भास्कर अपडेट्स: माता वैष्णो देवी मार्ग पर तीन दुकानों में लगी आग – Dainik Bhaskar

जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी गुफा की तरफ जाने वाले रास्ते की तीन दुकानों में बुधवार को आग लग गई। तीनों दुकानें जलकर खाक हो गईं। यह घटना रियासी जिले के चरण पादुका क्षेत्र में हुई, जहां एक दुकान में लगी आग ने अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस, फायर सर्विस डिपार्टमेंट और श्राइन बोर्ड की टीम ने मिलकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। फिलहाल किसी हताहत होने की सूचना नहीं है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
दिल्ली भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश चुनाव समिति की घोषणा की, इसमें 21 नेता शामिल
दिल्ली भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए आज प्रदेश चुनाव समिति की घोषणा की है। इस सूची में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, राष्ट्रीय महामंत्री डी.के. गौतम, मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज, अरविंदर सिंह लवली और सतीश उपाध्याय समेत 21 नाम शामिल हैं।
दिल्ली में विधानसभा चुनाव फरवरी 2025 में होने की संभावना है। मौजूदा सरकार का कार्यकाल जनवरी 2025 में समाप्त हो रहा है। भारत के चुनाव आयोग ने अभी तारीखों की घोषणा नहीं की है।
2020 के दिल्ली दंगे के आरोपी उमर खालिद को 7 दिन की अंतरिम जमानत मिली
दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट ने जेएनयू के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद को उनके चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए सात दिनों की अंतरिम जमानत दी है।
खालिद 28 दिसंबर से 3 जनवरी तक जमानत पर रहेंगे। उमर खालिद को 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों की साजिश से जुड़े मामले में सितंबर 2020 में गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। उनकी जमानत याचिका दिल्ली हाई कोर्ट में पेंडिंग है।
कोर्ट ने पहले उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा था कि मामले में लगाए गए आरोप अब तक गलत साबित नहीं हुए हैं।
मुंबई में नाव डूबी, 30-35 लोग सवार, बचाव कार्य जारी
मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से एलीफेंटा आइलैंड जा रही एक नाव डूब गई। नाव “नीलकमल” में करीब 30-35 लोग सवार थे। यह घटना उरण और करंजा के पास हुई। घटना में तीन लोगों की मौत की खबर है।
नेवी, कोस्ट गार्ड, जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (JNPA), यलो गेट पुलिस और स्थानीय मछुआरे मिलकर यात्रियों को बचाने में जुटे हैं। अब तक अधिकांश यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अभी रेस्क्यू किया जा रहा है।
घटना का कारण अब तक साफ नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि यह घटना एलीफेंटा आइलैंड के पास हुई, और यात्रियों को गेटवे ऑफ इंडिया वापस लाया जा रहा है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
आगरा के कारोबारी के घर ED की रेड, वृंदावन कॉरिडोर के लिए 510 करोड़ दान देने की बात कही थी
आगरा के रियल एस्टेट कारोबारी प्रखर गर्ग के ठिकानों पर बुधवार सुबह ED की रेड पड़ी। ED की टीमें उनके आगरा के घर के अलावा नोएडा के ठिकानों पर भी एक साथ पहुंची। दो महीने पहले प्रखर गर्ग पर 9 करोड़ के फ्रॉड की FIR दर्ज की गई है। उन पर धोखाधड़ी के 25 मुकदमे भी दर्ज हैं। एक साल पहले उन्होंने वृंदावन कॉरिडोर के लिए 510 करोड़ रुपए दान देने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वो सुर्खियों में आए थे।
AK-47 बरामदगी मामले में NIA की 4 राज्यों में 17 जगह छापेमारी
बिहार में AK-47 और गोलियों की बरामदगी से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार को चार राज्यों में 17 जगह पर छापेमारी की। यह कार्रवाई बिहार के मुजफ्फरपुर के फकुली थाना क्षेत्र से जुड़े केस में हुई, जिसे बिहार पुलिस ने 7 मई को दर्ज किया था। जिसकी जांच 5 अगस्त को NIA के पास गई थी।
इस मामले में चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं। जांच में पाया गया कि गिरफ्तार आरोपी विकाश कुमार ने गोपालगंज के अहमद अंसारी से AK-47 खरीदी और उसे मुजफ्फरपुर के देवमणि राय को दी। पूछताछ के बाद पुलिस ने मलकोनी रोड के पास एक पुल से AK-47 और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए। अहमद अंसारी को बिहार पुलिस ने नागालैंड के दीमापुर से गिरफ्तार किया था। इस दौरान उसके पास से मोबाइल और दो वॉकी-टॉकी मिले थे। NIA मामले की जांच कर रही है।
जम्मू-कश्मीर में सेना-पुलिस का सर्च ऑपरेशन; चार पिस्तौल, 6 मैगजीन बरामद
भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अमरोही, तंगधार, कुपवाड़ा में एक जॉइंट सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान, चार पिस्तौल, छह पिस्तौल मैगजीन, चार किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया।
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में घर में आग लगी, दम घुटने से 6 की मौत
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में रिटायर्ड DSP के घर में आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गई। 3 अन्य घायल हो गए। बचाव के दौरान एक पड़ोसी भी घायल हो गया। मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने 10 हजार किलो से ज्यादा अवैध ड्रग्स को किया नष्ट, इंटरनेशनल मार्केट में कीमत ₹1682 करोड़
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को जहांगीरपुरी इलाके में मेगा ड्रग डिस्ट्रक्शन इवेंट का आयोजन किया। इसमें 10,600 किलोग्राम से ज्यादा के ड्रग्स नष्ट कर दिए हैं। इंटरनेशनल मार्केट में इन ड्रग्स की कीमत 1600 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।
यह सारे ड्रग्स दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना की मौजूदगी में नष्ट किए गए हैं। इनमें गांजा, हेरोइन, कोकीन, एमडीएमए, खसखस, डोडा पोस्ता, केटामाइन, नशीले इंजेक्शन जैसे कई ड्रग्स शामिल थे।
लालकृष्ण आडवाणी की हालत में सुधार, जल्द ICU से शिफ्ट किए जाने की संभावना
भाजपा के वरिष्ठ नेता और भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की सेहत में सुधार हो रहा है। अपोलो अस्पताल के मुताबिक 12 दिसंबर से वो ICU में डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में हैं और उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। अगले 1-2 दिनों में उन्हें ICU से जनरल वॉर्ड में शिफ्ट किया जा सकता है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News