नई दिल्ली स्थित म्यांमार दूतावास में एशिया इंडिया बिजनेस मीट एवं पीस कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एशिया के 12 देशों के राजनयिकों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
सम्मेलन की अध्यक्षता म्यांमार के राजदूत यू मोई क्यो आंग ने की, जो एशिया के 12 देशों के एंबेसडरों के चेयरमैन भी हैं। कार्यक्रम में एशियाई देशों के आपसी रिश्ते, व्यापारिक सहयोग और क्षेत्र में शांति को लेकर चर्चा की गई।
सामाजिक न्याय के लिए रोहित कुमार सिंह सम्मानित
सम्मेलन के दौरान मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह को पिछले 14 वर्षों से सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
म्यांमार के राजदूत यू मोई क्यो आंग ने कहा कि जब उनके पास रोहित सिंह का प्रोफाइल पहुंचा तो उन्हें पता चला कि भारत में ऐसे युवा लगातार समाज में न्याय और मानवाधिकार के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जो युवा अपनी पूरी ऊर्जा देश सेवा में लगा दे, उसे किसी सेनानी से कम नहीं आंका जाना चाहिए।
कई देशों के राजनयिक हुए शामिल
इस सम्मेलन में म्यांमार के अलावा इंडोनेशिया, वियतनाम, थाईलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर, मलेशिया, कंबोडिया, लाओस, ब्रूनेई और मंगोलिया सहित कई देशों के फर्स्ट सेक्रेटरी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दौरान एशियाई देशों के बीच व्यापारिक सहयोग, कूटनीतिक संबंध और क्षेत्रीय शांति को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। इसे भारत में एंबेसी की ओर से आयोजित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है।
सम्मान मिलने पर क्या बोले रोहित सिंह
सम्मान मिलने के बाद रोहित कुमार सिंह ने कहा कि, यह उनके लिए बेहद खास और प्रेरणादायक क्षण है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि किसी एंबेसी के कार्यक्रम में उन्हें इस तरह आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
रोहित सिंह ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है और भविष्य में वे सामाजिक न्याय की स्थापना तथा मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए और मजबूती से काम करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि कई देशों के राजदूतों को एक मंच पर शांति और सामाजिक न्याय की बात करते देखना उनके लिए गर्व का पल था।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.