तुलसी नगर स्थित सरस्वती माता मंदिर के गेट पर शुक्रवार को गाय की कटी पूंछ लटकती मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना से धार्मिक भावनाएं आहत होने पर बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताया. कार्यकर्ताओं ने इसे शहर की फिजा बिगाड़ने की साजिश बताया और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलते ही लसूडिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया.
भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त कीं. गणेश चतुर्थी पर भ्रमण के दौरान उन्होंने रेत से भरे ट्रैक्टर देखकर तुरंत कार्रवाई की. कलेक्टर ने यह साफ संदेश दिया कि भिंड में रेत चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पनागर हाइवे पर ऑटो चालक से लूट की वारदात करने वाले दो अपराधियों, राजू थापा और संजय जायसवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दोनों ने ऑटो रोककर चालक पर चाकू से हमला किया था. घायल चालक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बाइक सवार सेना के जवान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. मृतक जवान मोहम्मद मुस्ताक, जो सीधी जिले के खुटेली गांव के निवासी थे, मेरठ में तैनात थे. आज मोहम्मद मुस्ताक का पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम लाया जा रहा है. वर्ष 2009 में भारतीय सेना में भर्ती हुए मोहम्मद मुस्ताक की इस दुखद खबर से परिवार जनों का रो-रो कर बुरा हाल है. सेना का पार्थिव शरीर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके गृह ग्राम ले जाया जा रहा है. यह घटना बहरी थाना क्षेत्र के खुटेली गांव की है.
सेंधवा में ईंद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान फिलिस्तीनी झंडा लहराने की घटना से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश हुई. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए टैगोर बैडी निवासी 21 वर्षीय इरफान अली को गिरफ्तार कर लिया. इरफान अली पर सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने का आरोप है. पुलिस द्वारा इस मामले में बांड ओवर कराने की प्रक्रिया भी जारी है. घटना के बाद सेंधवा शहर पुलिस ने तुरंत कदम उठाते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और दोषी को हिरासत में लिया.
भदभदा डैम का एक गेट खोला गया. महापौर मालती राय और निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी मौजूद रहे. पूजा अर्चना के साथ बांध का गेट खोला गया. सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट किया गया. राजधानी का बड़ा तालाब लबालब हो गया है. इस सीजन में पहली बार डैम के गेट खोले गए हैं. बड़े तालाब की फुल टैंक क्षमता 1666 मीटर है.
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के कथित रूप से तलवार लहराने का मामला अब तूल पकड़ चुका है. इस घटना को लेकर शुक्रवार को एडवोकेट नरेंद्र चौधरी स्थानीय लोगों के साथ देहात थाने पहुंचे और कलेक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई.
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट पर कमेंट्स, लाइक और फॉरवर्ड करने पर पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज की जाएगी. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने त्योहारों को ध्यान में रखते हुए इंटरनेट मीडिया के संबंध में आदेश जारी किए हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सांप्रदायिक, सामाजिक और जातिगत भावनाओं को भड़काने वाली सामग्री पर कमेंट करने पर भी कार्रवाई की जाएगी. यह अपराध नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत दर्ज किया जाएगा.
गंधर्व नदी इन दिनों उफान पर है. शुक्रवार को लापरवाही का नजारा तब देखने को मिला जब एक शराबी युवक बहते पानी के बीच पुल पर जा पहुंचा. तेज बहाव के कारण वह अचानक संतुलन खो बैठा और नदी में गिर गया. आसपास मौजूद लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे, लेकिन युवक खुद को संभालते हुए किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया. गनीमत रही कि समय रहते उसकी जान बच गई, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. इस घटना ने लोगों को चौकन्ना कर दिया है और प्रशासन ने अपील की है कि उफनती नदियों व पुलों के पास जाने से बचें.
खंडवा में भगवा ध्वज का अपमान होने पर एफआईआर दर्ज की गई है. ईद मिलादुन्नबी के दौरान भगवा ध्वज पर काले रंग से “इस्लाम जिंदाबाद” लिखा गया था. इसके बाद खंडवा के कोतवाली थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया. उन पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने और जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने का आरोप है.
शाजापुर जिले के अकोदिया थाना क्षेत्र के केवड़ा खेड़ी गांव में नल जल योजना के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास बने गड्ढे में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई. मृतक बच्चों में 8 साल का कृष्णा और 5 साल का कार्तिक शामिल हैं. मजदूरी करने गए माता-पिता को जब घर लौटने पर बच्चे नहीं मिले तो उन्होंने उनकी खोजबीन शुरू की. टंकी के पास बने गड्ढे में दोनों के शव मिले.
बप्पा की विदाई धूमधाम से होगी. अनंत चतुर्दशी आज है. चल समारोह निकलेंगे और मार्ग परिवर्तित रहेंगे. जोन स्तर पर 33 जगह विसर्जन कुंड बनाए गए हैं. घाटों पर क्रेन और पोकलेन लगाई गई हैं. बड़ी मूर्तियां प्रेमपुरा घाट, कमलापति घाट, खटलापुरा घाट और हथाईखेड़ा डैम में विसर्जित होंगी. चल समारोह में शामिल सभी झांकियों को नंबर आवंटित किए गए हैं.
श्योपुर में मोबाइल से वीडियो बनाने पर युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया. गाली-गलौज के बाद बेल्ट से मारपीट शुरू हो गई. मुख्य सड़क पर करीब 20 मिनट तक हंगामा मचा रहा. सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. सड़क पर लात-घूसे और बेल्ट से मारपीट होती रही. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. यह घटना विजयपुर नगर थाना इलाके के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने की है.
सीएम डॉक्टर मोहन यादव आज विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकों का आयोजन करेंगे. कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में सीएम विशेष ध्यान देंगे. इसके अलावा, एंटी नक्सलाइट के संबंध में भी समीक्षा बैठक होगी. ऐसी संभावना है कि सीएम किसी जिले के एसपी को फटकार भी लगा सकते हैं. श्रम विभाग की समीक्षा बैठक भी सीएम डॉक्टर मोहन यादव की ओर से आयोजित की जाएगी.