Feedback
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मैच में अब महज पांच दिन बचे हैं. पाकिस्तान सरकार ने पहले भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की घोषणा की थी. लेकिन अब इस महा-मुकाबले से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के ‘यू-टर्न’ पर पाकिस्तानी यूजर्स मजाक उड़ा रहे हैं.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ पाकिस्तानी सोशल मीडिया यूजर्स पाकिस्तान के भारत के साथ टी20 वर्ल्ड कप खेलने को समझदारी बता रहे हैं. जबकि कई यूजर्स दुख जता रहे हैं कि कैसे पाकिस्तान ने खुद को दुनिया के सामने एक तमाशे में बदल लिया है.
सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी यूजर्स का एक ग्रुप ऐसा भी है, जो एआई के जरिए फर्जी खबरें फैलाकर, इस चर्चा का फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है. पाकिस्तानी नागरिक PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी को भी नहीं बख्श रहे हैं.
निशाने पर PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी
कई पाकिस्तानी यूजर्स सोशल मीडिया पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी का मजाक उड़ा रहे हैं. लोग उन्हें अपने ही देश की फजीहत कराने का जिम्मेदार बता रहे हैं. हालांकि, कुछ यूजर्स ऐसे दावे भी कर रहे हैं कि उन्होंने ICC पर दबाव डालकर अपनी सारी मांगें मनवा ली हैं, जो कि हकीकत से परे है.
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाक खिलाड़ियों में होगा हैंडशेक? ICC-PCB डील से क्या निकला
“Do beggars have a choice?”- भारतीय यूजर्स का तंज
पाकिस्तान के इस यूटर्न पर भारतीय यूजर्स भी खूब चुटकी ले रहे हैं. भारतीय यूजर्स ने पाकिस्तान के इस सरेंडर पर तंज कसते हुए लिखा, ‘Do beggars have a choice?’ भारतीय सोशल मीडिया पर इसे पाकिस्तान का ‘डर’ भी बताया जा रहा है कि ICC से मिलने वाले भारी फंड और BCCI की आर्थिक ताकत के आगे पाकिस्तान को झुकना पड़ा.
जानकारों का कहना है कि अगर पाकिस्तान मैच नहीं खेलता, तो भारत को कोई नुकसान नहीं होता, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट पूरी तरह बर्बाद हो सकता था.
यह भी पढ़ें: PCB और BCB प्रमुखों ने मिलकर की भारत-पाक टी20 वर्ल्ड कप मैच पर चर्चा, देखें
AI और फर्जी वीडियो का बढ़ता खतरा
इस बीच सोशल मीडिया पर भारी मात्रा में फेक खबरें फैलाई जा रही हैं. AI से बनी ऐसी तस्वीरें वायरल की गई हैं, जिनमें ICC हेड ऑफिस को जलते हुए दिखाया गया और दावा किया गया कि ICC पाकिस्तान के आगे झुक गया है. एक AI जेनरेटेड वीडियो में पाकिस्तानी खिलाड़ी हारिस रऊफ और शाहीन अफरीदी को भारतीय खिलाड़ियों (शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह आदि) पर हमला करते दिखाया गया है.
क्या है पूरा विवाद?
बता दें कि 1 फरवरी को पाकिस्तान ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया था. पाकिस्तान ने ICC से बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर कराने की अपील की थी, जिसे बोर्ड ने ठुकराते हुए स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया था.
बॉयकॉट के फैसले के 9 दिनों बाद ही पाकिस्तान सरकार ने यू-टर्न लेते हुए अपनी टीम को 15 फरवरी को भारत के खिलाफ खेलने का आदेश दे दिया. पाकिस्तान की अपील पर ICC ने बांग्लादेश पर कोई जुर्माना न लगाने की बात मान ली, लेकिन पाकिस्तान की अन्य बड़ी मांगों (जैसे द्विपक्षीय सीरीज की बहाली) को कबूल नहीं किया.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू