—विज्ञापन—
Today Breaking News LIVE: नमस्कार, आज 22 अगस्त दिन शुक्रवार की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज की प्रमुख खबरों की बात करें तो मलेशिया में एयरफोर्स का फाइटर जेट प्लेन क्रैश हो गया है और हादसे में दोनों पायलट बुरी तरह घायल हुए हैं। अगर भारत की बात करें तो प्रधानमंत्री मोदी आज कोलकाता में 3 नए मेट्रो रूट का उद्धाटन करेंगे, जिससे एयरपोर्ट जाने वाले लाखों लोगों को फायदा होगा।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के दौरे पर भी रहे। गंगा नदी पर 6 लेन वाले ब्रिज समेत कई विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। आज इंडिया ब्लॉक के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी INDIA के घटक दलों से मिले। वहीं आज से हरियाणा विधानसभा का मानसूत्र सत्र शुरू हो गया है। इसके अलावा आज दिनभर की खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में प्रधानमंत्री मोदी ने जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन से नोआपारा-जय हिंद विमानबंदर मेट्रो सेवा, सियालदह-एस्प्लेनेड मेट्रो सेवा और बेलेघाटा-हेमंत मुखोपाध्याय मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाई।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने आंध्र प्रदेश में चल रही कई विकासात्मक पहलों के लिए केंद्र से वित्तीय सहायता मांगी। उन्होंने बताया कि अब तक राज्य को पूंजी निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता (एसएएससीआई) योजना के तहत 2,010 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
विजिलेंस टीम मोहाली कोर्ट में आज चार्जशीट 40 हजार से ज्यादा पन्नों की चार्जशीट दाखिल करेगी। मजीठिया केस में चार्जशीट में 700 करोड़ रुपये की अवैध और बेमानी संपत्ति का खुलासा हुआ है। चार्जशीट में 200 लोगों की गवाही दर्ज कराई गई। विजिलेंस ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, यूपी और दिल्ली में 15 ठिकानों की की जांच की थी। चार्जशीट में कई अकाली और बीजेपी नेताओं के भी बयान दर्ज हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने चुनावी राज्य बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत हटाए गए मतदाताओं के नामों में सुधार के लिए राजनीतिक दलों द्वारा आगे न आने पर हैरानी जताई है। कोर्ट ने चुनाव आयोग के इस कथन पर संज्ञान लिया है कि बिहार के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में 85000 नए मतदाता सामने आए हैं और राजनीतिक दलों के बूथ-स्तरीय एजेंटों द्वारा केवल 2 आपत्तियां दर्ज कराई हैं। कोर्ट ने बिहार में मान्यता प्राप्त सभी 12 राजनीतिक दलों को इस मामले में पक्षकार बनाया है। कोर्ट ने सभी 12 पार्टियों को कहा है कि वे कोर्ट के आदेश का पालन करें और स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करें। कोर्ट ने उन्हें अगली सुनवाई में कोर्ट में मौजूद रहने को कहा है।
चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक खत्म हो गई है, जिसमें स्पीकर हरविंदर कल्याण और मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मौजूद रहे। कमेटी में विधानसभा के मानसून सेशन की अवधि बढ़ाने पर मुहर लगाई गई है। सेशन की कार्यवाही एक दिन के लिए बढ़ाई गई है। अब विधानसभा सत्र 27 अगस्त तक चलेगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यक्रम में एक व्यक्ति घुस आया और मुर्दाबाद के नारे लगाए। हमला होने के बाद मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम था, लेकिन अज्ञात शख्स ने मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस दौरान व्यापारियों ने उसे पकड़ लिया और उस व्यक्ति से बहस की। पुलिस ने तुरंत व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया।
ग्रेटर नोएडा ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। एक कार ट्रक में जा घुसी और हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हमले में 3 लोग गंभीर घायल हुए हैं। कार सवार हरिद्वार से फरीदाबाद जा रहे थे। दादरी पुलिस ने क्रेन और हाइड्रा की मदद से कार को काट-काटकर फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं परिवार में कोहराम मच गया है।
घायलों की जान बचाने के लिए अस्पताल में ब्लड की जरूरत पड़ी। दादरी थाने से लेकर कई चौकियों के पुलिस कर्मियों ने रात के समय घायलों को ब्लड दिया। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं ट्रक ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ईस्टर्न पेरीफेरल दादरी थाना क्षेत्र में हादसा हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराक शव परिजनों को सौंप दिए हैं और घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है।
प्रधानमंत्री मोदी बिहार के दौरे पर हैं और उन्होंने गयाजी में चुनावी रैली को संबोधित किया है। रैली से पहले उन्होंने बिहार को करीब 13000 करोड़ की सौगात दी। साथ ही बिहार को गंगा नदी पर बनने वाला देश का सबसे बड़ा 6 लेन वाला पुल भी दिया है। प्रधानमंत्री मोदी को सुनने के लिए गयाजी में लोगों का सैलाब उमड़ा हुआ है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में ऑपरेशन सिंदूर, आतंकवाद, लालू प्रसाद यादव, लालटेन राज, RJD पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि लालटेन राज में बिहार अंधेरे में ही डूबा रहता था।
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में इंजीनियरिंग कॉलेज के स्टूडेंट ने सुसाइड की है। कूचबिहार में खुले कॉलेज के हॉस्टल में तीसरे वर्ष के छात्र का शव लटकता मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड करने के कारण अभी पता नहीं चले हैं।
जम्मू में 9 जगहों पर ईडी ने छापेमारी की है। इनमें 8 जगह जम्मू और 1 जगह उधमपुर की है। यह कार्रवाई पटवारी प्रणव देव सिंह, पटवारी राहुल काई, नायब तहसीलदार अकील अहमद और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ की जा रही है। इन पर आरोप हैं कि इन्होंने साल 2022 से अब तक जम्मू में कस्टोडियन जमीन (जो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से आए शरणार्थियों की है) पर कब्जा करने और भ्रष्टाचार करने का काम किया। यह मामला एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB), सेंट्रल, जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा दर्ज FIR के आधार पर शुरू किया गया था।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इस बार के विजयदशमी उत्सव के मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे। संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित श्री विजयादशमी उत्सव 2 अक्तूबर 2025 को नागपुर के रेशिमबाग में संपन्न होगा। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का संबोधन समापन कार्यक्रम में होगा।
रूस ने शांति वार्ता की चर्चा के बीच कल रात यूक्रेन पर भीषण हवाई हमला किया, जिससे युद्ध को रोके जाने की संभावना खटाई में पड़ गई है। रूसी सेना ने यूक्रेन पर 570 से ज्यादा ड्रोन और 40 मिसाइलें दागीं। इंटरसेप्ट के बावजूद पश्चिमी यूक्रेन के Mukachevo में अमेरिकी इलेक्ट्रॉनिक्स संयंत्र पर दो क्रूज मिसाइलें गिरीं। राष्ट्रपति जेलेन्सकी ने हमले को वैश्विक शांति प्रयासों की अवहेलना बताया और रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने की अपील की। वहीं रूस की ओर से दावा किया गया कि यूक्रेन शांति में दिलचस्पी नहीं रखता और इसीलिए यह हमला किया गया।
भारतीय चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा दायर करके कहा कि बिहार के 65 लाख मतदाताओं के नाम और विवरण, जो 1 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट लिस्ट में शामिल नहीं थे, राज्य के सभी 38 जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइटों पर डाल दिए गए हैं। सूची में उनके ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल न होने के कारण भी बताए गए हैं, जिनमें मृत्यु, सामान्य निवास का स्थानांतरण या डुप्लिकेट एंट्री शामिल है।
मलेशिया में एक लड़ाकू विमान हादसे का शिकार हुआ है। रॉयल एयर फोर्स (RMAF) के फाइटर जेट F/A-18D हॉर्नेट उड़ान भरते ही क्रैश हो गया था। हादसा गुरुवार रात सुल्तान हाजी अहमद शाह एयरपोर्ट (कुआंटन) के रनवे पर हुआ। रॉयल मलेशियन एयर फोर्स के पब्लिक रिलेशन डिवीजन ने बयान जारी करके हादसे की पुष्टि की और बताया कि हादसे में दोनों पायलट गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
hindi.news24online.com पर पढ़ें ताजा देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और हर खबर की अपडेट के लिए न्यूज 24 ऐप डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
—विज्ञापन—
—विज्ञापन—
B.A.G Convergence Limited
Film City, Sector 16A, Noida, Uttar Pradesh 201301
Phone: 0120 – 4602424/6652424
Email: info@bagnetwork.in