Feedback
जूही चावला ने अपने करियर में बेहतरीन फिल्मों में काम किया है, इन्हीं में से एक थी झंकार बीट्स. ये साल 2003 में आई थी. फिल्म को सुजॉय घोष ने डायरेक्ट किया था. जूही के साथ फिल्म में संजय सूरी और राहुल बोस जैसे एक्टर्स भी थे. लेकिन सुजॉय ने बताया कि जूही ने पहले ये फिल्म करने से इनकार कर दिया था. वो इसके एक कंडोम वाले सीन को लेकर हिचक रही थीं.
क्यों जूही ने किया था इनकार?
सुजॉय घोष ने बताया कि जूही चावला फिल्म की स्क्रिप्ट को सुनकर चौंक गई थीं. उन्होंने शुरुआत में इस फिल्म को करने से मना कर दिया था.उन्होंने कहा था- मैं ये फिल्म नहीं कर रही हूं.
हाल ही में स्क्रीन से बातचीत में उन्होंने बताया- एक सीन था जिसमें दीप (संजय सूरी) का दिन अच्छा नहीं चल रहा होता है. ऑफिस में तनाव है, वो जिस विज्ञापन पर काम कर रहा है, उसमें भी सफलता नहीं मिल रही. उसकी सास उसके साथ रह रही है और घर में बच्चा आने वाला है. वो सपना देखता है कि शांति (जूही चावला) ने बच्चे को जन्म दिया है. लेकिन जब वो बच्चे को उठाता है, तो बच्चे का चेहरा उसकी सास जैसा होता है. तभी उसके पीछे एक चमकदार बड़ा कंडोम नजर आता है, जो नाचते हुए कहता है- ‘अगर तुमने मेरा इस्तेमाल किया होता, तो आज ये दिन नहीं देखना पड़ता’.
सुजॉय ने बताया कि इस सीन को लेकर जूही ने साफ कहा था- अगर ये सीन रहेगा, तो मैं फिल्म में नहीं रहूंगी. इसके बाद ये सीन हटा दिया गया.
जूही के किरदार से मिली ‘कहानी’ की इंस्पिरेशन
इसी बातचीत में सुजॉय घोष ने ये भी कहा कि जूही चावला इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत थीं. उन्होंने कहा- जूही शायद इस फिल्म की सबसे बड़ी सहारा थीं. वही स्टार थीं जिनकी वजह से फिल्म बन पाई. अगर वो नहीं होतीं, तो शायद ये फिल्म बन ही नहीं पाती. और शांति का किरदार, जिसे उन्होंने निभाया, वही मेरे लिए बाद में ‘कहानी’ की विद्या बागची जैसा किरदार बना.
हाल ही में ‘झंकार बीट्स’ को मुंबई के कला घोड़ा फेस्टिवल में दिखाया गया, जहां सुजॉय घोष, संजय सूरी और शायन मुंशी भी मौजूद थे. इस दौरान संजय सूरी ने कहा कि आज के समय में शायद ‘झंकार बीट्स’ जैसी फिल्म बनाना मुश्किल हो, क्योंकि आज लीगल टीम सबसे पहले स्क्रिप्ट पढ़ेगी और कंडोम वाले सीन पर तुरंत आपत्ति जता देगी.
झंकार बीट्स फिल्म हालांकि उस समय बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी, लेकिन बाद में इसे दर्शकों ने काफी पसंद किया. फिल्म के गाने आज भी खूब सुने जाते हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू