आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज़ 15 दिसंबर 2024 LIVE: लालकृष्ण आडवाणी की सेहत में नहीं कोई सुधार, ICU में जारी इलाज – Jansatta

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: सियासी लिहाज से आज का दिन काफी अहम है क्योंकि महाराष्ट्र कैबिनेट को लेकर आज सस्पेंस खत्म हो जाएगा। 5 दिसंबर को देवेंद्र फडणवीस ने सीएम पद की शपथ ली थी लेकिन कैबिनेट का विस्तार 9 दिन के बावजूद अब तक नहीं हो पाया है। माना जा रहा है कि एकनाथ शिंदे गृहमंत्रालय की मांग पर अड़े हैं, जबकि अजित पवार वित्त मंत्रालय रखना चाहते हैं। मंत्रियों की संख्या को लेकर भी संशय है, जिसके चलते अभी तक कैबिनेट का विस्तार नहीं हुआ है।
इसके अलावा आज श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके रविवार 15 दिसंबर को भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर आएंगे। पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। इस दौरान वो पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे, इस दौरान भारत और श्रीलंका के बीच कूटनीतिक रिश्तों को लेकर चर्चा भी होगी।
देश-विदेश की खबरों के लिए जुड़े रहे जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…
मुंबई के वर्ली इलाके के स्थित पूनम चैंबर इमारत में आग लग गई। आग की जानकारी मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की 10 गाड़िया पहुंची हैं, जो आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश में जुटी हुई हैं। फायर ब्रिगेड का कहना है कि आग इमारत के दूसरे मंजिल पर लगी है. वहीं, अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं।
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कहा है कि दिल्ली की सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही, आम आदमी पार्टी ने चुनाव में पूरी ताकत से कदम रख दिया है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हम जनता के बीच जा रहे हैं, यह मांगने कि हमें 5 और साल दिए जाएं ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, और पानी पर हुए अच्छे कामों को और आगे बढ़ा सकें। दूसरी ओर, बीजेपी अब भी भ्रमित है। न उनके पास कोई मुद्दा है, न कोई नेता, और न ही दिल्लीवालों के लिए कोई उम्मीद।
लोकसभा में पीएम मोदी के भाषण पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि कांग्रेस अपनी गलतियों का प्रायश्चित करके जनता में अपना खोया हुआ विश्वास वापस पा सकती है। उन्होंने पूरा लोकसभा चुनाव संविधान और आरक्षण पर लड़ा, क्या उन्होंने 1975 में आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या नहीं की थी? कांग्रेस अपने ही ‘हवा महल’ में रह रही है, जहां उन्हें लगता है कि वे जो कहते हैं वही सच है। उनकी गलतियों का नतीजा है कि आज उनके लिए 150 सीटें लाना भी मुश्किल हो गया है।

देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री और बीजेपी की संस्थापक सदस्य लालकृष्ण आडवाणी अभी भी ICU में एडमिट हैं। उनका दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है। आडवाणी के स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो रहा है। जानकारी के मुताबिक यूरिन में मांसपेशी बढ़ने के कारण आडवाणी का स्वास्थ्य नाजुक है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट कर सरदार पटेल को याद किया। उन्होंने लिखा कि भारत के ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल जी की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन। देश की एकता और भाईचारे को संजोए रखने के लिए उनके द्वारा उठाया गया हर कदम हमें प्रेरणा देता रहेगा।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने RJD नेता तेजस्वी यादव द्वारा माई बहन मान योजना की घोषणा पर कहा कि बिहार की जनता ने लालू प्रसाद जी के 15 साल देखे हैं। कैसे उन्होंने लोगों को लूटा, 950 करोड़ का चारा घोटाला किया। नौकरी के बदले गरीबों की जमीन लिखवाने का काम किया, बिहार की जनता यह जानती है. बिहार की जनता किसी भी हालत में लालू प्रसाद के परिवार को बिहार की सत्ता नहीं देगी।
लखनऊ में एनडीए विधानमंडल दल की बैठक आज शाम 6 बजे लोकभवन में होगी। इसमें सुभासपा, अपना दल (एस), निषाद पार्टी और रालोद के विधायक भी शामिल होंगे। बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ सदन के संचालन के लिए विधायकों को टिप्स देंगे।

एक देश-एक चुनाव को लेकर सोमवार को लोकसभा में बिल पेश होना था लेकिन अब यह टल गया है। संशोधित कार्यसूची से बिल को हटाया गया है। इससे पहले शुक्रवार को जारी की गई वर्कलिस्ट में कहा गया था कि सोमवार को लोकसभा में रखा जाएगा।
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मंत्रिमंडल का आज रविवार 15 दिसंबर को नागपुर में विस्तार होगा। आधिकारिक बयान के अनुसार फडणवीस सरकार के मंत्रिमंडल का शपथ समारोह शाम 4 बजे होगा। मंत्रिमंडल में करीब 35 मंत्रियों के शामिल किए जाने की उम्मीद है। बीजेपी के 19 विधायकों के मंत्री बनने की संभावना है।
भारतीय नौसेना के प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी आज इंडोनेशिया की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच समुद्री क्षेत्र समेत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ करना है। अधिकारियों ने बताया कि एडमिरल त्रिपाठी इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री एवं सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सजाफ्री सजामसोएद्दीन, इंडोनेशिया के सशस्त्र बलों के कमांडर जनरल अगुस सुबियान्तो और नौसेना के प्रमुख एडमिरल मुहम्मद अली समेत शीर्ष रक्षा अधिकारियों के साथ वार्ता करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि आज विजय दिवस के अवसर पर पूरा देश भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी और बलिदान को सलाम करता है। उनके अदम्य साहस और देशभक्ति ने सुनिश्चित किया कि हमारा देश सुरक्षित रहे। भारत उनके बलिदान और सेवा को कभी नहीं भूलेगा।
ईरान में यूट्यूब पर बिना हिजाब पहने बिना ऑनलाइन कॉन्सर्ट करने वाली एक महिला गायिका को गिरफ्तार कर लिया है। ईरानी वकील मिलाद पनाहीपोर ने कहा कि 27 साल की परस्तू अहमदी को शनिवार को उत्तरी प्रांत मजंदरान की राजधानी सारी शहर में गिरफ्तार किया गया।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News