हरदा में हनुमान जन्मोत्सव भक्तिमय माहौल में मनाया जा रहा है। शहर के सभी प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु रामभक्त हनुमान के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
सिद्धवीर हनुमान मंदिर के पंडित मुरलीधर व्यास ने बताया कि हनुमान जी का जन्म चैत्र मास के शुक्ल पक्ष में मेष लग्न में सुबह 6 बजे हुआ था। इस अवसर पर मंदिर में देर रात से 11 विद्वान पंडितों के मार्गदर्शन में विशेष पूजन-अर्चन किया गया। मंदिर समिति के सदस्यों ने हवन कुंड में वेद मंत्रों के साथ आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
मंदिरों में सुबह से ही हनुमान चालीसा, सुंदरकांड, बजरंग बाण और हनुमाष्टक का पाठ जारी है। श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर गुलजार भवन में भी सुबह से हवन-पूजन और महाआरती का आयोजन किया गया।
मंदिर को फूलों से सजाया शहर के खेड़ापति हनुमान मंदिर, अड्डे वाले हनुमान मंदिर, कचहरी वाले हनुमान मंदिर और दास हनुमान मंदिर गोलापुरा को फूलों से सजाया गया है। सभी मंदिरों में दोपहर 12 बजे से भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। श्रीराम मंदिर गोलापुरा में दोपहर की आरती के बाद शाम 7 बजे महाआरती होगी, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर समितियों ने एक दिन पहले ही सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली थीं। मंदिर समिति से जुड़े पंडित विनोद मिश्रा ने बताया कि गुरुवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि आज के दिन मंदिर में आकर जो भी श्रद्धालु राम नाम की माला का जाप और एक हनुमान चालीसा का पाठ करेगा, उसे निःशुल्क रुद्राक्ष दिया जाएगा।
पंडित मुरलीधर व्यास ने हनुमान जी के जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन महान आचार, विचार और संस्कारों से भरा है। वे श्रीराम के परम भक्त और आज्ञाकारी थे, जिन्होंने लोगों को बड़ों की आज्ञा का पालन करने का संदेश दिया, ताकि हनुमान जी की कृपा दृष्टि और आशीर्वाद सदैव बना रहे।
देखें तस्वीरें…
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.