Feedback
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर फ्रांस में गुस्सा है. फ्रांस में इसे फर्स्ट लेडी का अपमान बताया जा रहा है. फ्रांस के राजनेताओं ने कहा कि ये कतई स्वीकार्य नहीं है. फ्रांस में मैक्रों के आलोचक भी ट्रंप की इस टिप्पणी पर भड़क उठे हैं और कहा कि यह कमेंट का घटिया स्तर है.
गुरुवार को डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी का मज़ाक उड़ाया, फ्रेंच लहजे की नकल करते हुए ट्रंप ने कहा कि इमैनुएल मैक्रों की पत्नी उनके साथ ‘बहुत बुरा बर्ताव करती हैं’.
ट्रंप ने एक प्राइवेट लंच के दौरान कहा, ‘मैंने फ्रांस में मैक्रों को फोन किया, जिनकी पत्नी उनके साथ बहुत खराब व्यवहार करती हैं. वो अब भी जबड़े पर पड़े थप्पड़ की चोट से उबर नहीं पा रहे हैं.’ बुधवार को एक प्राइवेट लंच के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने मैक्रों पर अपना नया हमला बोला. उन्होंने NATO के सहयोगी देशों की इसलिए कड़ी आलोचना की कि वे ईरान के खिलाफ युद्ध में शामिल नहीं हुए.
फ्रांस में मैक्रों के आलोचक सहित कई राजनेता ट्रंप के इस हमले से नाराज हैं.
फ्रांस की संसद के निचले सदन की अध्यक्ष याएल ब्रौन-पिवेट ने कहा, “सच कहूं तो यह बिल्कुल भी सही नहीं है.”
पिवेट फ्रांस इन्फो से कहा, “हम अभी दुनिया के भविष्य पर चर्चा कर रहे हैं. इस समय ईरान जंग का असर लाखों लोगों की ज़िंदगी पर पड़ रहा है; लोग युद्ध के मैदान में मारे जा रहे हैं, और हमारे पास एक ऐसा राष्ट्रपति है जो हंस रहा है, जो दूसरों का मज़ाक उड़ा रहा है.”
यहां तक कि कट्टर-वामपंथी पार्टी ‘France Unbowed’ के समन्वयक मैनुअल बॉम्पार्ड भी मैक्रों के बचाव में उतर आए.
बॉम्पार्ड ने कहा, “आप जानते हैं कि राष्ट्रपति के साथ मेरे मतभेद किस हद तक हैं, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप का उनसे इस तरह बात करना और उनकी पत्नी के बारे में इस तरह की बातें कहना मुझे यह बिल्कुल भी मंज़ूर नहीं है.”
फ्रांस के रूढ़िवादी अखबार ‘ले फिगारो’ ने लिखा, “डोनाल्ड ट्रंप का एक और विवादित बयान.”
ट्रंप के बयान पर मैक्रों ने क्या कहा
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों अभी दक्षिण कोरिया की यात्रा पर है. इस दौरान जब पत्रकारों ने उनसे ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने कहा कि वे टिप्पणियां ‘न तो शालीन थीं और न ही स्तर के अनुरूप.’
मैक्रों की पत्नी पर ट्रंप ने क्या कहा था
ट्रंप ने 48 साल के मैक्रों का मजाक उड़ाते हुए एक वीडियो व्हाइट हाउस के यूट्यूब चैनल पर कुछ देर के लिए पोस्ट किया था, जिसे बाद में ब्लॉक कर दिया गया.
ट्रंप ने कहा, ‘हमें उनकी ज़रूरत नहीं थी, लेकिन फिर भी मैंने उनसे पूछा. मैंने फ्रांस के मैक्रों को फ़ोन किया, जिनकी पत्नी उनके साथ बहुत बुरा बर्ताव करती हैं. वह अभी भी अपने जबड़े पर लगी चोट से उबर रहे हैं.’
अमेरिकी राष्ट्रपति मई 2025 के एक न्यूज़ वीडियो का जिक्र कर रहे थे. जिसमें ऐसा लग रहा था कि वियतनाम दौरे के दौरान मैक्रों की पत्नी ब्रिगिट मैक्रों ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति का चेहरा जोर से धकेला था.बाद में मैक्रों ने इसे एक फेक बताकर खारिज कर दिया था.
उस समय मैक्रों ने अपनी पत्नी के साथ किसी भी तरह के घरेलू झगड़े से इनकार करते हुए कहा था कि वे ‘मजाक कर रहे थे, जैसा कि वे अक्सर करते हैं.’
ट्रंप और मैक्रों के बीच टकराव की कहानी काफी पुरानी और उतार-चढ़ाव भरी है. शुरूआत 2017 में हुई जब दोनों ने पहली मुलाकात में जोरदार हैंडशेक से अपना ‘ब्रोमांस’ दिखाया. ट्रंप ने मैक्रों को “फ्रेंच ट्रंप” कहा और मैक्रों ने ट्रंप को व्हाइट हाउस में भव्य स्वागत दिया.
लेकिन दोनों के बीच नीतिगत मतभेद जल्दी सामने आए. ट्रंप ने 2018 में पेरिस क्लाइमेट समझौता और ईरान परमाणु डील से बाहर निकलकर मैक्रों को नाराज कर दिया. 2019 तक ये रिश्ता टकराव में बदल चुका था, ट्रंप अक्सर मैक्रों पर “पब्लिसिटी के भूखे” होने का आरोप लगाते रहे.
2025-26 में जब फ्रांस ने ईरान युद्ध में अमेरिका-इजरायल का साथ देने से इनकार कर दिया और इजरायली हथियारों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया तो ट्रंप एकदम से भड़क गए.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू