भास्कर न्यूज | राजपुर
राजपुर प्रखंड स्थित तारा शिवशंकर डिग्री कॉलेज तियरा में स्नातक सेमेस्टर-6 (सत्र 2023-27) की वार्षिक परीक्षा शुक्रवार से शुरू हो गई है। महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां कॉलेज कोड-522 के छात्र-छात्राओं की परीक्षा पहले दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में मेजर कोर्स-10 के विभिन्न विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। इनमें हिंदी, उर्दू, संस्कृत, इतिहास, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र, नागरिक शास्त्र और गृह विज्ञान जैसे विषय शामिल थे। पूरी परीक्षा कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
कॉलेज प्रबंधन ने नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। कॉलेज के प्राचार्य धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि सेमेस्टर-6 की यह वार्षिक परीक्षा 16 अप्रैल तक चलेगी।
पहले दिन प्रथम पाली में कुल 318 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से केवल 3 अनुपस्थित रहे, जबकि शेष सभी छात्रों ने सक्रिय रूप से परीक्षा दी। प्राचार्य ने यह भी कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
परीक्षा केंद्र पर शिक्षक रमन सिंह, रवि कुमार पांडेय, बासुदेव गुप्ता, अजित साह, आयुषी कुमारी, रंभा कुमारी, सुनीता कुमारी, शोभा कुमारी, कंचन कुमारी, अंकित पासवान, राहुल दास सहित अन्य शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को समय पर परीक्षा सामग्री उपलब्ध कराने और अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस परीक्षा को छात्रों और अभिभावकों में उत्साह देखा गया। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्रों से अपील की है कि वे शेष परीक्षाओं में भी समय पर पहुंचे और अनुशासन बनाए रखें। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत चल रही इस परीक्षा से सत्र 2023-27 के सैकड़ों छात्र-छात्राओं का भविष्य जुड़ा हुआ है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.