'सोनिया गांधी 2014 में मुझे बनाने वालीं थीं CM, लेकिन राहुल गांधी…', हिमंता बिस्वा सरमा का दावा – AajTak

Feedback
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को दावा किया कि 2014 में जब कांग्रेस के 58 विधायकों ने उनका समर्थन किया था, तब उस समय की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ की तारीख तय करने के लिए कहा था. लेकिन राहुल गांधी के फोन आने के बाद से सब कुछ बदल गया. उन्होंने यह बात राज्य विधानसभा में कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से कही.
उन्होंने कहा, ‘मैडम (सोनिया गांधी), जिन्हें मैं आज भी मैडम कहता हूं, ने मुझसे तारीख तय करने को कहा था. मैंने उनसे कहा था कि मैं जून 2014 में कामाख्या मंदिर में अंबुबाची मेले के अगले दिन शपथ लूंगा.’ लेकिन हालात तब बदल गए जब राहुल गांधी अमेरिका में थे, और उन्होंने पार्टी नेताओं को फोन किए. इसके बाद सब कुछ बदल गया.
2011 के विधानसभा चुनाव के बाद असम कांग्रेस में असंतोष
सरमा ने बताया कि 2011 के विधानसभा चुनाव के बाद असम कांग्रेस में अंदरूनी असंतोष था. कुछ विधायक चाहते थे कि तत्कालीन मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की जगह उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाए. हालांकि, 2015 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन कर ली और पार्टी को पहली बार असम में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
भाजपा की तारीफ की
सरमा ने कहा कि उस समय उन्हें दुख हुआ था, लेकिन अब उन्हें लगता है कि जो भी होता है, अच्छे के लिए होता है. उन्होंने कहा कि अगर वे कांग्रेस में रहते तो शायद इतना नहीं कर पाते. बीजेपी के मुख्यमंत्री के रूप में उन्हें असम और सनातन धर्म की सेवा करने का मौका मिला, जिसके लिए उन्होंने राहुल गांधी को धन्यवाद दिया.
58 कांग्रेस विधायक उनके समर्थन में थे
उन्होंने कहा कि अगर वे कभी किताब लिखेंगे तो इन घटनाओं का विस्तार से जिक्र करेंगे. सरमा का दावा है कि जब मल्लिकार्जुन खड़गे असम आए थे, तब 58 कांग्रेस विधायक उनके समर्थन में थे, कुछ नेता तटस्थ थे और केवल 12 विधायक यथास्थिति बनाए रखने के पक्ष में थे.
उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय नहीं मिला, लेकिन खड़गे उनके विरोधियों से कहते थे कि ‘आप हिमंता से लड़िए, लेकिन विधायक उनके साथ हैं.’ सरमा ने कहा कि ये तथ्य हैं और इसके कई गवाह हैं, लेकिन वे खुश हैं कि ऐसा नहीं हुआ, वरना वे हमेशा के लिए दागदार हो जाते.
गौरव गोगोई के पाकिस्तानी संबंधों के आरोप पर क्या कहा?
राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई पर पाकिस्तानी संबंधों के आरोप का जिक्र करते हुए सरमा ने कहा कि राज्य की जनता के साथ-साथ कांग्रेस के लोग भी इसे स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं. जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, और नेता खुलकर सामने आएंगे.
सरमा ने कहा कि उन्होंने 2012 में ही कह दिया था कि वे ‘पैराशूट से उतरने वाले’ नेताओं के सामने झुकेंगे नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्रियों को गौरव गोगोई की बैठकों में शामिल होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था. उनका कहना था कि वे संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए वे वहां नहीं जाएंगे, बल्कि गोगोई उनके कार्यक्रम में आ सकते हैं. इससे पार्टी के कुछ नेता नाराज हो गए.
2015 में दिया था इस्तीफा
उन्होंने कहा कि लोग उनके इस्तीफे की असली वजह नहीं जानते, लेकिन एक दिन सबको पता चल जाएगा. सरमा ने 2014 में तरुण गोगोई की कैबिनेट से और 2015 में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था.
कांग्रेस का माहौल खराब बताया
सरमा ने कहा कि कांग्रेस का माहौल ऐसा है कि साधारण परिवारों से आने वाले लोगों के लिए टिक पाना मुश्किल है. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने भी लंबे समय तक संघर्ष किया, लेकिन आखिरकार सोमवार को उन्हें इस्तीफा देना पड़ा. हालांकि पार्टी हाईकमान ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और उन्हें दोबारा विचार करने का समय दिया.
सरमा ने कहा कि वे मंगलवार शाम करीब 7 बजे कार्बी आंगलोंग से लौटने के बाद भूपेन बोरा के घर जाएंगे. बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले वे उनसे बात करेंगे, फिर मीडिया को जानकारी देंगे. इससे पहले सरमा ने कहा था कि बीजेपी के दरवाजे बोरा के लिए खुले हैं और वे उन्हें विधानसभा चुनाव में सुरक्षित सीट से जिताने में मदद करेंगे.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News