Feedback
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कचहरी परिसर में ही फायरिंग की घटना ने हड़कंप मचा दिया. यह घटना थाना सदर कोतवाली क्षेत्र की है, जहां एक अधिवक्ता परिवार के अंदर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
जानकारी के अनुसार, पेशे से अधिवक्ता जसकरन राज और उनके भतीजे अधिवक्ता जितेंद्र राज के बीच खेत में पानी जाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कचहरी परिसर में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.
चाचा ने भतीजे को मारी गोली
बताया जा रहा है कि जब चाचा और भतीजे के बीच झगड़ा बढ़ा, तभी जसकरन राज का बेटा अधिवक्ता विराट राज मौके पर पहुंच गया. इसी दौरान उसने अपने चचेरे भाई जितेंद्र राज पर 315 बोर के तमंचे से फायर कर दिया. गोली जितेंद्र के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
कचहरी परिसर में गोली चलने की खबर मिलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही जिले की एसपी ख्याति गर्ग और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया.
पुलिस ने घायल अधिवक्ता जितेंद्र राज को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया.
लखीमपुर के सीओ विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि 6 अप्रैल 2026 को कचहरी परिसर में पारिवारिक विवाद के चलते दो पक्षों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई. इसी दौरान जसकरन के पुत्र शिवम राज ज्ञानी उर्फ विराट ने राम अवतार के पुत्र जितेंद्र पर फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गया.
दिनदहाड़े हुई फायरिंग से दहशत में लोग
उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस घटना के बाद कचहरी परिसर में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से अधिवक्ताओं और आम लोगों में दहशत का माहौल है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू