By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company’s Terms & Conditions and Privacy Policy.
हार्दिक पंड्या ने 18वें ओवर में लगातार 2 विकेट हासिल करते हुए नामीबिया को पस्त कर दिया है. उन्होंने पहले बर्नार्ड स्कॉल्ट्ज को आउट किया और फिर अगली गेंद पर बेन शिकोंगो को LBW आउट कर दिया.
जसप्रीत बुमराह को भी आखिरकार सफलता मिल गई है. उन्होंने रूबेन ट्रंपलमैन को बोल्ड करते हुए नामीबिया को 7वां झटका दिया और साथ ही अपना पहला शिकार किया.
नामीबिया का छठा विकेट भी गिर गया है और इस बार ये विकेट मिला जसप्रीत बुमराह के बेहतरीन कैच से. अक्षर पटेल की गेंद पर मलान क्रूगर (5) ने ऊंचा शॉट खेल दिया लेकिन बुमराह ने डाइव लगाकर कमाल का कैच लपका.
नामीबिया का पांचवां विकेट भी गिर गया है और इस बार तो कप्तान गेरहार्ड इरासमस ही पवेलियन लौट गए. ये सफलता अक्षर पटेल को मिली.
वरुण चक्रवर्ती ने एक ही ओवर में 2 विकेट झटक लिए हैं. ईटन के बाद आए नए बल्लेबाज जेजे स्मिट को खाता भी नहीं खोलने दिया और बोल्ड कर दिया. वरुण का ये तीसरा विकेट है.
वरुण चक्रवर्ती ने लगातार दूसरे ओवर में सफलता हासिल करते हुए इस बार यान लॉफ्टी-ईटन को पवेलियन लौटा दिया है.
वरुण चक्रवर्ती ने आते ही नामीबिया को दूसरा झटका दे दिया. 8वें ओवर में आए वरुण ने विस्फोटक बैटिंग कर रहे लॉरेन स्टीनकैंप (29) को बोल्ड कर दिया.
नामीबिया ने एक विकेट जरूर गंवा दिया है लेकिन पावरप्ले में बेहतरीन शुरुआत की है और 6 ओवर में ही 57 रन कूट दिए हैं. स्टीनकैंप ने 17 गेंदों में ही 29 रन बटोर लिए.
अर्शदीप सिंह ने टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाते हुए नामीबिया के ओपनर यान फ्रायलिंक (22) का विकेट हासिल कर लिया है. चौथे ओवर में ये सफलता मिली है.
नामीबिया ने उम्मीद के विपरीत पारी की सधी शुरुआत की है और टीम इंडिया को कोई विकेट नहीं दिया है. दोनों ओपनर्स ने मिलकर 3 ओवर में ही 24 रन बना दिए हैं.
नामीबिया ने 210 रन के लक्ष्य का पीछा शुरू कर दिया है. उसके लिए यान फ्रायलिंक और लॉरेन स्टीनकांप ने बल्लेबाजी की शुरुआत की है.
टीम इंडिया की पारी खत्म हो गई है और उसने 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए हैं. आखिरी ओवर में टीम सिर्फ 3 रन बना सकी और 2 विकेट गंवाए. भारतीय टीम ने आखिरी 2 ओवर में सिर्फ 10 रन बनाए और इस दौरान 5 विकेट गंवा दिए, जिसके चलते ये स्कोर ज्यादा बड़ा नहीं हो सका. नामीबिया के लिए कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने 4 ओवर में सिर्फ 20 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.
टीम इंडिया ने रिंकू सिंह का विकेट भी गंवा दिया है. 20वें ओवर में वो पवेलियन लौट गए.
भारतीय टीम ने 19वें ओवर में ही 3 विकेट गंवा दिए हैं. हार्दिक और शिवम के बाद अक्षर पटेल भी चलते बने. वो पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना बोल्ड हो गए.
टीम इंडिया ने लगातार 2 गेंदों में दो विकेट गंवा दिए हैं. 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर हार्दिक पंड्या (52) को गेरहार्ड इरासमस ने आउट किया और फिर अगली ही गेंद पर शिवम दुबे (23) रन आउट हो गए.
हार्दिक पंड्या ने सिर्फ 27 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया. हार्दिक ने छक्का जड़कर अपनी फिफ्टी पूरी की.
टीम इंडिया ने 15वें ओवर में 150 का आंकड़ा भी पार कर लिया. इस ओवर की पहली गेंद पर शिवम दुबे ने छक्का जमाया और टीम को इस आंकड़े के पार पहुंचाया.
भारत ने चौथा विकेट भी गंवा दिया है और अब तिलक वर्मा (25) को भी पवेलियन लौटना पड़ा है. उन्हें भी नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने अपना शिकार बनाया.
पिछले मैच के स्टार भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव इस बार जल्दी आउट हो गए हैं. उन्हें स्पिनर बर्नार्ड स्कॉल्ट्ज ने स्टंप आउट करवा दिया. सूर्या सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हुए.
नामीबिया को बड़ी सफलता मिली है क्योंकि ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे ईशान किशन आउट हो गए हैं. 8वें ओवर की पहली गेंद पर वो आउट हो गए. ईशान ने सिर्फ 24 गेंदों में 61 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 6 चौके शामिल थे.
भारतीय टीम ने 6.5 ओवर में ही अपने 100 रन पूरे कर लिए. इसके साथ ही टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी टीम की ओर से सबसे तेज 100 रन का ये नया रिकॉर्ड बन गया.
ईशान किशन ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जमा दिया है. उन्होंने छठे ओवर में लगातार 4 छक्के और 1 चौका जड़ते हुए अर्धशतक पूरा कर लिया. इसके साथ ही पावरप्ले में भारत ने 1 विकेट खोकर 86 रन बना लिए हैं.
भारतीय टीम ने 5वें ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए हैं. तीसरे ओवर में तिलक वर्मा और ईशान किशन ने 3चौके समेत 15 रन बटोरे और 50 का आंकड़ा पार कर लिया.
भारतीय टीम ने पहला विकेट गंवा दिया है और दूसरे ओवर में ही संजू सैमसन (22) आउट हो गए. सैमसन ने दूसरे ओवर में लगातार 3 बाउंड्री लगाई जिसमें 2 छक्के शामिल थे. मगर चौथी बाउंड्री लगाने की कोशिश में आउट हो गए.
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में अपना खाता शानदार छक्का जमाकर खोला है. उन्होंने पारी के पहले ओवर में ही ये सिक्सर ठोका.
भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरू हो गई है और ईशान किशन के साथ इस बार ओपनिंग के लिए संजू सैमसन उतरे हैं. पिछले मैच में अभिषेक शर्मा ओपनिंग जोड़ी का हिस्सा थे.
ये मैच संजू सैमसन के लिए बहुत खास होने जा रहा है क्योंकि वो टी20 वर्ल्ड कप में अपना डेब्यू कर रहे हैं. पिछले वर्ल्ड कप में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था, जबकि इस वर्ल्ड कप के पहले मैच में भी वो नहीं खेल पाए थे.
भारतः सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह.
नामीबियाः गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), लौरेन स्टीनलैंप, यान फ्रायलिंक, यान निकोल लॉफ्टी-ईटन, जेजे स्मिट, ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पलमैन, मलान क्रूगर, बर्नार्ड शॉल्ट्ज, बेन शिकोंगो और मैक्स हिंगो.
USA के बाद नामीबिया के खिलाफ भी भारतीय टीम टॉस हार गई और लगातार दूसरे मैच में उसे पहले बल्लेबाजी करनी होगी. भारतीय टीम में दो बदलाव हुए हैं, जिसमें अभिषेक शर्मा और मोहम्मद सिराज को बाहर किया गया है, जबकि संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह प्लेइंग-11 में लौटे हैं.
क्या आज के मैच में भारतीय प्लेइंग-11 में बदलाव होगा? ये एक ऐसा सवाल है, जिसका जवाब तो सबको पता है लेकिन ये साफ नहीं है कि टीम की तस्वीर कैसी होगी. भारतीय प्लेइंग-11 में बदलाव तय है क्योंकि अभिषेक शर्मा की फिटनेस सवालों के घेरे में है, जबकि जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर पूरी तरह फिट हो चुके हैं. इन दोनों में से किसी एक का आना तय है.
आज के मैच में नजरें भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा पर हैं, जो पिछले मैच के दौरान बीमार पड़ गए थे. इसके बाद से ही उनके खेलने को लेकर अटकलें जारी हैं. जानकारी के मुताबिक, अभिषेक भी पूरी टीम के साथ मैदान पर पहुंच गए हैं. मगर क्या वो खेलेंगे, ये फिलहाल साफ नहीं है.
भारत और नामीबिया के बीच टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ये सिर्फ दूसरी टक्कर होने जा रही है. इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2021 में दुबई में भारत-नामीबिया आमने-सामने थे. तब टीम इंडिया ने 9 विकेट से जीत दर्ज की थी.
India vs Namibia, T20 World Cup 2026 Live Cricket Score and Updates in Hindi: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मैच में आज भारत और नामीबिया आमने-सामने हैं. ग्रुप A में दोनों ही टीम का ये दूसरा मैच है. नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने जा रहे इस मुकाबले में टीम इंडिया लगातार दूसरी जीत के इरादे से उतरेगी. वहीं पहला मैच गंवाने के बाद नामीबिया अपना खाता खोलने उतरेगी. हालांकि, मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन के सामने वो ऐसा उलटफेर कर सकेगी, इसकी संभावना कम ही है.टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में USA को 29 रन से हराया था. वहीं नामीबिया को पहले मैच में नीदरलैंड से शिकस्त मिली थी.
टीम इंडिया ने पहले मैच में जीत तो दर्ज की थी लेकिन उसकी बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही थी. भारतीय टीम ने अनुभवहीन USA के सामने सिर्फ 77 रन पर ही 6 विकेट गंवा दिए थे. कप्तान सूर्यकुमार यादव की 84 रन की नाबाद पारी के दम पर तब भारतीय टीम ने 160 रन का स्कोर खड़ा किया था और किसी तरह वो मैच जीता था. ऐसे में इस नामीबिया के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.
साथ ही नजरें अभिषेक शर्मा पर भी रहेंगी कि क्या वो इस मैच के लिए मैदान पर उतरेंगे या फिर उनकी जगह संजू सैमसन को पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिलेगा. अभिषेक को USA के खिलाफ मैच के दौरान अचानक मैदान से बाहर जाना पड़ा था क्योंकि उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. इसके बाद से ही वो बीमार थे और यहां तक कि दिल्ली में दो दिन तक अस्पताल में भी भर्ती रहे. जहां से एक दिन पहले ही उन्हें डिस्चार्ज किया गया था.
Published On – Feb 12,2026 6:11 PM IST