Bettiah Crime News: बिहार के बेतिया से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां नाबालिग दोस्त ने ही अपने दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी. हरदिया मन घूमने के दौरान हुए विवाद में 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई. पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना ने इलाके में दहशत और समाज में बढ़ती किशोर हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Trending Photos
Bettiah Crime News: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पढ़ने-लिखने और भविष्य संवारने की उम्र में दो नाबालिग दोस्तों के बीच हुआ विवाद खून-खराबे में तब्दील हो गया और एक किशोर की जान चली गई. यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि समाज में बच्चों के बीच बढ़ती हिंसा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है. जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उसी उम्र में उनके हाथों में चाकू होना समाज के लिए बेहद चिंताजनक संकेत है.
घटना नौतन थाना क्षेत्र के खड्डा वी पंचायत अंतर्गत बंगाली टोला की है. बताया जा रहा है कि पप्पू कुमार और सुजीत कुमार, दोनों आपस में दोस्त थे और हरदिया मन घूमने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि सुजीत कुमार ने अपने साथ रखे चाकू से पप्पू कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल पप्पू को सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: CM नीतीश कुमार के खिलाफ अभद्र भाषा पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद युवक गिरफ्तार
मृतक किशोर पप्पू कुमार की मां शीला देवी ने बताया कि सुबह करीब दस बजे सुजीत उनके घर आया और पप्पू को घूमने के लिए बुलाकर ले गया था. कुछ ही देर बाद चाकूबाजी की सूचना मिली. उन्होंने आरोप लगाया कि सुजीत ने साजिश के तहत उनके बेटे की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि दोनों किशोर नाबालिग थे. चाकू मारने वाला आरोपी 15–16 वर्ष का है, जबकि मृतक पप्पू की उम्र भी करीब 15 साल बताई जा रही है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है.
मामले की सूचना मिलते ही नौतन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. एसडीपीओ रजनीश कांत प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस ने एक किशोर को हिरासत में लिया है और घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है. हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी बनकर सामने आई है.
रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी
Thank you
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts.