एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट से फ्लाइट्स स्टार्ट करने की कवायद शुरू कर दी। एयर फोर्स ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को हलवारा एयरबेस से फ्लाइट्स शुरू करने के लिए क्लीयरेंस दे दी है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की स्लॉट कोऑर्डिनेशन-एलोकेशन कमेटी ने भी एयर इंडिया को स्लॉट की परमिशन दे दी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अफसरों की मानें तो उड़ानें शुरू करने के लिए परमिशन से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं।
वहीं एयर इंडिया ने भी एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग में अपना दफ्तर सेटअप करने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से जगह मांग ली है। जानकारी के अनुसार एयर इंडिया के अधिकारियों ने एक दिन पहले हलवारा एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग का दौरा किया और दफ्तर की जगह फाइनल करके चले गए।
दिन में दो स्लॉट को मिली कमेटी से मंजूरी
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की स्लॉट कोऑर्डिनेशन-एलोकेशन कमेटी ने भी एयर इंडिया को पहले स्लॉट में सुबह सात बजे हलवारा में लैंडिंग और 7:40 बजे टेकऑफ करने की परमिशन दी है। जबकि दूसरे स्लॉट में दोपहर बाद 3 बजे लैंडिंग और 3:40 बजे टेकऑफ करने की परमिशन मिली है।
पहले फेज में दिल्ली के लिए शुरू होंगी दो फ्लाइट्स
शुरुआती फेज में रोजाना दो फ्लाइट लुधियाना से दिल्ली और दो फ्लाइट दिल्ली से लुधियाना आएंगी। इसके बाद देश के अन्य राज्यों के लिए फ्लाइट्स को मंजूरी दी जाएगी। जबकि, इंटरनेशलन फ्लाइट शुरू होने में करीब 2 साल और लग सकते हैं।
1 घंटा 20 मिनट में पहुंचेंगे दिल्ली
दिल्ली से लुधियाना के बीच 1 घंटा 20 मिनट का सफर रहेगा। इसके लिए 2800 से 3500 रुपए तक टिकट हो सकता है। हालांकि, अभी टिकट प्राइस तय नहीं हुए हैं। फ्लाइट पकड़ने के लिए कम से कम 2 घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंचना होगा।
1 फरवरी को प्रधानमंत्री ने किया था उद्घाटन
पंजाब में लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर मार्च 2026 से उड़ानें शुरू हो सकती हैं। 1 फरवरी)को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर के आदमपुर एयरपोर्ट से इसका वर्चुअली उद्घाटन किया।
एक मार्च से फ्लाइट शुरू होने पर संशय
उद्घाटन के मौके पर दावा किया गया था कि फ्लाइट्स एक मार्च से शुरू होंगी लेकिन एक मार्च से फ्लाइट्स शुरू होने पर संशय है। एयर इंडिया की तरफ से कुछ औपचारिकताएं की जानी हैं उसके बाद ही फ्लाइट्स शुरू होंगी। एयर इंडिया ने अभी टिकट की बुकिंग भी शुरू नहीं की। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इडिंया के अफसरों का कहना है कि फ्लाइट्स जल्दी से जल्दी शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फायदे…
पंजाब की इकोनॉमी को बूस्ट: लुधियाना ही नहीं, पूरे मालवा रीजन के व्यापार को फायदा होगा, जिससे पंजाब की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
बड़े विमानों की लैंडिंग संभव: लंबे रनवे के कारण एयरबस A-321 और बोइंग-737 जैसे कमर्शियल विमान उतर सकेंगे। ATR जैसे छोटे विमानों की सीमा खत्म होगी।
कोहरे में भी सुरक्षित उड़ान: CAT-II और ILS सिस्टम से लैस एयरपोर्ट, जिससे सर्दियों में घने कोहरे में भी टेकऑफ और लैंडिंग संभव।
लुधियाना इंडस्ट्री का विस्तार: होजरी, साइकिल और ऑटो-पार्ट्स उद्योग को सीधी फ्लाइट कनेक्टिविटी से कारोबार, प्रोडक्शन और रोजगार में बढ़ोतरी होगी।
कारोबारियों को सीधी सुविधा: विदेशी निवेशक और ग्राहक अब सीधे लुधियाना पहुंच सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय मीटिंग्स और निवेश बढ़ेगा।
कार्गो सेवाओं की योजना: दूसरे चरण में कार्गो फ्लाइट्स शुरू होंगी, जिससे लुधियाना के उत्पाद सीधे विदेश एक्सपोर्ट हो सकेंगे।
समय और खर्च की बचत: दिल्ली/चंडीगढ़ जाने की जरूरत कम होगी। टैक्सी खर्च, ट्रैफिक और प्रदूषण में कमी आएगी।
मालवा जिलों को सीधा लाभ: मोगा, बरनाला, बठिंडा, फिरोजपुर समेत आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.