कृपया धैर्य रखें।
Nepal Election Liquor Ban: नेपाल में 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के कारण 7 दिन पहले शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसका अ …और पढ़ें
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सिकटा/भिस्वा (पश्चिम चंपारण)। India Nepal Border Seal: होली से ठीक पहले भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शराबबंदी का असर दिखने लगा है। नेपाल में पांच मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव को लेकर मतदान से सात दिन पूर्व शराब की बिक्री और वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस फैसले का असर सीमावर्ती भारतीय इलाकों पर भी पड़ा है।
नेपाल सरकार ने चुनाव आयोग के निर्देश पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। प्रतिबंध अवधि में होटल, बार, रेस्तरां और खुदरा दुकानों पर शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। आदेश उल्लंघन पर जुर्माना और कड़ी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।
परसा जिला प्रशासन कार्यालय के सहायक सीडीओ विनोद कुमार पोखरैल ने बताया कि मतदान से 72 घंटे पहले भारत-नेपाल सीमा को सील कर दिया जाएगा।
चार मार्च की मध्यरात्रि से पांच मार्च को मतदान समाप्त होने तक नेपाल में निजी सवारी वाहनों के परिचालन पर भी रोक रहेगी। गृह मंत्रालय ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तीन दिन तक सरकारी कार्यालय बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
सीमावर्ती गांवों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और बॉर्डर पर आवाजाही करने वालों की सघन जांच की जा रही है। पांच मार्च की शाम मतदान समाप्त होते ही शराब बिक्री पर लगी रोक हटा ली जाएगी।
पाबंदी की घोषणा होते ही नेपाल में शराब की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। गुरुवार देर शाम तक कई स्थानों पर लंबी कतारें देखी गईं। प्रतिबंध लागू होने से पहले लोगों ने जमकर खरीदारी की। अचानक बढ़ी मांग के कारण दुकानदारों को अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े। अब प्रतिबंध लागू होने के बाद बिक्री पूरी तरह बंद है।
नेपाल में पांच मार्च को चुनाव और भारत में चार मार्च को होली है। ऐसे में नेपाली शराब की बिक्री बंद होने से सीमावर्ती भारतीय क्षेत्र के धंधेबाजों को करारा झटका लगा है। होली के मौके पर नेपाली शराब की डिलीवरी की योजना बना रहे तस्करों की रणनीति विफल हो गई है।
बताया जा रहा है कि कुछ तस्करों ने अब उत्तर प्रदेश का रुख किया है और वहां से शराब की खेप मंगाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि यूपी सीमा से जुड़े इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। भारतीय क्षेत्र की पुलिस भी अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए सतर्क है।