सीतामढ़ी/सोनबरसा: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (SSB) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 22 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई बीओपी कन्हौली क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पिलर संख्या 331 के पास खोपराहा के निकट की गई। SSB को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा क्षेत्र से नशीले पदार्थ की तस्करी का प्रयास किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर जवानों ने इलाके में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखा। जवानों ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से लगभग 22 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान राजकुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रीगा थाना क्षेत्र के चैनपुरा गांव निवासी शत्रुघ्न बैठा का पुत्र बताया जा रहा है। यह पूरी कार्रवाई असिस्टेंट कमांडेंट रणजीत वैध के नेतृत्व में SSB के पदाधिकारियों और जवानों की टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दी।
गिरफ्तार युवक और बरामद गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों ने कहा है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.