Feedback
इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब ग्लोबल टूर्नामेंटों की मेजबानी पर पड़ता दिख रहा है. ऑस्ट्रेलियाई अखबार The Age की रिपोर्ट के अनुसार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) भविष्य के बड़े आयोजनों को भारतीय उपमहाद्वीप से बाहर कराने के विकल्प पर विचार कर रहा है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2029 की ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2029 और 2031 का क्रिकेट वर्ल्ड कप 2031 भारत से बाहर शिफ्ट किए जा सकते हैं, ताकि भारत-पाकिस्तान के एक-दूसरे के देश में खेलने से इनकार की स्थिति से पैदा होने वाली लॉजिस्टिक दिक्कतों से बचा जा सके.
तो किसे मिलेगी मेजबानी?
अगर मेजबानी बदली जाती है, तो ऑस्ट्रेलिया इन टूर्नामेंटों का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है. इससे पहले वह 2015 वनडे वर्ल्ड कप और 2022 टी20 वर्ल्ड कप सफलतापूर्वक आयोजित कर चुका है.
भारत-पाक समझौता बना बड़ी वजह
भारत और पाकिस्तान ने पहले ही ICC के साथ एक व्यवस्था पर सहमति जताई थी, जिसके तहत दोनों टीमें ग्लोबल टूर्नामेंटों में एक-दूसरे के देश का दौरा नहीं करेंगी. यह निर्णय तब लिया गया था जब भारत ने 2025 चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया था. यह व्यवस्था फिलहाल 2027 तक लागू है, लेकिन इसे आगे बढ़ाया जा सकता है.
बांग्लादेश का रुख भी बना चुनौती
इस रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश ने भी 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत आने से मना कर दिया था. जब ICC ने उसके मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने से इनकार किया, तो उसे टूर्नामेंट से हटना पड़ा. इससे एशियाई क्रिकेट शेड्यूलिंग और जटिल हो गई है.
पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ी संवेदनशीलता
पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में और तल्खी आ गई. एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के बीच औपचारिक दूरी भी चर्चा का विषय बनी, जिससे क्रिकेट और राजनीति के रिश्ते पर बहस तेज हुई.
वहीं क्रिकेट प्रशासकों के बीच यह चिंता बढ़ रही है कि अगर एशियाई देशों के बीच यात्रा और सुरक्षा से जुड़े विवाद जारी रहे, तो भविष्य के ग्लोबल टूर्नामेंटों के लिए वैकल्पिक मेजबान तय रखने पड़ेंगे. ICC कथित तौर पर ऐसे बैकअप प्लान तैयार कर रहा है ताकि बड़े इवेंट किसी भी स्थिति में प्रभावित न हों.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू