Feedback
उत्तर प्रदेश में बांदा के आसमान में अचानक गूंजती विमानों की आवाज ने लोगों को उस वक्त चौंका दिया, जब किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर हो क्या रहा है. एक के बाद एक हेलीकॉप्टर की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए, कोई छत पर चढ़ गया तो कोई सड़क पर आकर आसमान निहारने लगा. निचली उड़ान भरते विमानों को देखकर पहले जहां लोगों में डर और संशय का माहौल बना, वहीं कुछ देर बाद यह जिज्ञासा में बदल गया.
मामला नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पुकारी गांव का है. यहां अचानक सेना के तीन हेलीकॉप्टर अलग-अलग दिशाओं से आते हुए नजर आए और कुछ ही देर में अलग-अलग स्थानों पर उतर गए. इतनी बड़ी संख्या में एक साथ हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग से गांव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया. लोगों को लगा कि कहीं कोई बड़ा हादसा या आपात स्थिति तो नहीं हो गई.
हेलीकॉप्टर से उतरे जवानों ने तेजी से इलाके का जायजा लेना शुरू किया. चारों ओर सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया और इसके बाद जवानों ने संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल शुरू कर दी. करीब चार दर्जन से अधिक एयरफोर्स के जवान इस अभ्यास में शामिल रहे. जवानों की गतिविधियों को देखकर स्थानीय लोग और ज्यादा उत्सुक हो गए और दूर-दूर से मौके पर पहुंचने लगे.
गांव के लोगों के लिए यह नजारा बिल्कुल नया था. अचानक इतनी बड़ी संख्या में जवानों और हेलीकॉप्टरों की मौजूदगी ने पहले उन्हें घबराया, लेकिन जब मॉक ड्रिल की जानकारी मिली तो लोगों ने राहत की सांस ली. कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में कैद भी किया.
करीब कुछ घंटों तक चले इस अभ्यास के बाद सभी हेलीकॉप्टर वापस उड़ान भरते हुए रवाना हो गए. इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर नजर बनाए रखी. नरैनी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि सेना द्वारा यह पूरी कार्रवाई एक मॉक ड्रिल के तहत की गई थी. इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को परखना था. उन्होंने कहा कि इसमें घबराने की कोई बात नहीं थी, यह एक नियमित अभ्यास का हिस्सा है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू