भास्कर संवाददाता| टोंक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शनिवार को अजमेर यात्रा और विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास-लोकार्पण कार्यक्रम का टोंक जिला मुख्यालय सहित जिले की सभी 7 पंचायत समितियों और ग्राम पंचायत स्तर पर ई मित्र केन्द्र पर भी सीधा प्रसारण होगा। केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के वे लाभार्थी, जो अजमेर नहीं जाएंगे, वे यहां सीधे प्रसारण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जिले के विभिन्न विभागों के कुल 712 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाने हैं।
इनमें से करीब 107 अभ्यर्थी अजमेर जाएंगे और शेष 605 अभ्यर्थियों को यहां जिला परिषद सभागार में शनिवार सुबह 10 बजे आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के हाथों नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में सभी विधायकों को भी बुलाया गया है।
लाभार्थियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को अजमेर ले जाने के लिए करीब 200 बसें अधिग्रहित की है। इनको दूरी के हिसाब से डीजल-पेट्रोल के कूपन बांटे गए है। जिला प्राइवेट बस एसोसिएशन से जुड़े कुछ बस संचालकों ने आरोप लगाया कि कूपन वितरण में जिला परिवहन अधिकारी ने मनमानी की है। करीब 135 निजी बसें है। जिला परिवहन विभाग ने स्कूल की कुछ बाल वाहिनियों को भी रैली में भेजने के लिए बुलाया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अजमेर में 9 से 14 साल तक की बालिकाओं को एचपीवी टीके की खुराक देकर एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.