Feedback
राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें पुलिस या कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है. ताजा मामला उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सुभाष प्लेस इलाके से सामने आया है, जहां दो बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर एक व्यापारी को निशाना बनाया और उनसे 25 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
पीड़ित व्यापारी की पहचान 47 वर्षीय मंगल सेन के रूप में हुई है, जो पुरानी सब्जी मंडी इलाके के रहने वाले हैं. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगल सेन नेताजी सुभाष प्लेस स्थित एक निजी फर्म से जुड़े हुए हैं. शुक्रवार को जब वे कूचा महाजनी से अपना काम निपटाकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में दो अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया.
फिल्मी अंदाज में घेरा और छीन लिया कैश
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वारदात उस वक्त हुई जब मंगल सेन के पास ₹25 लाख का भारी-भरकम कैश मौजूद था. बदमाशों ने पहले से ही उनकी छानबीन की थी या यह महज इत्तेफाक था, पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है. चश्मदीदों और पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार बदमाशों ने अचानक मंगल सेन की बाइक के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी. इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और उनके पास मौजूद रुपयों से भरा बैग छीन लिया. विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें डराया-धमकाया और पलक झपकते ही अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो गए.
घटना के तुरंत बाद पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए लूट की सूचना दी गई. खबर मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूरी जानकारी ली. पुलिस ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज स्कैन किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने भागने के लिए किस रूट का इस्तेमाल किया, इसका पता लगाया जा रहा है. साथ ही स्थानीय मुखबिरों को भी अलर्ट कर दिया गया है. पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे किसी ऐसे गैंग का हाथ हो सकता है जो पहले भी इस तरह की लूट की घटनाओं में शामिल रहा हो. फिलहाल, मामले की गहनता से पूछताछ जारी है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू