उत्तर प्रदेश के बहराइच में होली से ठीक पहले भीषण खूनी संघर्ष हुआ है। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर उदल (मजरे रामनगर) गांव में रविवार-सोमवार की देर रात ऐसा तांडव हुआ जिसने पूरे प्रदेश को दहला दिया है। भाइयों के बीच शुरू हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते भीषण रूप ले लिया। कुल्हाड़ी से किए गए ताबड़तोड़ वार में तीन महिलाओं और एक पुरुष की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य कांड में दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि घर में अब केवल एक मासूम बच्चा बचा है, जिसे पुलिस ने अपनी सुरक्षा में लिया है।
घटना रात करीब 12:30 बजे की है। ग्रामीणों के अनुसार, घर के भीतर से अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आंगन खून से लाल हो चुका था। मृतकों की पहचान शिताला (82), संजू देवी (60), पार्वती (20) और बडलूराम (62) के रूप में हुई है। इस संघर्ष में मृतक एक पक्ष से पति-पत्नी और दूसरे पक्ष से मां-बेटी हैं। कुल्हाड़ी के वार से घायल गुरुदेव (40) और निरंकार (30) को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से निरंकार की नाजुक हालत देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
वारदात की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बाबागंज और 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी राम नयन सिंह, एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अधीक्षक आरएन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला गहरे पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी के जवानों और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
फॉरेंसिक टीम ने घर के भीतर और बाहर से साक्ष्य जुटाए हैं। घर के बाहर से वह कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है, जिससे इस सामूहिक हत्याकांड को अंजाम दिया गया। घर के भीतर सामान बिखरा हुआ था और चारों तरफ खून के धब्बे चीख-चीखकर रात की भयावहता बयां कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और घर में अक्सर कहासुनी होती रहती थी, लेकिन यह विवाद इतनी बड़ी हत्या में बदल जाएगा, इसकी किसी को कल्पना नहीं थी।
इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे बहराइच जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। बसंतपुर उदल गांव के लोग स्तब्ध हैं कि कैसे एक छोटे से विवाद ने हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। पुलिस अब घायल गुरुदेव और निरंकार के बयानों का इंतजार कर रही है ताकि हत्या की असली वजह और मुख्य हमलावर की पहचान स्पष्ट हो सके।
योगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play