Feedback
मेहसाणा-दिल्ली हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए. यह हादसा ऊंझा तालुका के उनावा गांव के पास कॉम्फी होटल के नजदीक हुआ, जब राजस्थान से लौट रही एक इको कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई. कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे, जो शादी समारोह से लौट रहे थे. हादसा इतना गंभीर था कि कार के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गई.
मृतकों में एक पिता, उसका पुत्र, एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं. हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल सात लोगों को तुरंत मेहसाणा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने भी दम तोड़ दिया. फिलहाल अन्य छह घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: खेलते-खेलते अलमारी में बंद हुई 7 साल की बच्ची, दम घुटने से मौत… मेहसाणा में दर्दनाक हादसा
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, यह परिवार मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले के भावनगर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में अहमदाबाद के रामोल इलाके में रहता है. परिवार के सदस्य राजस्थान में शादी समारोह और ‘मामेरा’ कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग तड़के इको कार से अहमदाबाद लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया.
परिजनों ने बताया कि हाईवे पर आगे चल रही एक गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे इको कार के ड्राइवर को भी अचानक ब्रेक लगाना पड़ा. इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला.
पुलिस ने शुरू की जांच, घायलों का इलाज जारी
हादसे की सूचना मिलते ही उनावा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस इंस्पेक्टर पी.डी. दर्जी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे यह हादसा हुआ, जब राजस्थानी परिवार अहमदाबाद की ओर जा रहा था. पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है. फिलहाल घायलों का इलाज जारी है. इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरा सदमा दिया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू