भास्कर अपडेट्स: मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ेबंदी शुरू, 1643 Km लंबे बॉर्डर पर ₹31 हजार करोड़ का ख… – Dainik Bhaskar

कोलकाता रेप-मर्डर केस में आरजी कर अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष और एक अन्य को जमानत मिलने पर कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों ने शनिवार को कोलकाता में विरोध प्रदर्शन किया।
पार्टियों का आरोप है कि CBI पीड़ित को न्याय दिलाने में असफल रही है। तय समय पर चार्जशीट फाइल न करने की वजह से दोनों आरोपियों को शुक्रवार को बेल मिल गई थी।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ेबंदी शुरू, 1643 Km लंबे बॉर्डर पर ₹31 हजार करोड़ का खर्च आएगा
बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) ने मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम तेज कर दिया है। भारत और म्यांमार के बीच 1643 किमी लंबा बॉर्डर है, जिसमें से 398 किमी मणिपुर में है। हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की तस्करी की वजह से बाड़ेबंदी हो रही है। टेंग्नौपाल जिले के मोरेह कस्बे के पास केवल 10 किमी हिस्से पर बाड़ लगाई गई है। पूरे बॉर्डर पर बाड़ लगाने में करीब 31,000 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एलंगोवन का निधन, एक महीने से बीमार चल रहे थे
पूर्व केंद्रीय मंत्री और तमिलनाडु की इरोड ईस्ट विधानसभा सीट से विधायक ईवीकेएस एलंगोवन का शनिवार को निधन हो गया। वे 11 नवंबर से एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। वे 75 साल के थे और पिछले एक महीने से बीमार चल रहे थे।
दिल्ली से जेद्दाह जा रही इंडिगो की फ्लाइट में पैसेंजर की तबीयत बिगड़ी, कराची में इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली से सऊदी अरब के जेद्दाह जा रही इंडिगो की फ्लाइट की शनिवार को पाकिस्तान के कराची में जिन्ना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इसमें सवार 55 साल के एक भारतीय पैसेंजर की तबीयत बिगड़ गई थी। कराची में इलाज मिलने के बाद फ्लाइट दिल्ली लौट आई।
राजस्थान में सीमेंट फैक्ट्री में ब्लास्ट, दो लोग जले गैस रिसाव के कारण आग
बांसवाड़ा की एक सीमेंट फैक्ट्री में धमाके से आग लग गई। कोयला मिल में लीकेज से ब्लास्ट के बाद लगी आग से दो मजदूर झुलस गए। जिले के झालों का गढ़ा गांव में स्थित इंडिया सीमेंट्स लिमिटेड फैक्ट्री में शनिवार सुबह ये हादसा हुआ। इसमें कुटुंबी गांव निवासी ईश्वरलाल पुत्र नाथजी और नौखला गांव निवासी दिलीप पुत्र भारता झुलस गए। पढ़ें पूरी खबर…
BJP के सीनियर नेता लालकृष्ण आडवाणी हॉस्पिटल में भर्ती, हालत स्थिर, रुटीन चेकअप के लिए पहुंचे
भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है। फिलहाल वे न्यूरोलॉजी विभाग में डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में हैं। 96 साल के आडवाणी को करीब दो दिन पहले अस्पताल लाया गया था। हालांकि, उन्हें भर्ती कराने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
26 जून को AIIMS दिल्ली में यूरोलॉजी डिपार्टमेंट की निगरानी में उनका एक छोटा ऑपरेशन हुआ था। अगले दिन उन्हें अस्पताल से छुट्‌टी मिल गई थी।
करीब एक हफ्ते बाद 3 जुलाई को रात 9 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अपोलो में भर्ती कराया गया था। हालांकि, एक दिन बाद ही वे घर आ गए थे।
इसके बाद 6 अगस्त को भी उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी ने बताया था कि उन्हें रूटीन चेकअप के लिए हॉस्पिटल ले गए थे।
दिल्ली डबल मर्डर केस में वांटेड 50 हजार के इनामी बदमाश सोनू मटका की पुलिस एनकाउंटर में मौत
स्पेशल टास्क फोर्स और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम और दिल्ली में दोहरे हत्याकांड के वांटेड और 50 हजार के इनामी बदमाश सोनू मटका के बीच मेरठ जिले के टीपी नगर थाने में मुठभेड़ हुई। इस दौरान सोनू घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वह हाशिम बाबा गैंग का कुख्यात शूटर था। उसके खिलाफ UP और दिल्ली में लूट और हत्या के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
झारखंड में बोकारो-रामगढ़ NH पर एक्सिडेंट में 5 लोगों की मौत, एक घायल
झारखंड में बोकारो-रामगढ़ नेशनल हाइवे पर शुक्रवार रात एक्सिडेंट हो गया। इस घटना में 5 लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर घायल है। घटना बोकारो जिले के दांतू गांव के पास हुई।
नागपुर एयरपोर्ट पर पटाखों से भरा पार्सल जब्त
महाराष्ट्र के नागपुर में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मुंबई में डिलीवर किए जाने वाले पटाखों से भरे पार्सल मिले। इन्हें प्लेन में लोड किए जाने के दौरान जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि जब पार्सल की जांच की जा रही थी, तब एयरपोर्ट के कार्गो सेक्शन में मौजूद कर्मचारी को पार्सल अजीब लगा। उसे फर्श पर रखा गया था तभी उसमें से धुआं निकलने लगा था। जांच में सामने आया कि पार्सल में बंदरों को भगाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पटाखे थे। वाशिम की एक महिला ने कूरियर कंपनी के जरिए पार्सल बुक किया था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News