24 घंटे में खुला इंसाफ का ताला… अंजना को हक और हौसले की लड़ाई में मिला सीएम योगी का साथ – AajTak

Feedback
लखनऊ के इंदिरा नगर का ए-418 नंबर मकान गुरुवार को फिर खुला, लेकिन यह सिर्फ एक घर के ताले खुलने की कहानी नहीं थी. यह उस महिला की वापसी थी, जिसने पिता, भाई-बहन और फिर अपना मानसिक संतुलन खोने के बाद भी अपने हक की उम्मीद नहीं छोड़ी थी. वर्षों बाद अंजना अपने उसी घर में खड़ी थीं, जिसे कुछ समय पहले तक वह हमेशा के लिए खो चुकी मान चुकी थीं.
अंजना के पिता स्वर्गीय बिपिन चंद्र भट्ट भारतीय सेना में मेजर थे. देश की सेवा के दौरान उन्होंने लखनऊ के इंदिरा नगर में ए-418 नंबर का मकान बनवाया था. यही मकान कभी इस परिवार की पहचान हुआ करता था. साल 1994 में मेजर भट्ट का निधन हुआ. उस वक्त परिवार में बेटा और दो बेटियां थीं. समय के साथ हालात बदलते गए. बेटे और एक बेटी की असमय मौत ने परिवार को भीतर से तोड़ दिया. अकेली बचीं अंजना. लगातार आघातों ने उनके मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित किया और धीरे-धीरे उन्हें सिजोफ्रेनिया जैसी गंभीर बीमारी ने घेर लिया.
साल 2016 में हालत बिगड़ने पर अंजना को निर्वाण रिहैब सेंटर में भर्ती कराया गया. इलाज शुरू हुआ, लेकिन इसी दौर में उनके जीवन की सबसे बड़ी साजिश रची जा रही थी. जिस घर को उन्होंने कभी सुरक्षित ठिकाना माना था, वही निशाने पर आ गया. जांच में सामने आया कि बलवंत कुमार यादव और मनोज कुमार यादव ने अंजना की बीमारी और अकेलेपन का फायदा उठाया. फर्जी दस्तावेज तैयार कर मकान पर कब्जे की तैयारी की गई. धीरे-धीरे घर पर बाहरी लोगों का आना-जाना बढ़ा और एक दिन मकान पर किसी और का नाम लिखा बोर्ड लग गया. अंजना को जब इसकी जानकारी मिली, तो यह उनके लिए किसी झटके से कम नहीं था. जिस घर से उनका बचपन, परिवार और पहचान जुड़ी थी, वह उनसे छीना जा चुका था वो भी कागजों की चालबाजी से.
थाने से लेकर दफ्तरों तक की गई कोशिशें
रिहैब सेंटर के डॉक्टर संतोष दुबे बताते हैं कि अंजना ने पहले स्थानीय थाने में शिकायत दी. 6 दिसंबर को लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन कार्रवाई की रफ्तार धीमी रही. अंजना मानसिक बीमारी से जूझ रही थीं, लेकिन हालात की गंभीरता उन्हें पूरी तरह समझ में आ रही थी. डॉक्टरों और शुभचिंतकों ने उनका साथ दिया, पर कब्जाधारियों के हौसले बुलंद थे. अंजना को महसूस होने लगा कि यदि अब भी आवाज नहीं उठाई, तो सब कुछ हमेशा के लिए हाथ से निकल जाएगा.
सीएम योगी से की मुलाकात 
31 दिसंबर की शाम अंजना मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं.  उन्हें पूरी बात विस्तार से बताई गई. मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद मामला अचानक गति में आ गया. स्थानीय पुलिस और प्रशासन हरकत में आया. दस्तावेज खंगाले गए, जमीन रिकॉर्ड की जांच हुई और पूरे घटनाक्रम को जोड़कर देखा गया. गुरुवार की सुबह तक तस्वीर साफ हो चुकी थी. जांच में फर्जीवाड़ा सामने आया और दोपहर से पहले ही अंजना को उनका मकान वापस दिला दिया गया. मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों की निगरानी में ताले खुलवाए गए. जैसे ही अंजना घर के अंदर दाखिल हुईं, उनकी आंखें भर आईं. वे एक-एक कमरे में गईं
दहलीज पर टूटी चुप्पी
घर के बाहर आकर उन्होंने नारियल फोड़ा, दीप जलाया और फूल रखे. अंजना फूट-फूटकर रोने लगीं. पुलिस ने इस मामले में बलवंत कुमार यादव उर्फ बब्लू और मनोज कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है. एसीपी गाजीपुर अनिंद्य विक्रम सिंह के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना से जुड़े साक्ष्य मिले हैं. फर्जी दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त कर ली गई है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन शामिल था.
 
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News