Feedback
असम के श्रीभूमि जिले के रामकृष्ण नगर विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को सिंगला नदी पर बना पुल अचानक ढह गया. हादसे के वक्त पुल पर कुल छह गाड़ियां मौजूद थीं, जिनमें से चार छोटी गाड़ियां सीधे नदी में जा गिरीं. अनिपुर बाजार के पास हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया. हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे नाजुक हालत में सिलचर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. इस पुल के गिरने से बराक घाटी के कई महत्वपूर्ण इलाकों का संपर्क पूरी तरह कट गया है.
बताया जा रहा है कि रामकृष्ण नगर के अनिपुर बाजार में जब ये पुल गिरा तो वहां मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल का ढांचा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया, जिससे उस पर सवार वाहनों को संभलने का मौका नहीं मिला. चार गाड़ियां सीधे पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं.
स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं और नदी में गिरी गाड़ियों को निकालने के साथ-साथ अन्य यात्रियों की तलाश कर रहे हैं.
इस महत्वपूर्ण पुल के गिरने का सीधा असर बराक घाटी के परिवहन पर पड़ा है. कई मुख्य रास्तों के बंद हो जाने से लोगों की आवाजाही थम गई है. घायलों की कुल संख्या और संपत्ति के नुकसान का सटीक आकलन अभी किया जा रहा है. फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और नदी में डूबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है. घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा है और बचाव दल क्रेन की मदद से गाड़ियों को निकालने की कोशिश कर रहा है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू