Bareilly Violence News Live : मोहम्मद नफीस के रजा पैलेस पर चला बुलडोजर, मानवाधिकार आयोग पहुंचा बरेली केस – News18 Hindi

बरेली में 26 सितंबर को हुई हिंसा का मामला राज्य मानवाधिकार आयोग पहुंच गया है. इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता डॉ. गजेंद्र सिंह यादव ने राज्य मानवाधिकार आयोग में आई लव मोहम्मद का जुलूस निकल रहे लोगों पर पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर शिकायत दर्ज कराई है. राज्य मानवाधिकार आयोग से पूरे मामले में दखल देने की मांग की गई है. बरेली में शांति व्यवस्था बहाल करने और पक्षपात रहित न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग की गई है. शिकायत में कहा गया है कि ऐसी घटनाओं को रोकने और नागरिकों के जीवन, सुरक्षा, संपत्ति, और सूचना/संवाद के अधिकारों की रक्षा के लिए उपाय किए जाएं. प्रभावित नागरिकों को हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजा और न्याय सुनिश्चित किया जाए.
उन्नाव में मुस्लिम समाज ने जुलूस-ए-गौसिया बरेली बवाल के बाद रद्द कर दिया है. शहर काजी का फैसला. एहतियातन उन्नाव प्रशासन अलर्ट. शहर के जामा मस्जिद के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम. मिश्रित आबादी और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस का कड़ा पहरा.
बरेली में मौलाना तौकीर के लेफ्ट हैंड नदीम खान की चार दुकानें सील कर दी गई हैं. मौलाना तौकीर को शरण में देने वाले फरहत खान का मकान भी सील किया गया है. बरेली विकास प्राधिकरण की ताबड़तोड़ एक्शन से मौलाना तौकीर के करीबियों में हड़कंप मचा. वक्फ की संपत्तियों पर कब्जा कर निर्माण करवाया गया. बरेली विकास प्राधिकरण के नियमों की अनदेखी की गई. मौलाना तौकीर समेत अब तक 83 लोग जेल भेजे जा चुके हैं. बुलडोजर की कार्रवाई अभी भी जारी है. अब तक मौलाना के करीबियों की करीब 200 करोड़ रुपए की अघोषित संपत्ति सीज की गई है.
सपा डेलिगेशन के बरेली जाने की जिद पर माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा है कि बरेली में शांति है. किसी डेलिगेशन को बरेली जाने की जरूरत नहीं. जो जबर्दस्ती जाएगा, कानून को हाथ में लेगा, उसे जवाब कानून देगा. यूपी की शांति का दूसरे प्रदेशों में उदाहरण दिया जाता है. योगी जैसे मुख्यमंत्री की दूसरे प्रदेशों में भी जरूरत है.
बरेली जा रहे डेलिगेशन के सदस्य सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलकर यूपी के हालत पर बैठक करेंगे. उनके आदेश का पालन करेंगे. लोगों के दुख दर्द सुनने जा रहे थे. नाजायज बुलडोजर एक्शन हो रहा है. यूपी में हालत खराब है. जानबूझकर इस मुद्दे को बढ़ाया गया है. सरकार जानबूझकर निगेटिव पॉलिटिक्स कर रही है. जनता परेशान हो चुकी है. 2027 के चुनाव में पीडीए और अखिलेश यादव की सरकार आएगी. खास कम्युनिटी को टारगेट किया जा रहा है. ईश्वर के नाम पर शपथ लेते हैं और उसका उल्टा काम करते हैं. विपक्ष का काम है कि लोगों की मुश्किलों को सुने और सरकार तक पहुंचाए. बीजेपी सरकार विपक्ष को अपराधी और देशद्रोही कहती है. ऐसा हाल आजादी के बाद तक अब तक नहीं हुआ है. तौकीर राजा ने खुद कहा कि उन्होंने लोगों को इकट्ठा होने की अपील नहीं की थी.
बरेली में बुलडोजर की कार्रवाई लगातार जारी है. बरेली डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीडीए) के वाइस चेयरमैन ने कहा है कि अभी कई बड़ी-बड़ी कार्रवाहियां होनी बाकी हैं. बीडीए कानून के हिसाब से काम करता है. किसी भी तरह के दबाव में एक्शन नहीं रुकेगा. अब तक करीब 1000 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां चिन्हित हो चुकी हैं.
बरेली में बुलडोजर की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. मोहम्मद नफीस के रजा पैलेस में बुलडोजर दाखिल हो गए हैं. एक साथ आज कई बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम देंगे. एक टीम रजा पैलेस को तोड़ने पहुंची है.
सपा के डेलिगेशन में शामिल होने बरेली जा रहे संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क को पुलिस ने डेलिगेशन में बरेली जाने से रोक दिया. जिस पर संभल सांसद ने नाराजगी जताई. धारा 163 हटने पर उन्होंने दोबारा डेलिगेशन के जाने की उम्मीद जताई है. लोगों को हक इंसाफ दिलाने के लिए बरेली जाने की बात कही है. सांसद ने प्रशासन की कार्यवाही पर सवाल किया है. फतेहपुर में अधिकारियों को धमकाने के वीडियो के बावजूद कोई कार्यवाही न करने तथा बरेली में बगैर सबूत के लोगों के खिलाफ कार्यवाही करने का आरोप लगाया है. बरेली को लेकर सांसद तल्ख हुए हैं.
समाजवादी पार्टी के सांसद नीरज मोर्य बरेली पहुंचे. सर्किट हाउस में पुलिस ने हिरासत में लिया. सर्किट हाउस से नीरज मौर्य को लेकर निकली पुलिस. बता दें कि आज 14 सपा नेताओं का एक डेलीगेशन बरेली जाने वाला था, जो वहां के लोगों से बात करके अखिलेश यादव को रिपोर्ट देने वाला था.
सपा के डेलिगेशन भेजने पर बरेली के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने साधा निशाना. जेपीएस राठौर बोले सपा से पूछना चाहता हूं किस पर आंसू बहाने के लिए भेज रहे हैं. जेपीएस राठौर बोले संविधान की धज्जियां उड़ाने वालों के पक्ष में सपा डेलिगेशन भेज रही है. बरेली में कोई परिंदा पर नहीं मार सकता है. कोई अराजकता को बढ़ावा देने वालों को हम मौका नहीं देंगे. हम सनातन को मानने वाले हैं, अराजकता बर्दाश्त नहीं करेंगे.
बरेली जा रहे सांसद जियाउर्रहमान बर्क को पुलिस ने रोका. बरेली जाने की जिद पर अड़े सांसद. मौके पर हुई जमकर धक्कामुक्की. सांसद के दीपा सराय स्थित आवास का मामला. भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं. वहीं सात सांसदों को एस्कॉर्ट करके पुलिस दिल्ली वापस ले गई है.
इकरा हसन सहित तीनों सांसदों को गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली गाजीपुर बॉर्डर से वापस दिल्ली भेज दिया है. ये तीनों सांसद दिल्ली से बरेली जा रहे थे. इन तीनों सांसदों का नाम उन 14 नेताओं में था, जो सपा के डेलिगेशन में शामिल हैं.
बरेली हिंसा अपडेटः समाजवादी पार्टी के सांसदों को पुलिस अपनी निगरानी में आगे लेकर जा रही है. बरेली जाने की अनुमति नहीं दी गई है. तीनों सांसदों को जब गाजीपुर बॉर्डर पर रोका गया तो सड़क पर बैठ गए.
बरेली हिंसा अपडेटः सपा के डेलिगेशन भेजे जाने पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर निशाना साधा है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव का बरेली में प्रतिनिधिमंडल भेजना नौटंकी और बचकाना कदम है. सपा की पहचान मुस्लिम तुष्टिकरण की गंदी राजनीति से है. विधानसभा चुनाव 2027 में सपा की दुर्दशा और सफाया होना तय है. यूपी दंगा मुक्त, सुशासन व क़ानून व्यवस्था हमारी पहचान और उपलब्धि है। सपाइयों को यही रास नहीं आ रहा.
सपा सांसद इकरा हसन ने बरेली जाने से रोकने पर कहा कि संविधान से देश चल रहा है, तो हमें किस अधिकार से रोका गया है. हमें बेबुनियाद बातें कह कर रोका जा रहा है. सपा डेलीगेशन को बरेली जाने से रोका जाना लोकतंत्र की हत्या है. सत्ता के नशे में चूर है सरकार.
बरेली हिंसा अपडेटः एक तरफ जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे और संभल के सांसद जिया उर्र रहमान को हाउस अरेस्ट किया गया है. वहीं बरेली के लिए निकले सपा के तीन सांसदों को गाजीपुर बॉर्डर पर रोक दिया गया है.
बरेली हिंसा अपडेटः बरेली दौरे पर जा रहे सपा नेता माता प्रसाद पांडे को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है. इसके बाद भी माता प्रसाद ने बाहर निकलने की कोशिश की तो पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए रोक लिया. इसके बाद माता प्रसाद पांडे ने कहा कि बरेली आज नहीं जा पाए ,तो कल जाएंगे. लेकिन जाएंगे. वहीं सपा नेता हरेंद्र मलिक, मोहिबुल्लाह नदवी और इकरा हसन बरेली के लिए निकले गए हैं. सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि हमें अभी नोटिस के बारे में नहीं पता, हम बरेली जा रहे है. आगे देखते हैं क्या होगा. वहीं माता प्रसाद पांडे ने कहा कि सांप्रदायिक मामला नहीं है, हिंदू-मुस्लिम का, जो हमें जाने नहीं दिया जा रहा है. केवल ज्ञापन देने एक समुदाय जा रहा था. उसके साथ मारपीट हो गई. वहां एक समुदाय पुलिस प्रशासन से डरा हुआ है.
बरेली हिंसा लाइवः संभल के सांसद जियाउर्रहमान बर्क और सपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है. संभल सांसद के घर के बाहर तो भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने बयान जारी करते हुए कहा, ‘सपा डेलिगेशन बरेली के पीड़ितों से मिलने जा रहा था. बरेली पुलिस ने बड़े स्तर पर की है ज्यादती. पुलिस ने ज्यादती छिपाने के लिए सपा डेलिगेशन पर लगाई रोक. मुझे बताया गया कि मेरे जाने से अशांति फैल सकती हैं. मेरे जाने से और बेहतर होता बरेली का माहौल. बीती रात PGI इंस्पेक्टर ने हाउस अरेस्ट करने की दी जानकारी. PGI इंस्पेक्टर को नोटिस देने का कोई अधिकार नहीं. फिर बरेली DM ने नोटिस भेज सपा डेलिगेशन के प्रवेश पर लगाई रोक. बरेली में बड़े स्तर पर निर्दोषों को भेजा गया जेल.’
बरेली हिंसा लाइवः बरेली जा रहे संभल के सांसद जियाउर्रहमान बर्क को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है. सपा सांसद को नजरबंद कर दिया गया है. जियाउर्रहमान बर्क सपा के उस डेलिगेशन में शामिल ते, जिनको बरेली जाना था. बरेली कूच से पहले पुलिस ने यह कार्रवाई की है.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News