By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company’s Terms & Conditions and Privacy Policy.
ICC Women’s World Cup Final 2025: पूरे 8 साल के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम के पास एक बार फिर मौका आया है अपना इंतजार खत्म करने का. वर्ल्ड कप 2017 के फाइनल में इंग्लैंड के हाथों शिकस्त झेलने वाली भारतीय टीम अब अपनी ही जमीन पर अपने ही फैंस के सामने रविवार 2 नवंबर को इतिहास रच सकती है. उसके सामने साउथ अफ्रीका की मुश्किल चुनौती होगी, जिसके हाथों उसे पहले ही लीग स्टेज में हार का सामना करना पड़ा था. इस बार हालांकि, भारतीय टीम ज्यादा मजबूत और ज्यादा आत्मविश्वास से भरी हुई होगी. मगर क्या मौसम टीम इंडिया को ये खिताब जीतने से रोकेगा या फिर अपनी मेहरबानी दिखाएगा?
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच ICC विमेंस वर्ल्ड कप का ये फाइनल नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा. इसी मैदान पर टीम इंडिया ने दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को रिकॉर्ड रनचेज के साथ शिकस्त देते हुए फाइनल में जगह बनाई थी. उस सेमीफाइनल मैच पर भी बारिश का खतरा मंडरा रहा था लेकिन तब मौसम ने भारतीय टीम का साथ दिया था और जेमिमा रॉड्रिग्ज ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर टीम इंडिया को यादगार जीत दिलाई थी.
मगर क्या मौसम की यही मेहरबानी रविवार को भी रहेगी? मौसम विभाग के अनुमान पर नजर डालें तो रविवार 2 नवंबर को नवी मुंबई में बारिश हो सकती है. हालांकि ये बारिश मुख्य रूप से सुबह 4 से 7 बजे के बीच हो सकती है. हालांकि, शाम के वक्त भी हल्की बारिश की आशंका है. Accuweather के मुताबिक, 5 बजे से 7 बजे के बीच कुछ देर के लिए हल्की बारिश हो सकती है. अब अगर ऐसा होता है तो भारत और साउथ अफ्रीका का ये खिताबी मुकाबला बीच में रुक सकता है और ऐसे में कुछ ओवर भी घट सकते हैं.
हालांकि, राहत की बात ये है कि इसके बाद पूरी रात तक बारिश का दूर-दूर तक निशान नहीं है. हालांकि, ये अनुमान रविवार को बदल भी सकते हैं. मगर फिलहाल तो यही नजर आ रहा है कि हल्की-फुल्की रुकावट को छोड़कर भारत और साउथ अफ्रीका के बीच फाइनल रविवार को ही पूरा हो सकता है. वैसे, ICC की ओर से इस खिताबी मुकाबले के लिए रिजर्व दिन का प्रावधान भी है और ये रिजर्व दिन सोमवार 3 नवंबर को है. अगर इन दो दिनों में भी फाइनल का फैसला नहीं होता है तो भारत और साउथ अफ्रीका को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया जाएगा.