भास्कर न्यूज | साजा
ग्राम पंचायत भरदालोधी के आश्रित ग्राम मोंगला टोला में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव के मुख्य चौराहे, बस्ती क्षेत्र और प्रमुख मार्गों की नालियां महीनों से साफ नहीं हुई हैं। नालियों में जमा गंदा पानी काला हो चुका है। कीचड़ की मोटी परत जम गई है और तेज धूप में उठती दुर्गंध से पूरा इलाका प्रभावित है।
ग्रामीणों के अनुसार समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। मुख्य चौक, जहां पहले लोग बैठकर सामाजिक चर्चा करते थे, अब कूड़े के ढेर से पटा पड़ा है। हालात ऐसे हैं कि वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। गलियों में गंदा पानी बह रहा है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। ग्रामीण जितेन वर्मा ने बताया कि सरपंच को कई बार मौखिक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो नालियों की सफाई कराई गई और न ही दवाई का छिड़काव हुआ। उनका कहना है कि गंदगी के कारण गांव में बीमारी फैलने का डर बना हुआ है।
गंदगी के कारण मच्छर बढ़ रहे: रुके हुए पानी और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। स्थिति अब स्वास्थ्य संकट का रूप ले चुकी है। मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, टाइफाइड, हैजा, पीलिया, त्वचा रोग, दस्त-उल्टी और सांस संबंधी एलर्जी जैसी बीमारियों की आशंका बढ़ गई है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.