CM Yogi hinted at increasing women reservation in UP police: रक्षाबंधन से पहले लड़कियों के लिए खुशखबरी है। यूपी पुलिस में महिला आरक्षण बढ़ सकता है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इसके संकेत दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अभी बीस फीसदी आरक्षण मिल रहा है और इसे और बढ़ाया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को भी 20 फीसदी आरक्षण दिए जाने की बात कही। सीएम ने कहा कि सरकार इसके बारे में पहले ही फैसला कर चुकी है। सीएम योगी ने अपनी सरकार में भर्ती प्रक्रियाओं के पारदर्शी होने का उल्लेख करते हुए कहा कि अब सबको पता है कि गड़बड़ी करने वालों की सात पीढ़ियों को जवाबदेही तय करा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ये बातें रविवार को लखनऊ में पुलिस वायरलेस सेवा में भर्ती हुए 1374 सहायक परिचालकों और 120 कार्यशाला कर्मचारियों को नियुक्त पत्र वितरित करते हुए कहीं। उन्होंने नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें भ्रष्टाचार और अपराधियों के प्रति ज़ीरो टालरेंस की नीति पर चलना होगा। सरकार ने उन्हें पारदर्शी तरीके से नौकरी दी है। इस मौके पर सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों और विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में क्या स्थिति थी? निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से भर्तियां नहीं होती थीं। भेदभाव होता था। पैसों का लेन-देन होता था। हर भर्ती पर बोलियां लगती थीं। इसका नतीजा क्या होता था? युवाओं के हितों पर कुठाराघात होता था और प्रदेश की कानून-व्यवस्था भी चौपट थी। प्रदेश में दंगों का दौर था। प्रदेश में अराजकता और गुंडागर्दी थी। यह वही दौर था जब निष्पक्ष भर्ती की प्रक्रिया को पूर्ववर्ती सरकारों ने अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए बाधित किया था।
बता दें कि रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में यूपी पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित 1,374 सहायक परिचालकों और 120 कार्यशाला कर्मचारियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने वर्ष 2017 से अब तक 2,17,500 से अधिक पुलिस कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया है। किसी ने भर्ती की प्रक्रिया में सेंधमारी की तो उसकी 7 पीढ़ियों को सेंधमारी का जवाब देना पड़ेगा। हमारी नीतियों का परिणाम है कि सर्वाधिक भर्ती और सरकारी नौकरी देने वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश पहले नंबर पर आता है। आज उत्तर प्रदेश तेजी के साथ देश की बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपने आप को स्थापित कर रहा है।
आज उत्तर प्रदेश पुलिस एक मॉडल बनी है।‘अग्निवीर’ के रूप में जो जवान देश की सेनाओं में अपना योगदान दे रहे हैं, जब वे जवान रिटायर हो कर आएंगे, उत्तर प्रदेश पुलिस बल में हम ऐसे जवानों को 20% आरक्षण देने जा रहे हैं। बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके, बिना झुके निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती की प्रक्रिया होगी। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने तय किया कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल में कम से कम 20 फीसदी बालिकाएं आएं। सुरक्षा का बेहतर माहौल बना तो निवेश भी आया। निवेश के माध्यम से लगभग 2 करोड़ युवाओं के लिए अपने जनपद में रोजगार की नई संभावना बनी। हम लोगों ने उत्तर प्रदेश पुलिस बल में अब तक कुल मिलाकर 2 लाख 17 हजार 500 से अधिक पुलिस कार्मिकों की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से भर्ती की प्रक्रिया को संपन्न किया है।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play