भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पांचवें और आख़िरी टी20 मुक़ाबले में श्रीलंका को 15 रनों से हरा दिया है. इसी के साथ भारत ने यह सिरीज़ 5-0 से अपने नाम कर ली है.
इफ़्तेख़ार अली, अरशद मिसाल
इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पांचवें और आख़िरी टी20 मुक़ाबले में श्रीलंका को 15 रनों से हरा दिया है. इसी के साथ भारत ने यह सिरीज़ 5-0 से अपने नाम कर ली है.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 175 रन बनाए. इसमें सबसे अधिक योगदान कप्तान हरमनप्रीत का रहा. उन्होंने 43 गेंदों में 68 रन की पारी खेली.
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम 160 रन ही जोड़ पाई. इस दौरान श्रीलंका ने अपने सात विकेट गंवाए.
इसी के साथ भारत ने क्लीन स्वीप करते हुए यह सिरीज़ 5-0 से जीत ली.
इस मैच में दीप्ति शर्मा ने एक विकेट अपने नाम किया. इसी के साथ वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे अधिक विकेट (152) लेने वाली महिला खिलाड़ी बन गई हैं.
इस मैच में बेहतरीन पारी खेलने के लिए भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' चुना गया, जबकि सिरीज़ में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ओपनर शेफ़ाली वर्मा को 'प्लेयर ऑफ़ द सिरीज़' चुना गया.
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
कैसे ख़त्म हुई सिंधु घाटी सभ्यता, नई रिसर्च ने क्या बताया?
सलमान ख़ान की 'बैटल ऑफ़ गलवान' फ़िल्म से चीन का सरकारी मीडिया क्यों हुआ नाराज़
'मैंने 40 युद्धों की रिपोर्टिंग की लेकिन 2025 जैसा साल पहले कभी नहीं देखा'
'मैं बेहद ग़ुस्से में हूं': ट्रंप ने पुतिन के घर पर 'हमले' के बाद कहा, पीएम मोदी और शरीफ़ ने भी दी प्रतिक्रिया
इमेज स्रोत, Reuters
ईरान की गिरती मुद्रा (ईरानी रियाल) के ख़िलाफ़ व्यापारियों और दुकानदारों के विरोध प्रदर्शनों के बीच देश ने व्यापारियों के लिए टैक्स में राहत का ऐलान किया है.
टैक्स अथॉरिटी के प्रमुख ने घोषणा की है कि व्यापारियों को टैक्स में राहत देने के लिए राष्ट्राध्यक्षों की मंज़ूरी से तीन ज़रूरी फ़ैसले लागू किए गए हैं. इन फ़ैसलों में वैल्यू-एडेड टैक्स नोटिस में बदलाव करना, कार्ड मशीन की रसीदों को इलेक्ट्रॉनिक इनवॉइस के तौर पर स्वीकार करने का समय बढ़ाना और टैक्स फ़ाइन माफ़ करना शामिल है.
इस फ़ैसले के तहत, इलेक्ट्रॉनिक इनवॉइस जारी न करने पर लगने वाला 100 फ़ीसदी फ़ाइन एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है. यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब महंगाई के ख़िलाफ़ विरोध सिर्फ़ व्यापारियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों तक भी फैल गया है.
तेहरान चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के हेड हामिदरेज़ा रस्तेगार ने कहा, “एक्सचेंज रेट में उतार-चढ़ाव का सभी बिज़नेस पर गंभीर असर पड़ा है. उम्मीद है कि एक दिन डॉलर और विदेशी करेंसी हमारी इकॉनमी से ग़ायब हो जाएंगे क्योंकि ये देश के लिए एक आपदा हैं. इस संकट से बाहर निकलना संभव है, लेकिन इसकी एक्सपर्ट्स को ज़िम्मेदारी दी जानी चाहिए.”
व्यापारियों और दुकानदारों का विरोध प्रदर्शन दो दिन पहले शुरू हुआ था, जब तेहरान और दूसरे शहरों में कई दुकानें बंद हो गईं.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि डॉलर की क़ीमत बढ़ने के बाद अब बिज़नेस जारी रखना मुमकिन नहीं है, क्योंकि बेचने के बाद उन्हें वही सामान दोबारा ज़्यादा क़ीमत पर ख़रीदना पड़ रहा है.
इमेज स्रोत, Getty Images
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें ग़ाज़ियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में कुछ लोग हथियार बांटते हुए दिख रहे हैं.
ये वीडियो कई लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी.
अखिलेश यादव ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "हिंसक विचार से लेकर हिंसक हथियार तक, लोगों के घरों तक पहुंचाने वाले, देश की एकता और सामाजिक सौहार्द के दुश्मनों के ख़िलाफ़ कोई संज्ञान लेने वाला है क्या?"
उन्होंने आगे लिखा, "हिंसा असभ्य लोगों और कमज़ोर होती सत्ता की निशानी होती है."
कल यानी सोमवार को इस घटना का ज़िक्र करते हुए असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर अतुल कुमार सिंह ने कहा कि "सोशल मीडिया के ज़रिए थाना शालीमार गार्डन को सूचना मिली कि हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी तलवार बांट रहे हैं. इसका संज्ञान लेकर थाना शालीमार गार्डन में इस मामले में 16 नामजद और 25 से 30 अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है."
एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया था कि इस मामले में 10 गिरफ़्तारियां भी हो चुकी हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
सऊदी अरब ने संयुक्त अरब अमीरात से कहा है कि वह 24 घंटे के भीतर यमन से अपनी सेना वापस बुला ले. सऊदी अरब ने यूएई पर 'बेहद ख़तरनाक क़दम' उठाने का आरोप लगाया है.
सऊदी अरब के एक बयान में कहा गया कि यूएई ने यमन के अलगाववादी गुटों पर दबाव डाला ताकि वो सऊदी अरब की दक्षिणी सीमा पर सैन्य कार्रवाई करें. सऊदी अरब ने इसे अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है.
यूएई ने सऊदी अरब के बयान पर निराशा जताई है और यमन में युद्ध को भड़काने के आरोपों से इनकार किया है.
यूएई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, "यूएई यमनी पार्टियों के बीच तनाव में देश को शामिल करने की किसी भी कोशिश को साफ तौर पर खारिज करता है. साथ ही उन आरोपों की कड़ी निंदा करता है कि उसने किसी भी यमनी पार्टी पर दबाव डाला या उसे ऐसे मिलिट्री ऑपरेशन करने के निर्देश दिए हैं, जिससे सऊदी अरब की सुरक्षा कमज़ोर होगी या उसकी सीमाओं को निशाना बनाएंगे."
इमेज स्रोत, ANI
देहरादून में त्रिपुरा के छात्र की हत्या के ख़िलाफ़ दिल्ली में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया.
9 दिसंबर को छात्र एंजल चकमा पर हमला हुआ था. बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी.
मार्च में शामिल एक महिला ने कहा कि, “हम भारत के अटूट अंग हैं. आप ये झुठला नहीं सकते, आपको ये बात मानना पड़ेगा, और हम भारतीय हैं इसकेे लिए हमें और कौन सा साइन बोर्ड लेकर चलना पड़ेगा. हम सभी भारत में रहने वाले लोगों से ये पूछना चाहते हैं कि खुद को भारतीय साबित करने के लिए कौन सा साइन बोर्ड लेकर चले”
9 दिसंबर को देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र के बाज़ार में एक निजी यूनिवर्सिटी से एमबीए फ़ाइनल कर रहे छात्र एंजल चकमा पर हाथ के कड़े और चाकू से हमला किया गया.
त्रिपुरा के एंजल इस हमले में बुरी तरह घायल हो गए और 16 दिनों तक अस्पताल में ज़िंदगी से जंग लड़ने के बाद उनकी मौत हो गई. इस हादसे के वक़्त उनके छोटे भाई माइकल भी मौजूद थे.
देहरादून पुलिस के मुताबिक़ इस मामले में अब तक दो नाबालिग़ सहित पांच अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया गया है और छठा अभियुक्त अभी फ़रार है.
देहरादून में हुई इस घटना ने एक बार फिर से पूर्वोत्तर भारत के स्टूडेंट्स के साथ उत्तर भारत में भेदभाव की घटनाओं को चर्चा में ला दिया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के जनाज़े में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर भारत की ओर से शामिल होंगे.
वो कल यानी बुधवार को ढाका पहुंचेंगे. विदेश मंत्री एस जयशंकर भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे.
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया का 80 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया है. वो काफी दिनों से बीमार थीं.
निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई भारतीय नेताओं ने दुख प्रकट किया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता और सांसद संजय राउत ने आज निकाय चुनाव को लेकर प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.
इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा– “क्या ज़रूरत है यहां मुंबई में मोदी जी को आने की? क्या यहां की बीजेपी और यहां के मुख्यमंत्री सक्षम नहीं हैं? योगी आदित्यनाथ क्यों आ रहे हैं, उनका यहां से क्या संबंध है? और भी राज्यों के मुख्यमंत्री आएंगे. यहां आप माहौल ख़राब करना चाहते हैं.”
उन्होंने कहा, “आज किसी ने कहा कि मुंबई में सिर्फ़ ‘जय श्री राम’ का नारा चलेगा, लेकिन हम मानते हैं कि मुंबई में सिर्फ़ ‘जय महाराष्ट्र’ का नारा चलेगा. और यहां नारा चलेगा तो ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ का.”
उन्होंने आगे कहा, “योगी आदित्यनाथ जैसे लोगों को यहां लाकर आप अपनी कमज़ोरी दिखा रहे हैं. आपके पास ताक़त नहीं है. इसलिए हर प्रांत के मुख्यमंत्रियों या मंत्रियों को लाकर यहां चुनाव लड़ना चाहते हो.”
इमेज स्रोत, Umang Poddar
इलेक्ट्रॉनिक्स और इनफ़ॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्रालय के सचिव एस कृष्णन ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ़ेंस में बताया कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के लिए 140 से ज़्यादा देशों को न्योता भेजा गया है.
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में 100 से अधिक देशों के शामिल होने की उम्मीद है.
उनके मुताबिक़, फ़्रांस के राष्ट्रपति ने अपने देश की मौजूदगी की पुष्टि कर दी है और कई अन्य देशों के नेताओं से भी सहमति मिलने की उम्मीद है.
सचिव ने यह भी बताया कि चीन को भी इस समिट के लिए औपचारिक न्योता भेजा गया है.
एस कृष्णन ने कहा कि इस कार्यक्रम में कई बड़ी कंपनियों के सीईओ ने भी शामिल होने की पुष्टि की है, जिनमें डीपमाइंड, एंथ्रॉपिक और एडोबी शामिल हैं. इसके अलावा बिल गेट्स के भी इस कार्यक्रम में आने की पुष्टि हुई है.
सऊदी अरब ने संयुक्त अरब अमीरात से अगले 24 घंटे के भीतर यमन से अपनी सभी सेनाएं वापस बुलाने को कहा है.
सऊदी अरब ने कहा है कि उसने मुकल्ला पोर्ट पर हमला किया है.
सऊदी अरब का दावा है कि यूएई से बड़ी मात्रा में हथियार भेजे गए हैं, जो दक्षिण में इलाक़ों पर क़ब्ज़ा करने वाले अलगाववादियों के लिए थे.
हालांकि यूएई ने अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. वहीं यमन की प्रेज़िडेंशियल काउंसिल ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है.
इमेज स्रोत, ANI
गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल में हैं. उन्होंने मंगलवार को कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान दावा किया कि बीजेपी अगले साल पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी.
इसके बाद टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने एक्स पर पोस्ट कर अमित शाह पर निशाना साधा. उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “अमित शाह आज बंगाल में हैं. उन्होंने आने वाले चुनाव में सीटों की भविष्यवाणी की है. लेकिन उनका ट्रैक रिकॉर्ड क्या है, देखिए.”
वीडियो में दिख रहा है कि, साल 2018 में अमित शाह ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में दावा किया था कि बीजेपी चौथी बार सरकार में आएगी. मगर पार्टी को 90 में से सिर्फ 15 सीटें मिलीं.
2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने दावा किया था कि उनकी पार्टी दिल्ली में बहुमत से सरकार बनाएगी, मगर बीजेपी को 70 में से सिर्फ 8 सीटें मिलीं.
वहीं 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने दावा किया था कि बीजेपी 200 से ज़्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी… लेकिन पार्टी को सिर्फ 77 सीटें ही मिलीं.
इसके अलावा 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने “400 पार” का नारा दिया था, लेकिन बीजेपी को सिर्फ 240 सीटें ही मिलीं.
प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान अमित शाह ने ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर निशाना साधा है और उन्हें घुसपैठ के लिए ज़िम्मेदार बताया है.
इमेज स्रोत, Eastern Theater Command
ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि मंगलवार सुबह छह बजे तक ताइवान के आसपास 130 सैन्य विमान, 14 नौसैनिक जहाज़ और आठ आधिकारिक जहाज़ देखे गए.
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक़, इन 130 सैन्य विमानों में से 90 ने ताइवान की मध्य रेखा को पार किया. ये विमान ताइवान के उत्तरी, मध्य, दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र में उड़ान भर रहे थे.
ताइवान का कहना है कि हमने स्थिति पर नज़र रखी और प्रतिक्रिया दी.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, चीन ने मंगलवार को ताइवान के आसपास लाइव-फ़ायर सैन्य अभ्यास शुरू किया.
इससे पहले चीन ने सोमवार को कहा था कि उसने ताइवान के आसपास सैन्य अभ्यास शुरू किया है, जिनमें नाकाबंदी जैसे हालात का अभ्यास किया जा रहा है.
चीन ने कहा है कि ये अभ्यास 'अलगाववादी ताक़तों' को चेतावनी देने के लिए हैं.
चीन की सेना के मुताबिक़, इन अभ्यासों में थलसेना, नौसेना, वायुसेना और रॉकेट फ़ोर्स को तैनात किया गया है. इन अभ्यासों में लाइव फ़ायर ड्रिल भी शामिल हैं.
इन सैन्य अभ्यासों को 'जस्टिस मिशन 2025' नाम दिया गया है.
चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, दूसरी ओर, ताइवान ख़ुद को एक आज़ाद मुल्क मानता है.
इमेज स्रोत, Getty Images
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कोलकाता में प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. वह कल यानी सोमवार को तीन दिन के दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे थे.
घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि, “जब तक फ़ेंसिंग नहीं होती, तब तक बीएसएफ़ सुरक्षा नहीं कर सकती. फ़ेंसिंग के लिए राज्य सरकार को बीएसएफ़ को ज़मीन देनी होगी.”
उन्होंने कहा, “इसके लिए मैंने ममता बनर्जी को सात पत्र लिखे हैं. पिछले छह सालों में गृह सचिव ने पश्चिम बंगाल आकर चीफ़ सेक्रेटरी से तीन बार बैठक की है.”
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार से सवाल किया कि ज़मीन देने में उन्हें किस बात का डर है. क्या उनकी कोई ज़िम्मेदारी नहीं है? क्या वे घुसपैठ होने देना चाहते हैं?
इसके अलावा उन्होंने राज्य में महिला सुरक्षा को भी बड़ा मुद्दा बताया.
वहीं 2026 के चुनाव से पहले मंदिर और मस्जिद की राजनीति शुरू होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि, “मंदिर और मस्जिद की राजनीति टीएमसी से निकले हुए विधायक कर रहे हैं और तृणमूल कांग्रेस कर रही है."
उन्होंने कहा कि सवाल तो सही हैं, लेकिन उसका एड्रेस ग़लत है.
इमेज स्रोत, Getty Images
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और प्रमुख नेता बेग़म ख़ालिदा ज़िया के निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी दुख जताया है.
उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेग़म ख़ालिदा ज़िया के निधन से दुखी हूं. उन्होंने सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे करियर के दौरान बांग्लादेश की राजनीतिक में अहम भूमिका निभाई है. उनके परिवार, समर्थकों और बांग्लादेश की जनता के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.”
वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संवेदनाएं व्यक्त की हैं. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और प्रमुख सार्वजनिक नेता बेग़म ख़ालिदा ज़िया के निधन से दुखी हूं. मैं उनके परिवार, दोस्तों और उन्हें चाहने वालों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं.”
इमेज स्रोत, Getty Images
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के निधन पर उनके बेटे और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक़ रहमान ने दुख भरा एक संदेश जारी किया है.
तारिक़ रहमान हाल ही में 17 साल बाद बांग्लादेश लौटे हैं.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरी मां, बीएनपी की अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री बेगम ख़ालिदा ज़िया आज हमें छोड़कर अल्लाह के बुलावे पर चली गईं."
तारिक़ रहमान ने लिखा, "बहुत से लोगों के लिए वह देश की नेता थीं, एक अडिग नेतृत्व करने वाली शख़्सियत, लोकतंत्र की मां और बांग्लादेश की मां. आज देश ने उस मार्गदर्शक को खो दिया है, जिसने उसके लोकतांत्रिक सपनों को आकार दिया."
अपनी मां के बारे में उन्होंने कहा कि मेरे लिए ख़ालिदा ज़िया एक प्रेम करने वाली मां थीं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और उसके लोगों के लिए समर्पित कर दिया.
बीएनपी के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, "उन्होंने हमेशा एकतंत्र, फ़ासीवाद और वर्चस्व के ख़िलाफ़ मज़बूती से खड़े होकर आज़ादी, संप्रभुता और लोकतंत्र की बहाली की लड़ाई का नेतृत्व किया."
तारिक़ रहमान ने कहा, "देश के लिए उन्होंने अपना पति खोया, अपना बच्चा खोया. उस निजी दुख में ही यह देश और इसके लोग उनका परिवार, उनका उद्देश्य और उनकी आत्मा बन गए. वह देशभक्ति, बलिदान और प्रतिरोध की ऐसी विरासत छोड़ गई हैं, जो बांग्लादेश की लोकतांत्रिक चेतना में हमेशा जीवित रहेगी."
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया का 80 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया है.
ये भी पढ़ें:
ख़ालिदा ज़िया: 'शर्मीली हाउसवाइफ़' जो बनी थीं बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
नशे की लत, गर्भपात और अंतहीन शोषण- सेक्स वर्कर्स की आपबीती
ख़ालिदा ज़िया: 'शर्मीली हाउसवाइफ़' जो बनी थीं बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री
ट्रंप ने नेतन्याहू को बीच में रोक अर्दोआन की तारीफ़ शुरू कर दी
इसराइल क्या पाकिस्तान पर तैयार नहीं है, इस्लामाबाद क्यों दे रहा है सफ़ाई?
इमेज स्रोत, Getty Images
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के निधन पर बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी ने 'गहरा शोक' जताया है.
जमात-ए-इस्लामी की ओर से जारी बयान में अमीर डॉक्टर शफ़ीक़ुर रहमान ने कहा, "बेगम ख़ालिदा ज़िया का बांग्लादेश के लोकतांत्रिक आंदोलन में अहम योगदान रहा. उन्होंने बहुदलीय लोकतंत्र की बहाली, लोगों के मतदान अधिकार और एकतंत्र के ख़िलाफ़ आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई."
उन्होंने कहा कि अपने मज़बूत नेतृत्व और स्पष्ट राजनीतिक रुख़ के ज़रिए बेगम ख़ालिदा ज़िया ने देश की राजनीति में एक अलग पहचान बनाई. देश उन्हें वर्चस्व के ख़िलाफ़ संघर्ष में उनके योगदान के लिए सम्मान के साथ याद रखेगा.
डॉक्टर रहमान ने कहा, "अल्लाह उनकी भूल-चूक को माफ़ करे, उन्हें जन्नतुल फ़िरदौस में जगह दे और इस कठिन समय में उनके परिवार, रिश्तेदारों और साथियों को सब्र अता करे."
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया का 80 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया है.
ये भी पढ़ें:
ख़ालिदा ज़िया: 'शर्मीली हाउसवाइफ़' जो बनी थीं बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री
इमेज स्रोत, Getty Images
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक आवास पर कथित ड्रोन हमले के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर 'गहरी चिंता' जताई है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "रूस के राष्ट्रपति के आवास को निशाना बनाए जाने की ख़बरों को लेकर हम काफ़ी चिंतित हैं."
उन्होंने कहा, "जारी कूटनीतिक प्रयास ही संघर्ष ख़त्म करने और शांति हासिल करने का सबसे असरदार रास्ता हैं. हम सभी पक्षों से अपील करते हैं कि वे इन प्रयासों पर ध्यान बनाए रखें और ऐसे किसी भी क़दम से बचें जो शांति की कोशिशों को नुक़सान पहुंचा सकता है."
दरअसल, रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति पुतिन के एक आवास पर ड्रोन हमला किया है. हालांकि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इस आरोप को ख़ारिज कर दिया है.
ज़ेलेंस्की ने इस दावे को 'रूस का जाना-पहचाना झूठ' बताया और कहा कि इसका मक़सद क्रेमलिन को यूक्रेन पर हमले जारी रखने का बहाना देना है.
इमेज स्रोत, Asif Ali/SDRF
उत्तराखंड के अल्मोड़ा ज़िले के सल्ट-भिकियासैंण इलाक़े में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ. भिकियासैंण-विनायक-भेलती मोटर मार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी.
यह बस पहाड़ी इलाके़ से रामनगर की ओर जा रही थी. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और आपदा राहत दल मौके़ पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया.
अल्मोड़ा ज़िला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बीबीसी हिन्दी को बताया कि यह दुर्घटना खेलापानी नामक स्थान के पास हुई.
उनके मुताबिक, सुबह क़रीब नौ बजे आपदा कंट्रोल रूम को हादसे की जानकारी मिली थी.
उन्होंने बताया कि 32 सीटर यह बस द्वाराहाट से रामनगर जा रही थी और क़रीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई. बस में कुल 19 लोग सवार थे.
विनीत पाल के अनुसार, इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं. घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें हेली सेवा के ज़रिए एम्स ऋषिकेश भेजा जा रहा है.
इमेज स्रोत, Getty Images
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के बेटे सजीब वाजिद ने पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के निधन पर शोक जताया है.
बांग्लादेश की पूर्व और पहली महिला प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया का 80 साल की उम्र में मंगलवार सुबह छह बजे निधन हो गया.
सजीब वाजिद ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ऐसे अहम समय में, जब देश के लोग सुरक्षा की कमी से जूझ रहे हैं और देश को अस्थिर और राजनीति से दूर करने की कोशिशें हो रही हैं, उनके निधन से देश के परिवर्तन पर गहरा असर पड़ेगा."
उन्होंने कहा, "अपने राजनीतिक जीवन में उन्हें पहले राजनीति से अलग-थलग करने की कोशिशों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कई अहम उपलब्धियां हासिल कीं और देश के लिए कई नीतियों को आकार दिया."
शेख़ हसीना के बेटे ने कहा, "देश के निर्माण में उनके योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा लेकिन उनका जाना बांग्लादेश की स्थिरता के लिए एक बड़ा झटका है."
शेख़ हसीना और ख़ालिदा ज़िया एक-दूसरे की कट्टर प्रतिद्वंद्वी रही हैं.
ख़ालिदा ज़िया से जुड़ी ये कहानी पढ़ें:
ख़ालिदा ज़िया: 'शर्मीली हाउसवाइफ़' जो बनी थीं बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2025 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.