आरक्षक से आर आई द्वारा मारपीट का मामला, एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़े आदिवासी समाज के लोग. बुधवार दोपहर 12 बजे से खंडवा बड़ौदा मार्ग पर लगातार चक्काजाम जारी. करीब 24 घंटे से खंडवा बड़ौदा हाइवे पर जयस की अगुवाई में चक्काजाम चल रहा है. एसपी धर्मराज मीना ने रक्षित निरीक्षक सौरभ कुशवाह को कल ही निलंबित कर चुके हैं. डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बुरहानपुर एएसपी अंतरसिंह कनेश को जांच सौंपी है. रक्षित निरीक्षक सौरभ कुशवाह पर पुलिस आरक्षक राहुल चौहान और उनकी पत्नी ने मारपीट और गाली-गलौज के आरोप लगाए थे. यातायात को डायवर्ट किया गया है.
मंगलवार को साम तीज के अवसर पर क्यूटी की महाना नदी में मां और बेटी की वीडियो सामने आई है. तीज के त्यौहार के दौरान नदी स्नान करते समय वे तेज धार में बह गई थीं. दोनों नदी में बहकर हजारों फीट गहरे क्यूटी जल प्रपात में गिर गईं. अगले दिन मां और बेटी की लाश निकाली जा सकी. यह दुखद घटना तुल्हरा गांव की निवासी मां फूलमती और बेटी त्रिशा सोधिया के साथ घटित हुई.
दतिया जिले के हरसी नहर में एक दुखद घटना में भाई-बहन डूब गए. दतिया निवासी गुनगुन और गौरव मोंगिया इस दुर्घटना के शिकार बने. सबसे पहले गुनगुन पानी में डूबी, उसकी जान बचाने के प्रयास में गौरव भी नहर में कूद गया और डूब गया. पुलिस ने रातभर सर्च अभियान चलाया और नहर का पानी रोकने के बाद सुबह दोनों के शव मिले. दोनों बच्चे दतिया जिले के निवासी थे और अपने परिवार के साथ मेले में दुकान लगाने आए थे. बेलगढा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
स्मार्ट मीटर के विरोध के बीच राहत की खबर! स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को ऊर्जा विभाग द्वारा छूट दी जाएगी. सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक बिजली उपयोग पर छूट मिलेगी. इस दौरान उपयोग की गई कुल यूनिट पर 20 प्रतिशत बिल की छूट दी जाएगी. प्रति यूनिट 1.40 पैसे की बचत होगी. प्रदेश में कुल 1 करोड़ 20 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं. प्रदेश में अब तक 24 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगे हैं.
सीहोर – जिले के किसानों को फसल बीमा की बहुत कम राशि मिलने से उनका आक्रोश बढ़ता जा रहा है. ऐसे में अब किसान सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए अनोखे तरीके अपना रहे हैं. अब किसानों ने सड़क पर लेटकर हाथों में खराब हुई सोयाबीन की फसल लेकर प्रदर्शन किया. इस मौके पर जमकर नारेबाजी की गई.
दतिया निवासी 3 साल की बच्ची राधा का अपहरण 25 अगस्त को प्लेटफार्म नंबर 1 पर हुआ. बच्ची की मां उसे प्लेटफार्म पर बैठाकर टॉयलेट करने गई थी, तभी यह घटना हुई. 2 दिन बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला है. जीआरपी ने केस दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी है.
मंडला – पूजन सामग्री की दुकान में लगी आग. ॐ मंगलम पूजन सामग्री दुकान में देर रात भयंकर आग लग गई. अज्ञात कारणों से लगी इस आग की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई. दमकल वाहन के पहुंचने तक आग ने दुकान के पूरे सामान को खाक कर दिया था, जिससे लाखों का नुकसान हुआ. यह घटना निवास मुख्यालय में पोस्ट ऑफिस के सामने की है. निवास पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
आज राजधानी के 15 इलाकों में बिजली कटौती होगी. कंपनी के मेंटेनेंस कार्य के चलते सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक विनीत कुंज ए सेक्टर, सीआई हाइट्स, आइना बंगलों, राज हर्ष कॉलोनी और बंजारी डी सेक्टर में बिजली गुल रहेगी. वहीं, सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक नरेला हनुमंत, गुरारीघाट, रतनपुर सड़क और पिपलिया केशो क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी.
बर्तन की दुकान में चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कसेराओली में हुई. कारोबारी चिराग अग्रवाल ने इस चोरी की वारदात पर FIR दर्ज कराई है. चोरों ने दुकान से 50 हजार रुपए कीमत के बर्तन चोरी कर लिए. सीसीटीवी फुटेज में तीन युवकों को चोरी करते हुए देखा गया है. कोतवाली पुलिस अब इन चोरों की तलाश में जुटी हुई है.
व्यापम फर्जीवाड़ा 2013 मामले की सुनवाई जल्द ही होने वाली है. इस मामले में 122 आरोपियों पर आरोप तय किए जाएंगे. 3 जुलाई को CBI कोर्ट में चालान पेश किया गया था. व्यापम फर्जीवाड़ा 2013 में हुआ था और झांसी रोड थाने में इसकी FIR दर्ज हुई थी. 2015 में कोर्ट ने इस मामले की जांच CBI को सौंप दी थी.