By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company’s Terms & Conditions and Privacy Policy.
India Women vs Australia Women: भारतीय महिला टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है. इस दौरे की शुरुआत 3 मैचों की टी20 सीरीज के साथ हुई. सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पहले टी20 मैच में टीम इंडिया ने जीत हासिल की, जिसमें बारिश ने अहम भूमिका निभाई. बारिश के चलते ये मुकाबला पूरा नहीं खेला जा सका. लेकिन डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारतीय टीम बाजी मारने में कामयाब रही. हालांकि, भारत की ओर से कमाल की गेंदबाजी देखने को मिली, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया एक छोटे स्कोर पर ढेर हो गई.
इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और शानदार प्रदर्शन के साथ मेजबान टीम को 18 ओवर में 133 रन पर ऑलआउट कर दिया. ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत ठीक रही, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी से वापसी की. अरुंधति रेड्डी ने करियर बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट चटकाए. वहीं, रेणुका सिंह ठाकुर और श्री चरणी ने 2-2 विकेट लिए. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जॉर्जिया वेयरहम ने 19 गेंदों पर 30 रन, फीबी लिचफील्ड ने 19 गेंदों पर 26 और एलिसे पेरी ने 11 गेंदों पर 20 रन बनाए, लेकिन कोई भी बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर सका, जिसके चलते टीम 18 ओवर में ही ढेर हो गई.
वहीं, टारगेट चेज में भारत ने तूफानी शुरुआत की. शेफाली वर्मा ने 11 गेंदों पर 21 रन ठोके, जिसमें 1 चौका और 2 छक्के शामिल रहे. वहीं, स्मृति मंधाना 17 गेंदों पर 16 रन बनाकर नाबाद रहीं. जेमिमाह रॉड्रिग्स ने 3 गेंदों पर 9 रन की तेज पारी खेली. जिसके चलते भारत ने 5.1 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए. लेकिन बारिश के कारण मैच रुक गया और फिर दोबारा शुरू नहीं हो सका.
अंत में डकवर्थ-लुईस नियम से मुकाबले का नतीजा निकाला गया. डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारत का स्कोर 5.1 ओवर में 29 रन होना था, लेकिन भारत 50 रन बना चुकी थी, जिसके चलते टीम इंडिया ने 21 रनों से ये मैच अपने नाम कर लिया.