उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, यहां ‘पति, पत्नी और वो’ के चक्कर में एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया. यहां कलयुगी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति राजपाल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.
गढ़मुक्तेश्वर सीओ स्तुति सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बीते शनिवार को गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर मोहल्ले में राजपाल नामक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस तुरंत जांच में जुट गई. शुरुआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक मृतक की पत्नी रजनी पर गहराया. जब पुलिस ने रजनी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया.
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी पत्नी रजनी और उसी के मोहल्ले के रहने वाले बंटी (पुत्र बनारसी) के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहे थे. जब इसकी जानकारी राजपाल को हुई, तो उसने इसका कड़ा विरोध करना शुरू कर दिया. पति का विरोध प्रेमी जोड़ों को नागवार गुजरा और उन्होंने राजपाल को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.
साजिश के तहत 17 और 18 मार्च की दरमियानी रात, जब राजपाल अपने घर में गहरी नींद में सो रहा था, तभी रजनी और बंटी ने उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमला इतना घातक था कि राजपाल की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार होने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया.
पुलिस ने इस मामले में धारा 103(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी पत्नी रजनी और उसके प्रेमी बंटी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद कर ली है. फिलहाल पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है.
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.