उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के इंगोरिया में एक ट्रैक्टर नदी में गिर गया. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हैं. हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बड़नगर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और नरेंद्र सिंह तोमर के बीच गुटबाजी के सवाल पर बीजेपी प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता पार्टी संगठन और अनुशासन के अनुसार ही काम करते हैं. यहां नेता केवल प्रयास करते हैं कि किसी भी तरह से जनता को सरकार की नीतियों से गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ मिल सके. गुटबाजी, खेमेबाजी, पट्ठाबाद, कांग्रेस पार्टी की बीमारियां हैं, भारतीय जनता पार्टी में इस तरह का कभी कोई प्रचलन नहीं होता है.
रतलाम में 14 साल के लड़के ने फांसी लगाकर जान दे दी. वह परवलिया के बांछड़ा डेरे पर गया था. इस मामले में 6 लोगों पर ब्लैकमेलिंग के आरोप हैं. उनके द्वारा मृतक के साथ मारपीट कर नग्न वीडियो बनाने का भी आरोप है. मृतक के परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे. उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. रिंगनोद थाना पुलिस जांच में जुटी.
मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व में एक ही दिन में तीन बाघों की मौत हो गई. कान्हा प्रबंधन की अब इस मामले में प्रतिक्रिया आई है. डिप्टी डायरेक्टर पुनीत गोयल ने कहा कि ये दो अलग-अलग घटनाएं हैं. मुक्की जोन में वयस्क नर बाघों की आपसी लड़ाई हुई. बाघ बालाघाट मेल T-88 और T- 125 पट्टे वाले बाघ की लड़ाई हुई. लड़ाई में बालाघाट मेल T-88 की मौत हो गई. वहीं कान्हा जोन में सुनैना बाघिन के दो शावकों को नर बाघ ने मार दिया. अधिकारियों के मुताबिक यह ‘सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट’ का उदाहरण है.
खंडवा हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी मृतकों के गांव पाडला फाटा पहुंचे. उन्होंने मृतकों के परिवार से मुलाकात की. जीतू पटवारी ने मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की राहत राशि देने की मांग की. उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. उन्होंने राज्य सरकार को लेकर कहा कि यह अच्छी बात है कि इस बार सरकार काफी संवेदनशील लग रही है. खुद मुख्यमंत्री पीड़ित परिवार से मिलने आ रहे हैं. हम मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की राहत राशि दी जाए.
बैतूल में नदी किनारे नहा रहीं तीन लड़कियां डूबीं. दो लड़कियों को बचा लिया गया है और एक लड़की नदी में डूब गई. एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. लापता लड़की की तलाश जारी है. दो लड़कियों को एक दिव्यांग युवक ने बचाया. पुलिस युवक का नाम बहादुरी पुरस्कार के लिए नामित करेगी. मुलताई थानाक्षेत्र के सोनोली गांव की यह घटना है.
कांग्रेस ने छिंदवाड़ा में कफ सीरप से हुई बच्चों की मौत पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते प्रदेश के अस्पताल यमदूतों का घर बन चुके हैं. कांग्रेस नेता अभिनव बरोलिया ने पूछा कि स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किस आधार पर कफ सीरप कंपनी को क्लीन चिट दे दी. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के पोस्टर को कफ सीरप पिलाई.
इंदौर में आर्थिक अपराध शाखा (इकोनॉमिक ऑफेंस विंग) ने नगर निगम के जोन 19 में छापा मारा. सहायक राजस्व अधिकारी (एआरओ) पुनीत अग्रवाल और बिल कलेक्टर रोहित साबले को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ा. कबाड़ी संतोष सिलावट से 40 हजार रुपये की घूस लेते हुए पकड़ा गया. गोदाम सील करके रिश्वत मांगी थी. फिलहाल जोन 19 में कार्रवाई चल रही है.
हरदा जिले में अक्टूबर माह में भी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है. जिले के कई हिस्सों में आज सुबह से तेज बारिश हो रही है. किसान खेतों में खड़ी सोयाबीन और मक्का की फसल के बड़े नुकसान की संभावना जता रहे हैं. जिले में किसानों के खेतों में फसलें पककर कटाई के लिए तैयार हैं. जनपद में एक लाख हेक्टेयर में सोयाबीन और 56 हजार हेक्टेयर में मक्का बोई गई है.
छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत पर एमपी खाद एवं औषधि विभाग की संयुक्त नियंत्रक टीना यादव ने कहा कि इस पूरे मामले में नियम अनुसार सैंपल लिए गए हैं. सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर मौत की वजह क्या रही है. मध्य प्रदेश भर में सीरप बैन करने के सवाल पर कहा कि फिलहाल यह निर्णय नहीं लिया गया है कि उसे पूरे मध्य प्रदेश में बैन किया जाए. जब रिपोर्ट आ जाएगी, उसके बाद ही इसपर निर्णय लिया जा सकेगा. उन्होंने कहा कि मामला बेहद संवेदनशील है. हमारा विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है.
जबलपुर के अधारताल में बनी लव जिहाद वाली झांकी पर बवाल हो गया है. अमाल चिश्ती उर्फ अरबाज नामक युवक ने सोशल मीडिया पर झांकी को लेकर अभद्र टिप्पणी की. कमेंट में गालियों के साथ झांकी को विवाद का कारण बताया. उसकी टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई. इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. झांकी आयोजकों ने विरोध जताया. समिति ने अधारताल थाना पुलिस को शिकायत दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अब से कुछ देर में मुरैना आने वाले हैं. दोपहर दो बजे का समय तय है. बागेश्वार बाबा जिले की जौरा कृषि उपज मंडी प्रांगण में आएंगे. कृषि उपज मंडी में वह एक घंटे के लिए दिव्य दरबार लगाएंगे. भारी भीड़ मंडी प्रांगड़ में पहुंच चुकी है. दिव्य दरबार के बाद वह मनकामेश्वर महादेव मंदिर भी जाएंगे.
छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत पर भाजपा प्रवक्ता अजय धबले ने कहा कि छिंदवाड़ा में किडनी की बीमारी से ग्रस्त कुछ बच्चों की दुखद मृत्यु का समाचार सामने आया है. घटना हृदय विदारक है. जिला प्रशासन ने तत्काल घटना का संज्ञान लेकर मेडिकल विभाग की बैठकर बुलाकर उसके कारण क्या हो सकते हैं, उसपर तत्काल कार्रवाई की. दो कफ सीरप थे, जिनको प्रिसक्राइब किया था, उन कफ सीरप की वजह से संक्रमण फैला था और उन सैंपल्स को भेजा गया था. जिला प्रशासन ने तत्काल ग्रसित बच्चों को नागपुर भर्ती करवाया था. हमने सार्थक प्रयास भी शुरू किए. मुख्यमंत्री ने भी इस घटना पर जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं. दूसरा विषय यह है कि कांग्रेस इसको राजनीतिक दृष्टि से देख रही है जबकि यह काफी संवेदनशील विषय है. कांग्रेस से हम आग्रह करते हैं कि मध्य प्रदेश में डॉक्टर मोहन यादव की सरकार और छिंदवाड़ा का जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ बच्चों की गंभीर बीमारी के लिए प्रयासरत है. जिन दो डॉक्टरों ने यह दवाई प्रिसक्राइब की थी, उनके ऊपर भी नियमानुसार कार्रवाई करने की सरकार की मंशा है. मूल रूप से यह विषय जनता के साथ खड़े होने का है जबकि कांग्रेस इसपर ओछी राजनीति कर रही है.
रतलाम में दशानन का पुतला नहीं जलाने पर कांग्रेस भड़क उठी. कांग्रेस ने नगर निगम पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और इसकी जांच की मांग की. दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया. उन्होंने महापौर प्रहृलाद पटेल से इस्तीफे की मांग की. रावण दहन कार्यक्रम को लेकर शहरवासियों में भी भारी नाराजगी देखी गई. बीती रात नागरिक नगर निगम को जमकर कोसते नजर आए थे. अध्यक्ष शहर कांग्रेस रतलाम, शांतिलाल वर्मा ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की.
रियल स्टेट कारोबारी अनंत राम शिवहरे के घर पर आज सुबह 7 बजे से ईडी की 5 सदस्यीय टीम ने छापा मारा. शिवहरे परिवार का रियल स्टेट और बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का व्यवसाय है. सिविल लाइन थानाक्षेत्र के बगौता में कार्यवाही लगातार जारी है.
भोपाल AIIMS के ब्लड बैंक से प्लाज्मा चोरी की घटना सामने आई है. यह वारदात अस्पताल के एक कर्मचारी और एक अन्य व्यक्ति द्वारा अंजाम दी गई. इस घटना की शिकायत के बाद बागसेवनिया थाने में FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इसके लिए AIIMS प्रबंधन से CCTV फुटेज मांगे हैं. पुलिस द्वारा CCTV फुटेज और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कटारिया फार्मास्युटिकल्स पर ड्रग कंट्रोल विभाग ने छापा मारा है, जिसका कारण छिंदवाड़ा में कफ सिरप पीने से 9 बच्चों की मौत का मामला है. यह कफ सिरप जबलपुर के कटारिया फार्मा द्वारा सप्लाई किया गया था. ड्रग कंट्रोलर विभाग ने कटारिया फार्मा से सैंपल जब्त कर लिए हैं और जांच जारी है.
सुवासरा से बीजेपी विधायक हरदीप सिंह की जुबान फिसल गई. दशहरे के कार्यक्रम में हरदीप सिंह रावण की जगह राम को समाप्त करने की बात बोल गए. मंच पर भाषण के दौरान उन्होंने एक ही बाण से राम को समाप्त करने की बात कही. सुवासरा में विजयादशमी के कार्यक्रम में हरदीप सिंह शामिल हुए थे. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
समीक्षा बैठक से पहले विवाद हो गया. कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार तहसीलदार कुलदीप दुबे के व्यवहार से नाराज हो गए. तहसीलदार ने विधायक को रोककर दूसरे गेट से अंदर जाने को कहा, जिससे विधायक नाराज़ होकर अपनी गाड़ी से घर लौट गए. बाद में जब ज्योतिरादित्य सिंधिया की नजर इस पर पड़ी, तो वे कांग्रेस विधायक को वापस लेकर आए. इसके बाद सिंधिया कांग्रेस विधायक के साथ बैठक में पहुंचे. यह समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट में हो रही थी और प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट इसकी अध्यक्षता कर रहे थे.
DAVV रैगिंग कांड के बाद विश्वविद्यालय के पत्र पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. DAVV के आईईटी कैंपस में 14 कैमरे तोड़े गए थे, और छात्रों ने डीवीआर भी चुरा लिए थे. इस मामले में 4 छात्रों के खिलाफ भंवरकुआ थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है. DAVV के पत्र पर भंवरकुआ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. 26 सितंबर को छात्रों ने होस्टल में तोड़फोड़ की थी. पुलिस अन्य कई छात्रों की भूमिका की भी जांच कर रही है.