेर, मोकामा और पटना सदर की पंचायतों की करीब एक लाख की आबादी प्रभावित है।
भागलपुर के सुल्तानगंज में बाढ़ के कारण हालात बिगड़ गए। यहां गंगा का पानी सड़क पर आ गया है। नमामि गंगे घाट पर पानी के बीच में ट्रैक्टर से सामान निकाला जा रहा है। घाट पर लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है।
इधर, बेगूसराय में बाढ़ की हालत को देखते हुए प्रभावित 8 प्रखंड के 137 स्कूलों एवं सभी आंगनबाड़ी केंद्र को 14 अगस्त तक के लिए बंद कर दिया गया है। हालांकि, टीचर्स नाव के जरिए स्कूल जा रहे हैं।
बाढ़ के पानी में डूबने से अलग-अलग जिलों में 11 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा बेगूसराय में 6 की मौत हुई है। वहीं, भागलपुर में 4, जबकि वैशाली में 1 की जान चली गई। बाढ़ के चलते बिहार में 10 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं।
बिहार में बाढ़ से जुड़ी कुछ तस्वीरें…
भागलपुर शहर में घुसा बाढ़ का पानी भागलपुर शहर में बाढ़ का पानी घुस गया है। नया बाजार, दीपनगर, बैंक कॉलोनी सहित कई मोहल्लों में पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वो घरों से नहीं निकल पा रहे हैं।
19 जिलों में अलर्ट
इधर, गोपालगंज, बगहा, समस्तीपुर में तेज बारिश शुरू हो गई है। पटना के कुछ इलाकों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज बिहार के 19 जिलों में बारिश की संभावना जताई है।
विभाग के अनुसार, अगले अगले 48 घंटे में पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी। इससे तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी होने की संभावना है।
गंगा में नाव पर महिला ने बेटी को जन्म दिया
पटना के बख्तियारपुर प्रखंड के चिरैया दियारा पंचायत निवासी चंद्रकेत राय की पत्नी संजू देवी (35) ने नाव पर ही बेटी को जन्म दिया।
पंचायत वर्तमान में चारों ओर से गंगा के बाढ़ के पानी से घिरा हुआ है। प्रसव पीड़ा होने पर संजू देवी नाव के सहारे बख्तियारपुर अस्पताल ले जाया जा रहा था।
जब नाव गंगा नदी के बीच पहुंची, तब संजू देवी की प्रसव पीड़ा असहनीय हो गई। जिसके बाद नाव पर सवार अन्य महिलाओं ने तुरंत मदद की। जिसके बाद संजू देवी ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
पटना में एक लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित
पटना जिले के 7 प्रखंडों की 24 पंचायतें बाढ़ से घिरी हैं। अथमलगोला, बाढ़, दानापुर, दनियावां, मनेर, मोकामा और पटना सदर की पंचायतों की करीब एक लाख की आबादी प्रभावित है। अधिकतर लोग अपने-अपने गांव से पलायन कर जिला प्रशासन के राहत शिविरों में शरण लिये हुए हैं।
बाढ़ पीड़ितों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से 6 सामुदायिक रसोई के जरिए खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है। 104 नावों का परिचालन कराया जा रहा है। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 1-1 टीम तैनात है।
बाढ़ की कुछ और तस्वीरें…
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में हुई भारी बारिश
राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई है। कटिहार में सबसे ज्यादा 140 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा नालंदा में 70 मिमी, शेखपुरा में 65 मिमी, बांका में 65 मिमी और पटना में 57 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं, रविवार को 35.6 डिग्री तापमान के साथ मोतिहारी सबसे गर्म जिला रहा। नालंदा का तापमान 35.2, पटना का 33.1 और रोहतास का 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिहार में अब तक 25% कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल बिहार में अब तक सामान्य से 25 प्रतिशत कम बारिश हुई है। जहां इस समय तक 581.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहीं अब तक केवल 438 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
उत्तर बिहार के आठ जिलों में अब भी 50 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। मानसून की सुस्त रफ्तार और कुछ हिस्सों में लंबे समय तक सूखा जैसे हालात ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
हालांकि, अगस्त महीने के पहले सप्ताह से ही बारिश की रफ्तार में सुधार देखा जा रहा है, जिससे धान और अन्य खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी पटना में सोमवार को सुबह से ही बादल छाए रहेंगे और दिन के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हवा की गति 12 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। उच्च आर्द्रता के कारण उमस भरी गर्मी महसूस होगी, लेकिन बारिश के बाद मौसम में हल्की ठंडक आ सकती है।
—————————–
ये खबर भी पढ़ें…
‘बच्चे मचान पर रहते हैं, हम मवेशियों के बीच’:पटना में सड़क किनारे 4000 बाढ़ पीड़ित; बोले-सुबह खाना मिलता है तो रात का ठिकाना नहीं
—————————–
मौसम से जुड़े सारे अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News